इंडिया का अपना प्राइवेट 5G प्लेटफॉर्म लॉन्च, IOS-MCN ने दिखाई ताकत

नई दिल्ली: इंडिया में अब कंपनियां और संस्थान मोबाइल कंपनियों पर निर्भर हुए बिना अपना खुद का 5G नेटवर्क बना सकेंगे। Indian Open Source for Mobile Communication Networks (IOS-MCN) कंसोर्टियम ने अपना नया ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘Agartala 0.4.0’ लॉन्च किया है, जिससे फैक्ट्रियां, कॉलेज, रिसर्च सेंटर और स्टार्टअप तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद 5G कनेक्टिविटी खुद चला पाएंगे। यह प्लेटफॉर्म Wi-Fi से ज्यादा पावरफुल और पब्लिक 5G से ज्यादा कंट्रोल वाला नेटवर्क देता है, वो भी कम खर्च में, जिससे इंडस्ट्री और संस्थानों का डिजिटल कामकाज और तेज व सुरक्षित हो जाएगा।

यह प्लेटफॉर्म खास तौर पर फैक्ट्रियों, कैंपस, रिसर्च संस्थानों, स्टार्टअप्स और इंडस्ट्रियल जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका मकसद Wi-Fi या पब्लिक मोबाइल नेटवर्क की तुलना में तेज, ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित कनेक्टिविटी कम लागत पर उपलब्ध कराना है।

IOS-MCN को IISc बेंगलुरु, IIT दिल्ली और C-DAC के नेतृत्व में विकसित किया गया है, जिसे केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) से फंडिंग मिल रही है। ‘अगरतला’ नाम भारतीय शहरों पर आधारित नामकरण परंपरा को दर्शाता है और यह प्लेटफॉर्म का चौथा ओपन-सोर्स वर्जन है, जो अब पायलट डिप्लॉयमेंट के लिए पूरी तरह तैयार माना जा रहा है। तकनीकी तौर पर यह प्लेटफॉर्म काफी मजबूत है। टेस्टिंग में इसकी एंड-टू-एंड लेटेंसी 10 मिलीसेकंड से कम और 600 Mbps तक की डाउनलोड स्पीड दर्ज की गई है। इससे यह इंडस्ट्री ट्रायल और एंटरप्राइज यूज के लिए उपयुक्त बनता है।

FSID (Foundation for Science, Innovation and Development) के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म रिसर्च से निकलकर अब रीयल-वर्ल्ड डिप्लॉयमेंट की दिशा में बढ़ चुका है। साल 2026 की दूसरी छमाही से इसके पायलट प्रोजेक्ट्स शुरू होने की योजना है।
कई भारतीय कंपनियों ने इस प्लेटफॉर्म पर पायलट प्रोजेक्ट्स का प्रस्ताव दिया है। Niral Networks गांवों के लिए Intelligent Village पायलट चलाएगी। Coral Telecom भारतीय रेलवे और आपदा प्रबंधन के लिए प्राइवेट 5G नेटवर्क तैयार करेगी।

Techphosis डिफेंस के लिए Network-in-a-Box सॉल्यूशन पर काम करेगी। Mashmari हरियाणा की आंगनवाड़ियों में रिमोट लर्निंग कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। W4S ड्रोन और एरियल प्लेटफॉर्म के लिए लो-लेटेंसी 5G नेटवर्क विकसित करेगी।
Agartala 0.4.0 अब GitHub पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है, जो भारत की ओपन-सोर्स और आत्मनिर्भर टेलीकॉम यात्रा को और मजबूत करता है।