दिसंबर 2025 में Maruti की मिनी कारों ने पकड़ी रफ्तार, Alto और S-Presso की बिक्री दोगुनी

नई दिल्ली: जिस छोटे कार सेगमेंट को महंगाई और SUV ट्रेंड के दौर में लगभग हाशिए पर मान लिया गया था, उसी सेगमेंट ने 2025 के आखिर में ज़बरदस्त वापसी कर सबको चौंका दिया। Maruti Alto K10 और S-Presso जैसी एंट्री-लेवल कारों की बिक्री दिसंबर 2025 में 92 फीसदी उछल गई।

Maruti Suzuki ने साल की आखिरी तिमाही में 22 फीसदी की दमदार ग्रोथ दर्ज की। यह उछाल ऐसे वक्त आया, जब 2025 के पहले नौ महीनों में कंपनी की बिक्री 3 फीसदी तक फिसल चुकी थी। इस अचानक बदले माहौल के पीछे सबसे बड़ा कारण बना सितंबर 2025 से लागू हुआ GST 2.0, जिसने छोटी कारों की कीमतें घटाईं और आम आदमी की पहुंच फिर से कार शोरूम तक पहुंचा दी। जहां मिनी सेगमेंट (Alto K10 और S-Presso) की हिस्सेदारी दिसंबर में बढ़कर 6.2 फीसदी हो गई, वहीं Maruti ने पूरे साल में 18.06 लाख यूनिट बेचकर भारत में अपना अब तक का सबसे बड़ा बिक्री रिकॉर्ड भी बना लिया।

दिसंबर 2025 में Maruti के मिनी सेगमेंट (Alto K10 और S-Presso) की बिक्री 14,225 यूनिट रही, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा सिर्फ 7,418 यूनिट था। जैसे ही कीमतें काबू में आईं, छोटे कार खरीदार बाजार में लौट आए। कंपनी के मुताबिक, इस सेगमेंट की डिमांड इतनी तेज है कि आज भी डेढ़ महीने से ज्यादा की वेटिंग बनी हुई है। सिर्फ मिनी कारें ही नहीं, बल्कि Baleno, Dzire, Wagon R और Swift जैसी कॉम्पैक्ट कारों ने भी बिक्री को रफ्तार दी। Dzire 2025 की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी, जबकि दिसंबर में Baleno ने 22,108 यूनिट के साथ Maruti की बेस्टसेलर का ताज पहना।

Maruti Suzuki के सीनियर एग्जीक्यूटिव पार्थो बनर्जी ने कहा कि GST के बाद बाजार में साफ फर्क दिख रहा है। छोटे शहरों और कस्बों में पहली बार कार खरीदने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। छोटे कार सेगमेंट में फर्स्ट-टाइम बायर्स की हिस्सेदारी करीब 5% बढ़ी है, जो इस रिकवरी को मजबूत आधार देती है। साल के अंत तक Maruti ने 18,06,514 यूनिट की बिक्री के साथ भारत में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन साल दर्ज किया, जो 2024 से 3% ज्यादा है। भले ही SUVs और MPVs अभी भी कुल बिक्री का बड़ा हिस्सा हैं, लेकिन 2025 के आखिरी महीनों ने यह साफ कर दिया कि 2025 ने यह साबित कर दिया कि छोटे कार सेगमेंट की मांग खत्म नहीं हुई थी, बस महंगाई ने थोड़ी देर के लिए उस पर ब्रेक लगाया था।