नई दिल्ली: Mahindra & Mahindra ने अपनी पॉपुलर लाइफस्टाइल SUV Mahindra Thar की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। 6 अप्रैल 2026 से लागू इस नई कीमत के तहत Thar अब 43,500 रुपये तक महंगी हो गई है, जिससे ऑफ-रोडिंग के शौकीनों को एक बार फिर जेब ढीली करनी पड़ेगी।
कंपनी ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि SUV रेंज की कीमतों में करीब 2.5% तक इजाफा किया जाएगा। अब इसका असर Thar पर साफ दिख रहा है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी LXT 4WD 2.2 डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट में हुई है, जिसकी कीमत 43,500 रुपये तक बढ़ गई है, इसके बाद LXT 4WD 2.0 पेट्रोल ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत में 41,500 रुपये का उछाल आया है। मैनुअल वेरिएंट्स भी इस बढ़ोतरी से अछूते नहीं रहे। LXT 4WD 2.2 डीजल MT और LXT 4WD 2.0 पेट्रोल MT की कीमतों में क्रमशः 39,500 रुपये और 37,500 रुपे की बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा LXT 2WD 1.5 डीजल MT और अन्य पेट्रोल MT वेरिएंट्स पर भी ₹30,500 तक का इजाफा देखने को मिला है। एंट्री-लेवल AXT 2WD 1.5 डीजल MT वेरिएंट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह अभी भी ₹9.99 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जिससे बजट खरीदारों को कुछ राहत मिलती है।
पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब Mahindra Thar की कीमत बढ़ाई गई है, इससे पहले भी कंपनी करीब 20,000 रुपये तक का इजाफा कर चुकी है। लगातार बढ़ती कीमतें इस बात का संकेत हैं कि लागत बढ़ने और मार्केट कंडीशंस का असर अब सीधे ग्राहकों पर पड़ रहा है। इसके बावजूद Thar की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। दमदार डिजाइन, ऑफ-रोडिंग कैपेबिलिटी और यूथ के बीच इसकी मजबूत पकड़ इसे अब भी सबसे डिमांडिंग लाइफस्टाइल SUV बनाए हुए है, कुल मिलाकर, नई कीमतों के साथ Thar अब पहले से महंगी जरूर हो गई है, लेकिन इसका रुतबा और क्रेज अभी भी बरकरार है।
