2026 Mercedes-Maybach S-Class: अंदर से महल, बाहर से शान की शाही सवारी

नई दिल्ली: Mercedes-Benz की लग्जरी कारों की दुनिया में कंपनी ने नई 2026 Mercedes-Maybach S-Class से पर्दा हटा दिया है। अब इस अल्ट्रा-लक्जरी सेडान में V12 इंजन को लगभग खत्म कर दिया गया है। इसकी जगह दमदार V8 इंजन लाइनअप दिया गया है।

नई Maybach S-Class, फेसलिफ्टेड S-Class पर बेस्ड है। इसमें पहले से 20% बड़ा ग्रिल दिया गया है, जो अब पूरी तरह इल्यूमिनेटेड (लाइट वाला) है। आगे की तरफ चमकता हुआ Mercedes लोगो, बोनट पर क्रोम फिन और हेडलाइट्स में स्टार-शेप DRLs इसे और प्रीमियम बनाते हैं। कार की लंबाई करीब 5484mm है। इसमें 180mm ज्यादा स्पेस दिया गया है, जिससे पीछे बैठने वालों को जबरदस्त कम्फर्ट मिलता है। C-पिलर पर भी रोशनी वाला Maybach लोगो दिया गया है।

इस लग्जरी कार में 20-इंच क्रोम अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जबकि 21-इंच गोल्ड फिनिश व्हील्स का ऑप्शन भी दिया गया है। कंपनी ने नए Nautic Blue Metallic जैसे प्रीमियम कलर और ड्यूल-टोन पेंट के साथ शानदार कस्टमाइजेशन ऑप्शन भी पेश किए हैं।
अंदर बैठते ही यह कार पूरी तरह लग्जरी का अहसास कराती है। इसमें नया Superscreen सेटअप दिया गया है, जिसमें 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 14.4-इंच बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच पैसेंजर स्क्रीन शामिल है। कार का MBUX सिस्टम अब ChatGPT, Bing और Gemini जैसे AI फीचर्स से लैस है, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और स्मार्ट हो गया है।

पीछे की सीट्स में हमेशा की तरह रॉयल कम्फर्ट मिलता है—2-सीटर लेआउट, सेंटर कंसोल, शैंपेन ग्लास होल्डर, वायरलेस चार्जिंग और ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। अब कंपनी पहली बार लेदर-फ्री इंटीरियर का ऑप्शन भी दे रही है। Maybach S-Class में V12 इंजन को लगभग हटाकर V8 इंजन पर फोकस किया गया है। S 680 और S 580 दोनों में 4.0-लीटर V8 इंजन मिलता है। यह कार सिर्फ 4 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा है। वहीं, S 580 वर्जन भी V8 इंजन के साथ आता है, जबकि S 580e में V6 प्लग-इन हाइब्रिड इंजन दिया गया है, जो करीब 100 किमी तक केवल इलेक्ट्रिक मोड में चल सकता है। पुराने मॉडल की कीमत ₹2.74 करोड़ (S 580) से लेकर ₹3.67 करोड़ (S 680) तक है, लेकिन नए फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत इससे ज्यादा रहने की उम्मीद है।