स्टडी और वर्क फ्रॉम होम के लिए परफेक्ट BenQ GW90TC मॉनिटर लॉन्च, कीमत 9,589 रुपये से शुरू

नई दिल्ली: BenQ ने इंडिया में अपनी नई GW90TC USB-C मॉनिटर सीरीज लॉन्च की है, जिसकी कीमत ₹9,589 से शुरू होकर ₹14,990 तक जाती है। इसमें सिंगल-केबल कनेक्टिविटी के साथ 144Hz फुल HD डिस्प्ले मिलता है। यह सीरीज खासतौर पर हाइब्रिड वर्क, ऑनलाइन पढ़ाई और लैपटॉप-टैबलेट जैसे अलग-अलग डिवाइस के साथ काम करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस लाइनअप में दो मॉडल शामिल हैं—GW2490TC और GW2790TC। दोनों फुल HD मॉनिटर हैं और 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आते हैं, जिससे स्क्रीन पर मूवमेंट स्मूद नजर आता है।

इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत USB-C कनेक्टिविटी है। एक ही केबल से मॉनिटर को लैपटॉप से कनेक्ट किया जा सकता है, स्क्रीन डिस्प्ले हो जाएगी, डेटा ट्रांसफर होगा और डिवाइस चार्ज भी होगी। मॉनिटर 20W पावर डिलीवरी सपोर्ट करता है, जिससे काम करते समय लैपटॉप की बैटरी खत्म होने की चिंता कम हो जाती है। इससे डेस्क पर केबल का झंझट भी कम होता है और सेटअप साफ-सुथरा रहता है।

IPS पैनल होने से स्क्रीन के रंग साफ, नेचुरल और हर एंगल से लगभग एक जैसे दिखाई देते हैं। अगर आप साइड से भी मॉनिटर देखें तो कलर फीके नहीं पड़ते। 5ms रिस्पॉन्स टाइम से स्क्रीन बहुत तेजी से रिएक्ट करती है, जिससे मूविंग इमेज में धुंधलापन कम होता है।AMD FreeSync टेक्नोलॉजी स्क्रीन और ग्राफिक्स के बीच तालमेल बनाकर रखती है, जिससे वीडियो देखते समय या हल्की गेमिंग/एंटरटेनमेंट के दौरान स्क्रीन अटकती नहीं और स्मूद चलती है।

Flicker-Free फीचर स्क्रीन की हल्की झिलमिलाहट को कम करता है, जो अक्सर आंखों की थकान का कारण बनती है। Low Blue Light नीली रोशनी को कम करता है, जिससे आंखों पर कम दबाव पड़ता है और सिरदर्द या जलन की समस्या कम हो सकती है। Visual Optimizer स्क्रीन की ब्राइटनेस और कॉन्ट्रास्ट को माहौल के हिसाब से एडजस्ट करने में मदद करता है। यह मॉनिटर लंबे समय तक काम करने, पढ़ाई करने या वीडियो देखने के दौरान आंखों को कम थकाने और स्क्रीन को ज्यादा स्मूद व आरामदायक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

यूजर अपनी जरूरत के मुताबिक स्क्रीन को ऊपर-नीचे कर सकता है, आगे-पीछे झुका सकता है, दाएं-बाएं घुमा सकता है और चाहें तो उसे सीधा खड़ा करके वर्टिकल मोड में भी इस्तेमाल कर सकता है। इससे गर्दन और पीठ पर कम दबाव पड़ता है और लंबे समय तक काम करने में ज्यादा आराम मिलता है।

कंपनी ने अलग-अलग जरूरत और बजट के हिसाब से चार मॉडल पेश किए हैं। GW2490C की कीमत ₹9,589, GW2790C की ₹11,989, GW2490TC की ₹12,750 और GW2790TC की ₹14,990 रखी गई है। ये सभी मॉनिटर देशभर में अधिकृत रिटेल स्टोर्स और प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।