न्यूरेम्बर्ग/नई दिल्ली: ओपन-सोर्स हार्डवेयर बनाने वाली कंपनी Arduino ने अपना नया प्लेटफॉर्म Arduino VENTUNO Q लॉन्च करने की घोषणा की है। यह नया बोर्ड खास तौर पर AI, रोबोटिक्स और स्मार्ट मशीनों के लिए तैयार किया गया है। इसमें Qualcomm Dragonwing IQ-8 Series प्रोसेसर, 16GB RAM और शक्तिशाली AI प्रोसेसिंग क्षमता दी गई है, जिससे मशीनें बिना इंटरनेट के भी समझने, निर्णय लेने और काम करने में सक्षम होंगी। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य Edge AI को ज्यादा आसान और सुलभ बनाना है, ताकि डेवलपर्स, छात्र और शोधकर्ता आसानी से नई तकनीक विकसित कर सकें।
कंपनी के मुताबिक VENTUNO नाम इटालियन भाषा के शब्द “इक्कीस” से लिया गया है। दरअसल Arduino इस महीने अपनी स्थापना के 21 साल पूरे करने जा रही है और इसी मौके पर यह नया प्लेटफॉर्म पेश किया गया है। यह लोकप्रिय Arduino UNO परिवार की अगली पीढ़ी का उन्नत संस्करण माना जा रहा है।
Arduino VENTUNO Q की सबसे बड़ी खासियत इसकी डुअल-ब्रेन आर्किटेक्चर है। इसमें एक तरफ Qualcomm Dragonwing IQ-8 Series प्रोसेसर है, जो पारंपरिक और जनरेटिव AI दोनों तरह के काम कर सकता है। वहीं दूसरी तरफ STM32H5 माइक्रोकंट्रोलर दिया गया है, जो मशीनों के रियल-टाइम कंट्रोल और मोटर ऑपरेशन को संभालता है।
इस बोर्ड में 16GB RAM दी गई है, जिससे एक साथ कई AI टास्क और ऐप्स चलाए जा सकते हैं। साथ ही इसमें 64GB तक स्टोरेज बढ़ाने का विकल्प भी मिलेगा। Arduino के अधिकारी Fabio Violante के अनुसार, VENTUNO Q के जरिए AI को क्लाउड से निकालकर ऐसी मशीनें बन सकेंगी जो देख सकें, समझ सकें और उसी समय निर्णय लेकर काम भी कर सकें।
Qualcomm Technologies के अधिकारी Nakul Duggal ने कहा कि Arduino के डेवलपर इकोसिस्टम और Dragonwing प्रोसेसर की ताकत को जोड़कर अब Edge AI को दुनिया भर के लाखों डेवलपर्स तक पहुंचाया जा सकेगा। इसकी मदद से छात्र और शोधकर्ता कंप्यूटर विज़न, रोबोटिक्स और जनरेटिव AI जैसे विषयों पर तेजी से प्रोटोटाइप तैयार कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक Arduino VENTUNO Q को 2026 की दूसरी तिमाही (Q2 2026) में लॉन्च किया जाएगा। यह Arduino Store और कंपनी के आधिकारिक डिस्ट्रीब्यूटर जैसे DigiKey, Farnell, Macfos, Mouser और RS के जरिए उपलब्ध होगा। Arduino VENTUNO Q ऐसा प्लेटफॉर्म है जो AI, रोबोटिक्स और स्मार्ट मशीनों के विकास को आसान बनाते हुए तकनीक को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
