New Kia Seltos इंडिया में 10.99 लाख रुपये में लॉन्च, 21,000 में कराएं बुकिंग

नई दिल्ली: Kia India ने इंडियन मार्केट में नई जनरेशन Kia Seltos को लॉन्च कर दिया है। इस पॉपुलर मिड-साइज SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹10.99 लाख रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत ₹19.99 लाख तक जाती है। नई Seltos की बुकिंग शुरू हो चुकी है और ग्राहक इसे ₹21,000 की टोकन अमाउंट पर बुक कर सकते हैं।

सेकंड जेनरेशन की Kia Seltos अब पहले से आकार में बड़ी हो गई है। कार के अंदर ज्यादा जगह और बाहर ज्यादा दमदार रोड प्रेजेंस मिलेगी। इसकी लंबाई 4,460mm है, जिससे कार पहले से लंबी दिखती है। चौड़ाई 1,830mm होने से केबिन ज्यादा चौड़ा हो गया है और कंधों के लिए ज्यादा स्पेस मिलता है। आगे और पीछे बैठने वालों के लिए पैर फैलाने की ज्यादा जगह रहेगी।

नई Seltos में Kia की नई ग्लोबल डिजाइन लैंग्वेज दी गई है। इसका लुक अब इंटरनेशनल मॉडल्स जैसा प्रीमियम हो गया है। आगे की तरफ चौड़ी डार्क क्रोम ग्रिल दी गई है। इसमें दिन में जलने वाली लाइट्स हेडलैंप से अलग दी गई हैं। जब आप कार के पास जाते हैं तो डायनैमिक वेलकम लाइटिंग अपने आप ऑन हो जाती है। यह SUV कुल 10 मोनोटोन कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है, जिनमें Morning Haze और Magma Red जैसे नए और आकर्षक रंग खास तौर पर ध्यान खींचते हैं।

SUV में 30-इंच का बड़ा पैनोरमिक स्क्रीन पैनल दिया गया है। म्यूजिक के शौकीनों के लिए इसमें Bose का 8-स्पीकर साउंड सिस्टम दिया गया है। फोन कनेक्ट करने के लिए आपको केबल लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay मिलता है। मोबाइल अपने आप स्क्रीन से कनेक्ट हो जाएगा। चाबी जेब में हो तो भी गाड़ी पास आते ही अपने आप अनलॉक हो जाएगी।

नई Kia Seltos में 24 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। SUV में Level-2 ADAS टेक्नोलॉजी दी गई है, जिसमें 21 ऑटोनॉमस सेफ्टी फंक्शंस मौजूद हैं। Kia ने नई Seltos में तीन पावरट्रेन दिए हैं। इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल हैं। कीमतें पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट में ₹10.99 लाख से शुरू होकर, टर्बो पेट्रोल DCT और टॉप वेरिएंट में ₹19.99 लाख तक जाती हैं, जबकि डीजल वेरिएंट्स की कीमत ₹12.59 लाख से शुरू होती है।