Jaguar इलेक्ट्रिक GT में असली DNA, पावर और लग्जरी का सुपर धमाका

नई दिल्ली: Jaguar अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक लग्जरी 4-डोर GT कार इस साल सितंबर में दुनिया के सामने पेश करेगी। इस कार में 1000PS से ज्यादा पावर, 1300Nm टॉर्क, ट्राई-मोटर टेक्नोलॉजी और एडवांस सस्पेंशन सिस्टम मिलेगा। इसे बनाने से पहले कंपनी ने अपने पुराने आइकॉनिक मॉडल्स को चलाकर “असल Jaguar फील” को समझा और उसी को इस नई कार में उतारा है।

ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी Jaguar की ऑल-इलेक्ट्रिक 4-डोर GT कार में पावर और आराम दोनों का जबरदस्त संतुलन देखने को मिलेगा। इस नई कार को बनाने से पहले Jaguar के इंजीनियर्स ने एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने पहले कंपनी की पुरानी मशहूर कारों को चलाया, ताकि समझ सकें कि “सच्ची Jaguar” कैसी महसूस होती है। इसमें Jaguar XK120, Jaguar E-Type, Jaguar XJS और Jaguar XJ Series I जैसी क्लासिक कारें शामिल थीं।

कंपनी के इंजीनियर्स ने पुराने मॉडल्स से जो सीखा, उसे नई कार में साफ तौर पर उतारा गया है। Jaguar XK120 से यह समझ आया कि कार का केबिन ऐसा होना चाहिए, जिसमें ड्राइवर खुद को पूरी तरह कंफर्ट और कंट्रोल में महसूस करे। नई GT की ड्राइविंग स्टाइल सबसे ज्यादा Jaguar XJ Coupe से प्रेरित है।

Jaguar XJS से लंबी दूरी पर आरामदायक और थकान-रहित ड्राइव का आइडिया लिया गया है। नई GT भी लंबी दूरी और तेज स्पीड पर बिना थकान के सफर कराने के लिए तैयार की जा रही है। इसके अलावा Jaguar XJ Series I से “रिजर्व पावर और शानदार रिफाइनमेंट” का कॉन्सेप्ट लिया गया है, जो भविष्य की Jaguar कारों की पहचान बनेगा। नई GT को तैयार करने के लिए Jaguar ने इसे दुनिया के अलग-अलग मौसम और कठिन परिस्थितियों में टेस्ट किया है। साथ ही वर्चुअल टेस्टिंग भी की गई, जिससे इसकी ड्राइविंग क्वालिटी को और बेहतर बनाया गया।

इसमें ट्राई-मोटर सेटअप मिलेगा, जो 1000PS से ज्यादा पावर और 1300Nm से ज्यादा टॉर्क देगा। Jaguar के मैनेजिंग डायरेक्टर Rawdon Glover के मुताबिक, कंपनी का लक्ष्य शुरू से ही “सच्ची Jaguar” बनाना था। इसके लिए पिछले 90 साल की बेहतरीन कारों से सीख लेकर अब तक की सबसे एडवांस Jaguar तैयार की गई है। यह नई इलेक्ट्रिक GT सिर्फ एक नई कार नहीं, बल्कि Jaguar के भविष्य की नींव है। इसका डिजाइन, टेक्नोलॉजी और ड्राइविंग एक्सपीरियंस आने वाली सभी Jaguar कारों की दिशा तय करेगा।