चीन से दूरी, India से दोस्ती: अब हर चौथा iPhone इंडिया में बना रहा Apple

नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple अब तेजी से इंडिया में अपना उत्पादन बढ़ा रही है। अब दुनिया में बनने वाले कुल iPhone का करीब 25% भारत में तैयार हो रहा है। पिछले साल कंपनी ने इंडिया में iPhone उत्पादन में लगभग 53% की बड़ी बढ़ोतरी की और 2025 में करीब 5.5 करोड़ iPhone यहां असेंबल किए गए। यह कदम मुख्य रूप से चीन पर निर्भरता कम करने और अमेरिकी टैरिफ से बचने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार Apple हर साल दुनिया भर में करीब 22 से 23 करोड़ iPhone बनाती है, जिनमें भारत की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। 2024 में जहां भारत में करीब 3.6 करोड़ iPhone बनाए गए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर लगभग 5.5 करोड़ तक पहुंच गई।

इंडिया में उत्पादन बढ़ाने के पीछे एक बड़ा कारण इंडियन गवर्नमेंट की Production Linked Incentive (PLI) योजना भी है, जिसे सरकार ने मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया था। इस योजना के तहत कंपनियों को सब्सिडी मिलती है, जिससे भारत में उत्पादन की लागत का कुछ हिस्सा संतुलित हो जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी भी भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबली और कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग की लागत चीन और वियतनाम जैसे देशों से थोड़ी ज्यादा है। इसका कारण सप्लाई चेन की सीमाएं और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियां हैं। इसी वजह से Apple के साथ-साथ Samsung Electronics जैसी कंपनियां भी भारत सरकार से अतिरिक्त प्रोत्साहन की मांग कर रही हैं।

फिलहाल Apple इंडिया में अपनी नई iPhone 17 सीरीज के सभी मॉडल असेंबल कर रही है, जिनमें Pro और Pro Max जैसे हाई-एंड मॉडल भी शामिल हैं। इसके अलावा पुराने मॉडल जैसे iPhone 15 और iPhone 16 भी भारत में बनाए जा रहे हैं, जो घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों के लिए इस्तेमाल होते हैं।

इंडिया में Apple के प्रमुख सप्लायर में Foxconn, Tata Electronics और Pegatron शामिल हैं, जो अलग-अलग iPhone मॉडल की असेंबली में अहम भूमिका निभा रहे हैं। दरअसल Apple लंबे समय से ग्लोबल मांग को पूरा करने के लिए चीन के अलावा दूसरा बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब तैयार किया जा सके। इसी रणनीति के तहत भारत में बैटरी, फोन के बाहरी ढांचे और AirPods जैसे एक्सेसरीज के कंपोनेंट भी स्थानीय स्तर पर बनाने की तैयारी की जा रही है।

इंडिया अब Apple के लिए एक बड़ा बाजार भी बनता जा रहा है। कंपनी की भारत में बिक्री 9 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच चुकी है। इसी साल कंपनी भारत में Apple Pay लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा देश में Apple के छह रिटेल स्टोर भी खुल चुके हैं।