नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक बाइक की दुनिया में 2026 की शुरुआत एक ऐतिहासिक मोड़ लेकर आई है। CES 2026 के मंच से फिनलैंड की कंपनी Verge Motorcycles ने अपनी नई Verge TS Pro को पेश कर दिया है, जिसे दुनिया की पहली प्रोडक्शन-रेडी सॉलिड-स्टेट बैटरी इलेक्ट्रिक बाइक बताया जा रहा है। जहां बाकी कंपनियां अभी इस तकनीक को कॉन्सेप्ट तक सीमित रखे हुए हैं, वहीं Verge सीधे इसे सड़क पर उतारने की तैयारी में है। यह वही बैटरी टेक्नोलॉजी है जिसे सालों से “भविष्य की बैटरी” कहा जा रहा था।
पारंपरिक लिथियम-आयन बैटरी में जहां लिक्विड या जेल इलेक्ट्रोलाइट होता है, वहीं सॉलिड-स्टेट बैटरी में ठोस माध्यम इस्तेमाल किया जाता है। आग लगने का खतरा बेहद कम हो जाता है, खासकर एक्सीडेंट की स्थिति में। Verge की इस बाइक को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेफ्टी के लिहाज से गेमचेंजर माना जा रहा है।
Verge TS Pro में CCS2 फास्ट-चार्जिंग दी गई है। कंपनी का दावा है कि सही फास्ट चार्जर मिलने पर यह बाइक सिर्फ 10 मिनट में 80% तक चार्ज हो सकती है। बैटरी के दो ऑप्शन मिलेंगे। 20.2 kWh बैटरी की रेंज करीब 350 किमी तक चलती है। 33.3 kWh बैटरी से एक बार चार्ज में यह ई-बाइक 600 किमी तक चल सकती है Verge पहले से ही अपने हबलैस इन-व्हील मोटर के लिए मशहूर है, और TS Pro में इसका नया और ज्यादा दमदार वर्जन दिया गया है। इसमें पहिए के अंदर लगे इलेक्ट्रोमैग्नेट और रिम पर मौजूद परमानेंट मैग्नेट मिलकर बाइक को घुमाते हैं—बिना किसी पारंपरिक एक्सल के।
परफॉर्मेंस के मामले में भी TS Pro किसी सुपरबाइक से कम नहीं है। यह इलेक्ट्रिक बाइक 102kW (करीब 138.6 hp) की पावर और हैरान कर देने वाला 1,000 Nm टॉर्क पैदा करती है। यह बाइक 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 3.5 सेकंड में पकड़ सकती है। हालांकि इसका वजन करीब 235 किलोग्राम है।Verge TS Pro सिर्फ एक नई बाइक नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के भविष्य की झलक है—जहां ज्यादा सेफ्टी, लंबी रेंज, सुपरफास्ट चार्जिंग और जबरदस्त परफॉर्मेंस एक साथ मिलते हैं।
