नई दिल्ली: Toyota Kirloskar Motor ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4,06,081 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 3,37,148 यूनिट्स के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की यह मजबूत ग्रोथ बाजार में बढ़ते भरोसे और कस्टमर-फर्स्ट रणनीति का नतीजा मानी जा रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष के आखिरी महीने मार्च 2026 में भी दमदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 37,194 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो मार्च 2025 के 30,043 यूनिट्स के मुकाबले 24 प्रतिशत ज्यादा है।
वित्त वर्ष 2025-26 में घरेलू बाजार में Toyota Kirloskar Motor की बिक्री 3,09,508 यूनिट्स से बढ़कर 3,67,107 यूनिट्स हो गई। 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। एक्सपोर्ट में कंपनी ने और भी मजबूत प्रदर्शन किया, जहां बिक्री 27,640 यूनिट्स से बढ़कर 38,974 यूनिट्स हो गई, जो 41 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी है। मार्च में घरेलू बिक्री 28,373 यूनिट्स से बढ़कर 35,125 यूनिट्स हो गई, जबकि निर्यात 1,670 यूनिट्स से बढ़कर 2,069 यूनिट्स रहा। कुल मिलाकर मार्च में 24 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई।
कंपनी के सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सबारी मनोहर के मुताबिक, इस वित्त वर्ष में कंपनी को SUV, MPV और कॉम्पैक्ट सेगमेंट में लगातार मजबूत मांग का फायदा मिला। कंपनी की इस सफलता के पीछे नए और अपडेटेड मॉडल्स जैसे Land Cruiser 300, GR-S ग्रेड, Legender MT, Innova Hycross लिमिटेड एडिशन, Fortuner Leader Edition, Camry Hybrid Sprint Edition, Hilux Black Edition और Urban Cruiser Taisor के नए रंग और वेरिएंट का योगदान है। Urban Cruiser Hyryder Aero Edition और इसके टेक पैकेज, 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और नए फीचर्स ने भी बिक्री को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
सेफ्टी के मोर्चे पर भी कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है। नई Rumion में सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स दिए गए हैं, वहीं Glanza, Urban Cruiser Taisor और Urban Cruiser Hyryder में भी 6 एयरबैग्स को स्टैंडर्ड किया गया है। साथ ही Innova Hycross को 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग मिली है। ब्रैंड प्रमोशन के स्तर पर भी कंपनी ने नए प्रयोग किए हैं। Drum Tao के इंडिया टूर और Toyota एक्सपीरिएंशियल म्यूजियम जैसी पहल ने युवाओं के बीच ब्रैंड की पकड़ मजबूत की। Toyota Kirloskar Motor ने FY 2025-26 में मजबूत रणनीति, नए प्रोडक्ट्स और ग्राहकों के भरोसे के दम पर शानदार ग्रोथ दर्ज करते हुए ऑटो बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत किया।
