मुंबई: Mahindra & Mahindra Ltd. के ट्रक और बस कारोबार में नवंबर 2025 के दौरान जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कंपनी के मुताबिक 3.5 टन से ज्यादा भार क्षमता वाले कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में इस महीने कुल 2,232 गाड़ियों की बिक्री हुई, जो पिछले साल नवंबर के मुकाबले 57 प्रतिशत अधिक है। नवंबर 2024 में यही आंकड़ा 1,420 यूनिट था।
Mahindra का ट्रक–बस बिजनेस दो हिस्सों में चलता है—Mahindra Trucks & Buses डिवीजन और SML Mahindra Limited। दोनों ने इस बढ़त में अहम भूमिका निभाई है। नवंबर 2025 में कार्गो व्हीकल की बिक्री 1,284 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 868 थी। 48 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। बस और दूसरे पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में बिक्री 948 यूनिट तक पहुंच गई। इसमें 72 फीसदी की वृद्धि हुई। 2025-26 के नवंबर तक महिंद्रा ने कुल 18,854 ट्रक और बस बेचीं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 17,087 थी। अब तक सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की जा चुकी है। कार्गो सेगमेंट में सालाना बिक्री 8,039 से बढ़कर 9,423 यूनिट पर पहुंच गई। पैसेंजर व्हीकल 9,048 से बढ़कर 9,431 यूनिट हो गए ।
Mahindra Trucks & Buses डिवीजन (MTBD) ने नवंबर 2025 में 1,145 गाड़ियों की बिक्री की, जो पिछले साल से 30 प्रतिशत ज्यादा है। MTBD के कार्गो व्हीकल 633 से बढ़कर 855 यूनिट हो गए, यानी 35 प्रतिशत की ग्रोथ हुई, जबकि पैसेंजर व्हीकल 248 से बढ़कर 290 यूनिट तक पहुंचे । चालू वित्त वर्ष में अब तक MTBD ने 8,563 गाड़ियां बेची हैं।
दूसरी ओर, SML Mahindra Limited (SML) की बिक्री नवंबर 2025 में 1,087 यूनिट पर पहुंच गई, यानी 102 प्रतिशत की वृद्धि हुई। SML के कार्गो वाहन 235 से बढ़कर 429 यूनिट हो गए, जो 83 प्रतिशत की बढ़त है, जबकि पैसेंजर सेगमेंट में बिक्री 304 से बढ़कर 658 यूनिट पर पहुंची। 116 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई। चालू वित्त वर्ष में अब तक SML की कुल बिक्री 8,967 से बढ़कर 10,291 यूनिट हो गई है, जो 15 प्रतिशत की ग्रोथ दिखाती है। SML के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और महिंद्रा के प्रेसिडेंट Vinod Sahay ने कहा कि नवंबर में कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री में मजबूत रिकवरी देखने को मिली है।
