नई दिल्ली: स्मार्टफोन कंपनी OnePlus India ने देश भर में अपने आफ्टर-सेल्स सर्विस नेटवर्क को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया है। यह बदलाव अप्रैल 2026 से लागू होगा। इस विस्तार के बाद कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर की संख्या 400 से बढ़कर 600 से ज्यादा हो जाएगी। यह सुविधा देश के करीब 500 शहरों तक पहुंच जाएगी। इसमें टियर-2 और टियर-3 शहरों को भी शामिल किया गया है, जिससे छोटे शहरों के यूजर्स को भी अब बेहतर और आसान सर्विस मिलेगी।
कंपनी ने बताया कि यह विस्तार OPPO India के स्थापित सर्विस नेटवर्क के सहयोग से किया जाएगा, जिससे ग्राहकों को ज्यादा प्रीमियम और सुविधाजनक अनुभव मिलेगा। अब यूजर्स को फोन ठीक कराने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और इंतजार का समय भी कम होगा। कंपनी ने यह भरोसा भी दिया है कि ग्राहकों को पहले की तरह ओरिजिनल पार्ट्स, प्रशिक्षित टेक्नीशियन और तय समय में सर्विस की सुविधा मिलती रहेगी।
OnePlus India ने इस मौके पर अपने पुराने डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (Direct-to-Consumer) मॉडल पर भी जोर दिया है। कंपनी का कहना है कि यही मॉडल उसकी पहचान और सफलता की नींव रहा है। अब कंपनी फिर से अपने इसी मॉडल को मजबूत करते हुए सीधे ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाएगी। इसका उद्देश्य टेक्नोलॉजी पसंद करने वाले युवाओं और डिजिटल ग्राहकों को बेहतर कीमत और भारत के हिसाब से तैयार किए गए इनोवेटिव प्रोडक्ट्स देना है। कंपनी ने साफ किया है कि भारत उसके लिए एक अहम बाजार बना रहेगा। प्रोडक्ट डेवलपमेंट, सॉफ्टवेयर अपडेट्स और कम्युनिटी से जुड़े सभी काम पहले की तरह जारी रहेंगे। मौजूदा ग्राहकों की वारंटी या किसी भी सेवा में कोई रुकावट नहीं आएगी।
OnePlus India ने अपने नए स्मार्टफोन OnePlus Nord 6 के लॉन्च की भी घोषणा की है। यह फोन 7 अप्रैल 2026 को लॉन्च होगा। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस फ्लैगशिप लेवल की परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार किया गया है और खास तौर पर उन युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो स्पीड और परफॉर्मेंस के मामले में कोई समझौता नहीं करना चाहते। OnePlus India का यह कदम ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और देश के हर कोने तक अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
