Royal Enfield ने नई Bullet 650 का पर्दा उठाया

गोवा/नई दिल्ली: गोवा के Motoverse 2025 में जैसे ही Royal Enfield ने नई Bullet 650 का पर्दा उठाया, देखने वालों को तुरंत एहसास हो गया कि यह सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि बुलेट की 90 साल पुरानी विरासत का नया अध्याय है। वो बुलेट जिसे लोग ठक-ठक की आवाज, क्लासिक बॉडी और भारी-भरकम रुतबे की वजह से पहचानते हैं, अब पहली बार ट्विन-सिलेंडर की ताकत के साथ सामने आई है। इसका रूप वही पुराना, दिल को लुभाने वाला है।

Bullet 650 का सबसे बड़ा आकर्षण इसका 648cc ट्विन-सिलेंडर इंजन है। 47 bhp की पावर और 52.3 Nm का टॉर्क इसे हाईवे पर बिल्कुल अलग ही आत्मविश्वास देता है; ऐसा महसूस होता है जैसे बाइक सिर्फ चल नहीं रही, बल्कि हर गियर में आपका साथ निभाते हुए और गति पकड़ने के लिए तैयार खड़ी है। 6-स्पीड गियरबॉक्स से लंबी यात्राएं अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और मजेदार लगेंगी।

इसका फ्रेम Royal Enfield फिलॉसफी पर बना है। स्टील ट्यूबलर स्पाइन फ्रेम टूटी-फूटी सड़कों और पहाड़ी रास्तों पर भी बाइक को स्थिर रखता है। 43mm के फ्रंट फोर्क और पीछे के ड्यूल शॉक्स, 120mm और 90mm का सस्पेंशन ट्रैवल देते हैं, जिससे झटके कम महसूस होते हैं और राइड आरामदायक बनी रहती है। 19-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर व्हील्स का कॉम्बो बाइक को सड़क पर चलते हुए शानदार बनाता है जबकि चौड़े टायर बेहतर ग्रिप और बैलेंस का भरोसा जगाते हैं।

राइडिंग कम्फर्ट तो हमेशा से ही बुलेट की पहचान रहा है। 800mm सीट हाइट और चौड़े हैंडल आपको तुरंत “घरेलू” फील देते हैं। 243 किलो का वजन शुरुआत में भारी लग सकता है, पर हाइवे पर यही वजन इसे स्थिर बनाता है। तेज हवा हो या बड़े ट्रक पास से निकल जाएं, बाइक हिलती नहीं, बल्कि जमी रहती है। 14.8 लीटर का बड़ा टैंक अब और लंबी यात्राओं का न्योता देता है, जिससे यात्रा बीच में बार-बार रुककर पेट्रोल भरवाने की झंझट कम हो जाती है।

Royal Enfield ने यहाँ क्लासिक लुक से समझौता किए बिना आज के राइडर्स की जरूरत को भी पूरा किया है। Royal Enfield के जनवरी 2026 में बाजार में आने की उम्मीद है। कुल मिलाकर Bullet 650 उस राइडर के लिए बनाई गई है जो पुराने दौर की आत्मा क साथ आज की तकनीक को एक साथ जीना चाहता है। यह बाइक इतिहास को सलाम करते हुए भविष्य की तरफ मजबूती से बढ़ता हुआ कदम है।