AI से बदलेगा कारोबार, Samsung का फ्यूचर बिज़नेस सेंटर गुरुग्राम में लॉन्च

गुरुग्राम: देश की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Samsung ने गुरुग्राम में अपना नया बिज़नेस एक्सपीरियंस स्टूडियो (BES) लॉन्च कर दिया है। गुरुग्राम में कंपनी का यह स्टूडियो टू होराइजन सेंटर, गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर-43, गुरुग्राम में स्थित है।

यह अल्ट्रा मॉडर्न और फ्यूचर टेक्नोलॉजी का खास सेंटर है, जहां बड़ी कंपनियां, बिज़नेस लीडर्स, उद्योगों के फैसले लेने वाले लोग आकर नई AI और स्मार्ट टेक्नोलॉजी को लाइव देखकर समझ सकते हैं। यह कोई आम शोरूम नहीं, बल्कि भविष्य के स्मार्ट ऑफिस, बैंक, स्कूल, अस्पताल और घर की टेक्नोलॉजी दिखाने वाला डेमो सेंटर है। Samsung के फ्यूचर टेक्नोलॉजी सेंटर में कंपनियां AI और स्मार्ट सिस्टम को रियल में देखकर सीख सकती हैं।

करीब 6,700 स्क्वायर फीट में फैला यह स्टूडियो शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, रिटेल, होटल और स्टार्टअप सेक्टर के लिए तैयार की गई नई डिजिटल और स्मार्ट टेक्नोलॉजी का लाइव डेमो देता है। यहां दिखाया गया है कि कैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कनेक्टेड डिवाइस और सिक्योर प्लेटफॉर्म्स की मदद से कंपनियां तेजी से डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कर सकती हैं।

Samsung के प्रेसिडेंट और सीईओ जेबी पार्क ने कहा कि भविष्य का बिज़नेस AI और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से जुड़े अनुभवों से बनेगा। यह स्टूडियो कंपनियों को दिखाएगा कि स्मार्ट क्लासरूम, ऑटोमेटेड होटल, डिजिटल बैंकिंग और AI आधारित हेल्थकेयर कैसे काम करते हैं। स्टूडियो को तीन बड़े ज़ोन में बांटा गया है।

पहले ज़ोन में Samsung ने दिखाया है कि स्कूल, अस्पताल, बैंक और दुकानों में AI टेक्नोलॉजी कैसे काम करेगी—जैसे स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल विज्ञापन वाली स्क्रीन, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सिस्टम और मेडिकल इमेजिंग व डॉक्युमेंटेशन के स्मार्ट टूल्स। दूसरे ज़ोन में बताया गया है कि ऑफिस और होटल कैसे पूरी तरह स्मार्ट बन सकते हैं, जहां मीटिंग रूम AI स्क्रीन से चलेंगे। होटल में डिजिटल चेक-इन होगा। AC अपने आप मौसम के हिसाब से एडजस्ट होगा और ‘The Wall’ जैसी बड़ी हाई-रिज़ॉल्यूशन स्क्रीन कंट्रोल रूम और कंपनियों में इस्तेमाल होगी।

तीसरे ज़ोन में भविष्य के स्मार्ट घर और मनोरंजन की झलक दिखाई गई है, जिसमें AI से चलने वाला बेडरूम, किचन, लिविंग रूम, स्मार्ट टीवी, गेमिंग और होम थिएटर सिस्टम शामिल हैं। आने वाले समय में कामकाज, बिज़नेस और घर—सब कुछ AI और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से पूरी तरह डिजिटल और ऑटोमैटिक हो जाएगा।