नई दिल्ली/चेन्नई: फ्रांस की कार कंपनी Renault ने इंडिया में अपनी आइकॉनिक SUV Renault Duster को नए अवतार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह कार रेनो के “International Game Plan 2027” के तहत भारत में नए ग्रोथ फेज की शुरुआत है। नई Renault Duster को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक बड़े इवेंट में पेश किया गया, जिसमें 15,000 से ज्यादा लोग शामिल हुए। कीमतों का ऐलान मार्च 2026 में होगा। डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी। हाइब्रिड वर्जन की डिलिवरी दिवाली 2026 से होगी।
नई Renault Duster में तीन इंजन विकल्प

नई Renault Duster में तीन इंजन विकल्प दिए गए हैं, ताकि हर तरह के ग्राहक की जरूरत पूरी हो सके। इसमें Turbo TCe 160 पेट्रोल इंजन सबसे ताकतवर विकल्प है, जो 163 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन तेज रफ्तार, हाइवे ड्राइव और ओवरटेकिंग के लिए बेहतरीन है। Turbo TCe 100 पेट्रोल इंजन एक किफायती और एंट्री-लेवल विकल्प है, जो कम कीमत और बेहतर माइलेज के साथ रोज़मर्रा के शहर के इस्तेमाल के लिए अच्छा माना जाता है।
वहीं Strong Hybrid E-Tech 160 इंजन है, जिसमें 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 1.4 kWh की बैटरी दी गई है। यह हाइब्रिड सिस्टम पेट्रोल और बिजली दोनों से कार को चलाता है। कंपनी का दावा है कि यह वर्जन शहर में करीब 80% तक इलेक्ट्रिक मोड में चल सकता है। ट्रैफिक और धीमी स्पीड पर कार ज्यादातर बैटरी से चलेगी और पेट्रोल कम जलेगा। इससे माइलेज काफी बेहतर होगा और प्रदूषण भी कम होगा।
पहली बार Google-इनबिल्ट सिस्टम

नई Renault Duster भारत की पहली मास-मार्केट SUV में से एक होगी जिसमें Google Built-in सिस्टम मिलेगा। कार खुद एक स्मार्ट डिवाइस की तरह काम करेगी। इसमें पहले से Google Maps मिलेगा, जिससे आपको रास्ता देखने के लिए मोबाइल लगाने की जरूरत नहीं होगी। Google Assistant से आप आवाज़ से ही नेविगेशन, म्यूजिक, कॉल और कई कार फीचर्स कंट्रोल कर सकेंगे।
इसके अलावा Play Store से आप सीधे कार में ऐप्स डाउनलोड कर पाएंगे, जैसे म्यूजिक स्ट्रीमिंग या दूसरे उपयोगी ऐप्स। Duster में 60 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स भी होंगे, जिनसे कार की लोकेशन, लॉक-अनलॉक, सर्विस अलर्ट, ड्राइविंग डेटा और कई स्मार्ट सुविधाएं मोबाइल ऐप से भी कंट्रोल की जा सकेंगी।
5-Star सेफ्टी और Made for India प्लेटफॉर्म

नई Duster को Renault Group Modular Platform (RGMP) पर बनाया गया है, जिसमें करीब 90% पार्ट्स भारत के लिए खास डिजाइन किए गए हैं। यह प्लेटफॉर्म 5-स्टार सेफ्टी स्टैंडर्ड के लिए तैयार किया गया है। इसे extreme मौसम और ऊंचाई पर टेस्ट किया गया है।
डिजाइन और फीचर्स
नई Renault Duster को कंपनी ने रग्ड यानी मजबूत और मॉडर्न यानी फ्यूचरिस्टिक SUV लुक दिया है, ताकि यह शहर और ऑफ-रोड दोनों जगह दमदार लगे। इसमें 212 mm ग्राउंड क्लीयरेंस दी गई है। खराब सड़क, गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी कार नीचे नहीं टकराएगी। 18-इंच बड़े अलॉय व्हील्स कार को मस्कुलर और प्रीमियम लुक देते हैं। आगे LED हेडलैंप और पीछे LED लाइट बार दी गई है, जिससे रात में विज़िबिलिटी बेहतर होती है और कार ज्यादा स्टाइलिश दिखती है।

कार में Panoramic सनरूफ दी गई है। बड़ी कांच की छत जिससे केबिन खुला और लग्ज़री महसूस होता है। वेंटिलेटेड सीट्स गर्मी में सीट को ठंडा रखती हैं, जिससे लंबी ड्राइव में आराम मिलता है। ड्यूल-जोन AC से ड्राइवर और पैसेंजर अपनी अलग-अलग तापमान सेटिंग कर सकते हैं। डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले से स्पीड, नेविगेशन और कार की सारी जानकारी स्क्रीन पर दिखेगी। इंटीरियर को फाइटर-जेट स्टाइल ड्राइवर-सेंट्रिक बनाया गया है।
Renault ने “Renault Forever” प्रोग्राम के तहत 7 साल या 1.5 लाख किलोमीटर की वारंटी देने का ऐलान किया है। ग्राहक ₹21,000 में R Pass लेकर प्री-बुकिंग कर सकते हैं, जिसमें स्पेशल कीमत और प्रायोरिटी डिलीवरी मिलेगी।
