नई दिल्ली: देश की दिग्गज ऑटो कंपनी Mahindra & Mahindra ने SUV रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। कंपनी 6 अप्रैल 2026 से अपने ICE (पेट्रोल-डीजल) SUV और कमर्शियल व्हीकल्स की कीमतों में अधिकतम 2.5% तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। इस फैसले का असर कंपनी की सबसे पॉपुलर SUVs जैसे Mahindra Thar, Mahindra Scorpio-N, Mahindra Thar Roxx और Mahindra XUV 3XO पर साफ देखने को मिलेगा।
कंपनी के मुताबिक, कीमत की बढ़ोतरी के पीछे कच्चे माल, खासतौर पर स्टील और कीमती धातुओं—की बढ़ती कीमतें, साथ ही लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल खर्चों में इजाफा मुख्य वजह है। यही कारण है कि ग्राहकों पर अब थोड़ी अतिरिक्त लागत का बोझ पड़ने वाला है।
हाल ही में लॉन्च हुई Mahindra XUV 7XO को फिलहाल इस प्राइस हाइक से बाहर रखा गया है। कंपनी ने साफ किया है कि इस मॉडल पर नई कीमतें पहले 40,000 बुकिंग्स पूरी होने के बाद ही लागू होंगी। वहीं, Mahindra की इलेक्ट्रिक SUVs—जैसे BE6, XEV 9e और XEV 9S—को भी इस बढ़ोतरी से पूरी तरह बाहर रखा गया है।
Mahindra XUV 3XO की शुरुआती कीमत करीब 18,000 रुपये तक बढ़ सकती है, जबकि Mahindra Thar पर लगभग 25,000 रुपये और Mahindra Scorpio-N पर 33,000 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। Mahindra Thar Roxx और Scorpio Classic जैसी SUVs भी महंगी होंगी। Mahindra अकेली कंपनी नहीं है जिसने यह कदम उठाया है। इससे पहले Tata Motors, MG Motor India, BMW और Mercedes-Benz जैसी कंपनियां भी 1 अप्रैल 2026 से कीमतें बढ़ा चुकी हैं। बढ़ती लागत के दबाव के चलते ऑटो सेक्टर में कीमतें बढ़ने का सिलसिला जारी है, और अब Mahindra & Mahindra का यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाला है।
