अब कमाई होगी डबल: 11.95 लाख रुपये में Tata Intra EV Pickup लॉन्च

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए Tata Motors ने नई Tata Intra EV Pickup को 11.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल भारत के सबसे व्यापक इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा और खासतौर पर बढ़ती कार्गो जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

यह नई इलेक्ट्रिक पिकअप Intra प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसमें पूरी तरह से इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर दिया गया है, जिससे ऑपरेटर्स को कम ऑपरेटिंग कॉस्ट और ज्यादा कमाई का फायदा मिल सके। इसमें 72 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 230 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है और 23% ग्रेडेबिलिटी के साथ भारी लोड में भी बेहतर प्रदर्शन देता है।

यह पिकअप 1,750 किलो तक भार उठा सकती है। इसमें 10 फीट 2 इंच तक का लोड बॉडी ऑप्शन मिलता है, जिससे यह छोटे-बड़े कारोबारियों के लिए बेहद उपयोगी बन जाती है। इसमें 28.2 kWh की IP67 रेटेड बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 211 किलोमीटर तक की रेंज देती है। CCS2 फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है, जिससे यह वाहन करीब 55 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है।

कंपनी इस वाहन के साथ 6 साल या 2 लाख किलोमीटर तक की बैटरी वॉरंटी भी दे रही है, जो ग्राहकों के भरोसे को और मजबूत बनाती है। फीचर्स के तौर पर इसमें इलेक्ट्रिक पावर-असिस्टेड स्टीयरिंग (EPAS), इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम और तीन स्तर की रिजनरेटिव ब्रेकिंग जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है। इसमें कंपनी का Fleet Edge कनेक्टेड प्लेटफॉर्म भी मिलता है, जो रीयल-टाइम ट्रैकिंग और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस की सुविधा देता है।

Tata Motors के प्रबंध निदेशक और सीईओ गिरीश वाघ ने कहा कि कंपनी का फोकस ऐसे समाधान देने पर है, जो भारत की कमर्शियल जरूरतों को पूरा कर सकें। वहीं टाटा मोटर्स में एससीपीयूवी डिविजन की उपाध्यक्ष और बिजनेस हेड पिनाकी हल्दर के अनुसार, इस मॉडल को खासतौर पर बेहतर कमाई, ज्यादा पेलोड और लंबी रेंज को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है । Tata Motors इस पिकअप के साथ अपना मजबूत EV इकोसिस्टम भी दे रही है, जिसमें 25,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स, 200 से अधिक EV सर्विस सेंटर, होम चार्जिंग सॉल्यूशंस और आसान फाइनेंसिंग विकल्प शामिल हैं।