AMD के Ryzen AI 400 Series प्रोसेसर लॉन्च, बदली PC की दुनिया, डेस्कटॉप बना स्मार्ट असिस्टेंट

नई दिल्ली: AMD ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में अपने नए Ryzen AI 400 Series और Ryzen AI PRO 400 Series प्रोसेसर लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी का दावा है कि ये दुनिया के पहले डेस्कटॉप प्रोसेसर हैं जो अगली पीढ़ी के AI PC और Copilot+ अनुभव को सपोर्ट करते हैं। अब कंप्यूटर सिर्फ काम करने की मशीन नहीं, बल्कि एक स्मार्ट AI असिस्टेंट की तरह साथ काम करेगा।

इन नए प्रोसेसर में इन-बिल्ट AI ताकत है। इनमें खास NPU (न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट) दी गई है, जो 50 TOPS तक की AI कंप्यूट क्षमता देती है। इससे यूजर्स AI ऐप्स और बड़े भाषा मॉडल (LLM) बिना डेटा बाहर भेजे अपने कंप्यूटर पर ही चला सकते हैं। इससे स्पीड भी बेहतर मिलेगी और प्राइवेसी भी सुरक्षित रहेगी।

Ryzen AI 400 Series डेस्कटॉप प्रोसेसर “Zen 5” CPU कोर, RDNA 3.5 ग्राफिक्स और XDNA 2 NPU के साथ आते हैं। ये ऑफिस वर्क, मल्टीटास्किंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा एनालिसिस और डिजाइन-इंजीनियरिंग जैसे भारी काम आसानी से संभाल सकते हैं। HP और Lenovo जैसे बड़े ब्रांड 2026 की दूसरी तिमाही से इन प्रोसेसर पर आधारित डेस्कटॉप सिस्टम लॉन्च करेंगे।

कंपनी ने मोबाइल सेगमेंट में भी बड़ा विस्तार किया है। Ryzen AI PRO 400 Series मोबाइल प्रोसेसर अब एंटरप्राइज लैपटॉप और मोबाइल वर्कस्टेशन में मिलेंगे। Ryzen AI 9 HX PRO 470 प्रोसेसर को लेकर दावा है कि यह कुछ प्रतिस्पर्धी चिप्स से 30% तक तेज मल्टीथ्रेड परफॉर्मेंस देता है। साथ ही बैटरी बैकअप भी पूरे दिन का मिलेगा। मोबाइल वर्कस्टेशन में ये प्रोसेसर CPU, GPU और NPU तीनों की ताकत का इस्तेमाल कर इंजीनियरिंग, क्रिएटिव डिजाइन और टेक्निकल कामों को तेज बनाते हैं। Dell, HP और Lenovo जैसे ब्रैंड 2026 की दूसरी तिमाही से ऐसे वर्कस्टेशन पेश करेंगे।

एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए AMD PRO प्लेटफॉर्म भी दिया गया है, जो बेहतर सिक्योरिटी, रिमोट मैनेजमेंट और सिस्टम कंट्रोल की सुविधा देता है। आईटी टीमें दूर बैठकर सिस्टम की समस्या पहचान और ठीक कर सकती हैं, जिससे समय और लागत दोनों बचेंगे। AMD ने अपने नए Ryzen AI 400 Series पोर्टफोलियो के जरिए उपभोक्ताओं और कंपनियों को ज्यादा AI पावर वाले PC विकल्प दे दिए हैं। अब AI सिर्फ क्लाउड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीधे आपके डेस्कटॉप और लैपटॉप में काम करेगा।