मुंबई–पुणे रूट पर दौड़ीं SWITCH Mobility की ई-बसें, इंटरसिटी ई-कोच से ग्रीन ट्रैवल को नई रफ्तार

पुणे: इंडिया में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का दायरा अब शहरों से निकलकर इंटरसिटी रूट्स तक पहुंच चुका है। SWITCH Mobility ने Prasanna Purple Mobility Solutions के लिए अपने अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कोच SWITCH EiV12mt की पहली खेप को मुंबई–पुणे रूट पर रवाना कर दिया है। महाराष्ट्र सरकार की राज्य मंत्री माधुरी मिसल की मौजूदगी में इस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई। यह SWITCH Mobility की प्राइवेट सेक्टर में पहली इंटरसिटी इलेक्ट्रिक कोच की तैनाती है।

इस साझेदारी के तहत कुल 25 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर दिया गया है, जिसमें से पहली 10 बसें अब सड़कों पर उतर चुकी हैं, जबकि बाकी बसों की डिलीवरी साल भर में पूरी की जाएगी। यह कदम देश के सबसे व्यस्त रूट्स में से एक—मुंबई से पुणे—पर स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा देगा। SWITCH EiV12mt को खास तौर पर लंबी दूरी के सफर के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 45 आरामदायक पुशबैक सीट्स, एक बार चार्ज में 300 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज और फास्ट चार्जिंग की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही एडवांस सेफ्टी फीचर्स, शांत राइडिंग एक्सपीरियंस और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए SWITCH iON कनेक्टेड टेक्नोलॉजी इसे और खास बनाती है।

कंपनी के CEO गणेश मणि ने कहा कि यह कदम इंटरसिटी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं Prasanna Purple के CMD प्रसन्ना पटवर्धन ने इसे स्वच्छ और बेहतर यात्रा अनुभव की दिशा में बड़ा कदम बताया। SWITCH Mobility पहले ही वैश्विक स्तर पर 185 मिलियन से ज्यादा ग्रीन किलोमीटर कवर कर चुकी है और भारत में 2500+ इलेक्ट्रिक बसें तैनात कर चुकी है। अब कंपनी इंटरसिटी सेगमेंट में भी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। मुंबई–पुणे रूट पर इलेक्ट्रिक कोच की शुरुआत भारत में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।