पिकअप ट्रक-जो बन सकता है SUV: नई गाड़ी जरूरत के अनुसार बदलेगी रूप, Chery T1TP Concept का इंडिया में पेटेंट

नई दिल्ली: चीन की ऑटो कंपनी Chery ने इंडिया में एक नए पिकअप ट्रक कॉन्सेप्ट Chery T1TP Concept का पेटेंट फाइल किया है। इसे जरूरत के हिसाब से पिकअप ट्रक से 7-सीटर SUV में बदला जा सकता है। एक ही गाड़ी में फैमिली SUV और काम के लिए पिकअप ट्रक दोनों का फायदा मिल सकता है। Chery ने भारतीय बाजार में एंट्री की तैयारी के चलते JSW Motor के साथ साझेदारी की है। इसी साझेदारी के तहत आने वाले समय में Jetour T2 जैसे मॉडल भी भारत में लॉन्च हो सकते हैं। Chery के कई पेटेंट किए गए मॉडल भविष्य में JSW ब्रांड के तहत लॉन्च किए जा सकते हैं।

अब कंपनी ने Chery T1TP Concept नाम के अनोखा वाहन का पेटेंट फाइल किया है। इसे पहली बार 2025 में चीन के वुहू शहर में आयोजित Chery International User Summit में दिखाया गया था। पेटेंट की तस्वीरों में यह गाड़ी एक पिकअप ट्रक के रूप में नजर आती है, लेकिन इसमें एक खास क्विक-रिलीज रूफ स्ट्रक्चर दिया गया है, जिससे इसे आसानी से SUV में बदला जा सकता है।
इस गाड़ी की लंबाई करीब 4.9 मीटर बताई जा रही है, जो इसे मिड-साइज पिकअप ट्रकों से थोड़ा छोटा बनाती है।

जब यह पिकअप ट्रक मोड में होती है, तब इसके पीछे के हिस्से में करीब 600 लीटर का लोड स्पेस मिलता है। यहां सामान सुरक्षित रखने के लिए टाई-डाउन पॉइंट्स भी दिए गए हैं। एडजस्टेबल डिवाइडर भी दिए गए हैं, जो केबिन और लोड एरिया को अलग करते हैं। अगर किसी को लंबा सामान ले जाना हो तो इन डिवाइडर की मदद से जगह को अलग तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसमें डीजल प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन दिया जा सकता है, जिससे बेहतर माइलेज और परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है। Chery या JSW Motor ने यह पुष्टि नहीं की है कि Chery T1TP Concept भारत में लॉन्च होगा या नहीं। लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय बाजार में एक अनोखा वाहन साबित हो सकता है क्योंकि इसमें SUV की आरामदायक सिटिंग और पिकअप ट्रक की उपयोगिता दोनों एक साथ मिल सकती है।