दिसंबर 2025 में महिंद्रा की बंपर बिक्री, SUV रेंज बनी जीत का मंत्र, रिकॉर्ड सेल्स दर्ज

नई दिल्ली: इंडिया की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों में से एक Mahindra & Mahindra Ltd. ने दिसंबर 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए। कंपनी ने इस महीने कुल 86,090 वाहनों की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल की तुलना में 25% की जबरदस्त बढ़ोतरी को दर्शाता है। इस आंकड़े में घरेलू बिक्री के साथ-साथ एक्सपोर्ट भी शामिल हैं। दिसंबर 2025 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 50,946 SUVs की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 23% की ग्रोथ है। यही नहीं, कैलेंडर ईयर 2025 महिंद्रा के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि इस दौरान कंपनी ने SUV और LCV (<3.5 टन) सेगमेंट में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की।

दिसंबर 2025 में घरेलू बाजार में 24,786 कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 34% ज्यादा है। LCV 2 टन से 3.5 टन कैटेगरी में 37% की तेज़ ग्रोथ दर्ज की गई। इस मौके पर Mahindra & Mahindra के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा, “2025 में हमने SUV और LCV (<3.5T) सेगमेंट में अब तक की सबसे ऊंची बिक्री दर्ज की है। दिसंबर में SUV की बिक्री 50,946 यूनिट रही, जो 23% की ग्रोथ है, जबकि LCV (<3.5T) की बिक्री 24,786 यूनिट रही, जिसमें 34% की बढ़ोतरी हुई। कुल मिलाकर 86,090 वाहनों की बिक्री के साथ हमने 25% की सालाना ग्रोथ हासिल की है।”

दिसंबर 2025 में Mahindra ने 50,946 पैसेंजर व्हीकल्स (सभी SUVs) बेचीं। वहीं, पूरे वित्त वर्ष (YTD) में यह आंकड़ा बढ़कर 4,76,476 यूनिट तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 18% ज्यादा है। दिसंबर 2025 में 7,538 थ्री-व्हीलर्स की बिक्री हुई, जिसमें 31% की ग्रोथ दर्ज की गई। वहीं, सालभर में थ्री-व्हीलर की कुल बिक्री 82,446 यूनिट रही, जो 28% की बढ़ोतरी है। इस अवधि में Mahindra ने कुल 2,820 वाहन विदेशों में निर्यात किए। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच महिंद्रा ने कुल 30,061 वाहनों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 24,048 यूनिट्स का निर्यात किया गया था। सालाना आधार पर एक्सपोर्ट में 25% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

BMW का मास्टरस्ट्रोक: नए सेफ्टी फीचर्स संग 5 Series LWB अब और भी लग्जरी

नई दिल्ली: BMW India ने इंडिया में अपनी प्रीमियम लग्ज़री सेडान BMW 5 Series Long Wheelbase (LWB) को नए सेफ्टी फीचर्स के साथ अपडेट कर दिया है। कंपनी ने इन बड़े अपडेट्स के बावजूद इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। BMW 5 Series LWB अब भी एकमात्र 530Li M Sport वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसकी कीमत ₹73.35 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

इस लेटेस्ट अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण है Driving Assistant Plus पैकेज, जो अब BMW 5 Series LWB का हिस्सा बन गया है। इस एडवांस सेफ्टी सिस्टम के जरिए कार में कई एक्टिव सेफ्टी और ड्राइवर असिस्ट फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें एक्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन-कीप असिस्ट, फ्रंट और रियर कोलिज़न वार्निंग, क्रॉस-ट्रैफिक वार्निंग और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं। ये सभी टेक्नोलॉजी मिलकर न सिर्फ ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित बनाती हैं, बल्कि लंबी दूरी की यात्राओं को भी कहीं ज्यादा आरामदायक और तनावमुक्त करती हैं।

BMW ने 5 Series LWB के अंदर बैठने का अनुभव पहले से ज्यादा लग्ज़री और प्रीमियम बना दिया है। अब कार में जो पैनोरमिक ग्लास रूफ मिलता है, वह सिर्फ धूप और आसमान दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें लाइटिंग भी दी गई है। इस रूफ के चारों तरफ एम्बिएंट लाइट्स लगी हैं, जिनका रंग बदला जा सकता है। रात के समय जब कार चलती है, तो ये लाइट्स केबिन को एक सॉफ्ट, स्टाइलिश और हाई-एंड माहौल देती हैं। अब नाइट ड्राइव के दौरान कार के अंदर ऐसा फील होगा जैसे आप किसी प्रीमियम लग्ज़री लाउंज में बैठे हों—जो ड्राइव को ज्यादा आरामदायक, खूबसूरत और खास बना देता है।

BMW ने नई सुविधाएं जोड़ने के बाद भी कार की लाइन-अप को सिंपल रखा है। इंडिया में BMW 5 Series LWB सिर्फ एक ही वेरिएंट – 530Li M Sport में मिलती रहेगी। ग्राहक को अलग-अलग वेरिएंट चुनने या एक्स्ट्रा पैकेज जोड़ने की ज़रूरत नहीं है। जो भी 5 Series LWB खरीदेगा, उसे सीधे टॉप-मॉडल मिलेगा, जिसमें सभी प्रीमियम फीचर्स, सभी नए सेफ्टी फीचर्स और M Sport का स्पोर्टी लुक पहले से ही शामिल हैं। इन नए फीचर्स के लिए BMW ने कीमत नहीं बढ़ाई, यानी ग्राहकों को ज्यादा फीचर्स वही कीमत पर मिल रहे हैं।

इंडियन मार्केट में BMW 5 Series LWB का मुकाबला सीधे तौर पर Mercedes-Benz E-Class और Audi A6 जैसी लग्ज़री सेडान्स से है। नए सेफ्टी अपडेट और पहले से दमदार लग्ज़री अपील के साथ BMW 5 Series LWB अब इस सेगमेंट में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आती है।

नई Kia Seltos की कीमतों का ऐलान जल्द, 25 हज़ार रुपये में कराएं प्री बुकिंग

नई दिल्ली: Kia Motors India की ओर से अपनी पॉपुलर मिड-साइज़ SUV नई Kia Seltos की कीमतों का ऐलान जल्द किया जाएगा । कंपनी ने इस अपडेटेड SUV से 10 दिसंबर को पर्दा उठाया था। नई Seltos की प्री-बुकिंग 25,000 रुपये में पहले ही शुरू हो चुकी है और ग्राहकों से इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। नई Kia Seltos की अनुमानित कीमत 12 लाख से 21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी जा सकती है।

नई Kia Seltos को इंडियन मार्केट में 10 वेरिएंट्स, 12 आकर्षक रंगों, 3 इंजन ऑप्शंस और 5 ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। 2026 Kia Seltos में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। SUV को नए फ्रंट और रियर बंपर, नया ग्रिल, आगे-पीछे नई LED लाइटिंग, नए अलॉय व्हील्स के साथ लाइम ग्रीन ब्रेक कैलिपर्स, चारों ओर ग्लॉस ब्लैक इंसर्ट्स और अब ज्यादा प्रीमियम लुक देने वाले फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स मिलते हैं।

केबिन के अंदर भी Kia ने Seltos को पूरी तरह अपग्रेड किया है। इसमें अब पैनोरमिक सनरूफ, लेवल-2 ADAS, पावर्ड टेलगेट, नया थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, एम्बिएंट लाइटिंग, रिक्लाइनिंग सेकेंड रो सीट्स, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, साइड पार्किंग सेंसर्स, OTA अपडेट्स, और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे सेगमेंट-लीडिंग फीचर्स दिए गए हैं।

इंजन और गियरबॉक्स के मोर्चे पर Kia ने भरोसेमंद सेटअप को बरकरार रखा है। इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 6-स्पीड मैनुअल और IVT के साथ आएगा। वहीं, 1.5-लीटर डीज़ल इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक के साथ पेश किया जाएगा। परफॉर्मेंस पसंद करने वालों के लिए 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन भी मिलेगा, जिसमें 6-स्पीड iMT और 7-स्पीड DCT का विकल्प दिया गया है।

नई Kia Seltos का नया डिजाइन, एडवांस सेफ्टी फीचर्स, दमदार इंजन विकल्प और प्रीमियम केबिन के साथ नई Kia Seltos 2026 में मिड-साइज़ SUV सेगमेंट की तस्वीर बदलने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है।

सेफ्टी में Hyundai Motor Group का जलवा, 2025 IIHS अवॉर्ड्स में नंबर-1

नई दिल्ली: 2025 के Insurance Institute for Highway Safety (IIHS) सेफ्टी अवॉर्ड्स में Hyundai Motor Group ने कुल 21 Top Safety Pick और Top Safety Pick+ अवॉर्ड्स जीतकर सभी ऑटो निर्माताओं को पीछे छोड़ दिया है। यह लगातार दूसरा साल है जब ग्रुप ने सबसे ज्यादा सेफ्टी अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं, जो उसकी मजबूत इंजीनियरिंग और एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी की गवाही देता है।

इन 21 में से 18 मॉडल्स को Top Safety Pick+ की सर्वोच्च रेटिंग मिली है। यह आंकड़ा 2024 के मुकाबले बड़ा उछाल दर्शाता है, जब ग्रुप के 12 मॉडल्स को TSP+ रेटिंग मिली थी। 2025 में IIHS के कड़े और ज्यादा सख्त सेफ्टी मानकों के बावजूद Hyundai Motor Group का शानदार प्रदर्शन यह दिखाता है कि कंपनी भविष्य की सेफ्टी जरूरतों के लिए पूरी तरह तैयार है।

ग्रुप के फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV मॉडल्स ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। ऑल-न्यू 2026 Hyundai Ioniq 9 और 2025-26 Kia EV9 ने सभी क्रैशवर्थिनेस और क्रैश-अवॉयडेंस टेस्ट में ‘गुड’ रेटिंग हासिल कर Top Safety Pick+ अवॉर्ड अपने नाम किए। यह इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के साथ सेफ्टी को लेकर Hyundai Motor Group की गंभीरता को दर्शाता है। Hyundai Motor Company 2025 में ऑटो सेफ्टी की सबसे बड़ी लीडर बनकर उभरी है, जिसने 8 Top Safety Pick+ और 2 Top Safety Pick अवॉर्ड्स जीते। वहीं, प्रीमियम ब्रांड Genesis ने 5 TSP+ और 1 TSP रेटिंग हासिल की, जबकि Kia ने भी 5 Top Safety Pick+ अवॉर्ड जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

Hyundai Tucson, Ioniq 5, Ioniq 6, नई Ioniq 9, Elantra, Sonata, Kona और Santa Fe जैसे मॉडल्स को TSP+ रेटिंग मिली है, जबकि Palisade और Santa Cruz को TSP अवॉर्ड से नवाजा गया। Genesis के GV60, GV70, Electrified GV70, GV80 और नई G80 ने भी सेफ्टी के मामले में बाज़ी मारी। Kia की Telluride, EV9, Sportage और Sorento जैसे मॉडल्स ने भी टॉप सेफ्टी रेटिंग हासिल कर ब्रांड की साख मजबूत की है।

Hyundai Motor Group का यह प्रदर्शन न सिर्फ उसकी तकनीकी मजबूती को दर्शाता है, बल्कि ग्राहकों के भरोसे को भी और मजबूत करता है। 2025 के IIHS सेफ्टी अवॉर्ड्स में मिली यह बड़ी सफलता साफ दिखाती है कि Hyundai, Kia और Genesis आने वाले समय में भी सुरक्षित, भरोसेमंद और एडवांस वाहनों के साथ ऑटो इंडस्ट्री में नई मिसाल कायम करने के लिए तैयार हैं।

30.89 लाख में Ducati XDiavel V4 इंडिया में लॉन्च, 3 सेकंड से भी कम में 100km प्रति घंटे की स्पीड

नई दिल्ली: इटली की सुपरबाइक निर्माता कंपनी Ducati ने इंडिया में अपनी फ्लैगशिप स्पोर्ट्स-क्रूज़र मोटरसाइकिल XDiavel V4 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह बाइक Ducati के इंडियन पोर्टफोलियो में एक नया और बेहद दमदार अध्याय जोड़ती है। Ducati XDiavel V4 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹30.89 लाख रखी गई है, जबकि इसके दूसरे कलर वेरिएंट की कीमत ₹31.19 लाख है।

Ducati XDiavel V4 को इंडिया में दो खास मैटेलिक रंगों में पेश किया गया है, जिन्हें खासतौर पर इसी मॉडल के लिए तैयार किया गया है। Burning Red कलर की बाइक की कीमत 30.89 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। Black Lava की कीमत 31.19 लाख रुपये(एक्स-शोरूम) है।

इस सुपर प्रीमियम क्रूज़र के दिल में Ducati का नया 1,158cc V4 Granturismo इंजन है। यह सीधे तौर पर कंपनी की MotoGP और Panigale V4 टेक्नोलॉजी से प्रेरित है। यह इंजन 168 bhp की पावर 10,750 rpm पर और 126 Nm का टॉर्क 7,500 rpm पर जेनरेट करता है। Ducati का दावा है कि XDiavel V4 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार तीन सेकंड से भी कम समय में पकड़ सकती है, इसकी सीट हाइट सिर्फ 770mm रखी गई है, जबकि हैंडलबार को दोबारा पोजिशन किया गया है ताकि कम स्पीड पर बाइक को संभालना आसान हो।रियर सस्पेंशन ट्रैवल को 25mm तक बढ़ाया गया है और राइडर व पिलियन दोनों की सीट पहले से ज्यादा चौड़ी और मोटी कर दी गई है। पिलियन के लिए बड़ी सीट और स्टैंडर्ड ग्रैब हैंडल भी दिया गया है, जिससे यह बाइक लंबी दूरी की टूरिंग के लिए भी ज्यादा आरामदायक बन गई है।

परफॉर्मेंस को कंट्रोल में रखने के लिए Ducati ने इसमें अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स पैकेज दिया है। बाइक में 6-एक्सिस IMU, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल और बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर शामिल हैं। राइडर्स को Sport, Touring, Urban और Wet – चार राइडिंग मोड्स मिलते हैं।

Ducati Performance के जरिए XDiavel V4 के लिए कई टूरिंग और स्पोर्ट एक्सेसरीज़ भी उपलब्ध हैं। टूरिंग पसंद करने वालों के लिए पैनियर्स, विंडशील्ड, कंफर्ट सीट और पिलियन बैकरेस्ट मिलते हैं, जबकि स्पोर्टी राइडर्स के लिए सिंगल-सीट टेल सेक्शन, अपग्रेडेड एग्जॉस्ट और कार्बन-फाइबर पार्ट्स का विकल्प दिया गया है।

8.13 लाख रुपये में Kawasaki Vulcan S इंडिया में लॉन्च, अब E20 फ्यूल के लिए तैयार

नई दिल्ली: जापान की दोपहिया निर्माता Kawasaki ने इंडिया में अपनी मिड-कैपेसिटी क्रूज़र बाइक 2026 Kawasaki Vulcan S को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इस दमदार क्रूज़र की एक्स-शोरूम कीमत ₹8.13 लाख रखी गई है। नए मॉडल ईयर के साथ कंपनी ने बाइक को जरूरी रेगुलेटरी अपडेट्स और हल्के विजुअल बदलावों के साथ पेश किया है, जबकि इसका भरोसेमंद इंजन, हार्डवेयर और राइडिंग एर्गोनॉमिक्स पहले जैसे ही रखे गए हैं।

2026 Vulcan S को इस बार नए Metallic Flat Spark Black कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। यह नया डार्क और सॉलिड फिनिश पहले मिलने वाले Pearl Matte Sage Green रंग की जगह लेता है। 2026 मॉडल का सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन में किया गया है। अब Kawasaki Vulcan S E20 फ्यूल नॉर्म्स के अनुरूप हो गई है, जो भारत में बदलते ईंधन और उत्सर्जन मानकों के हिसाब से एक अहम अपडेट माना जा रहा है।

बाइक में 649cc लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो स्मूद पावर डिलीवरी और रोजमर्रा की राइडिंग पर फोकस करता है। यह इंजन अब 61 bhp की पावर 7,500 rpm पर और 61 Nm का टॉर्क 6,600 rpm पर जनरेट करता है। E20 अपडेट के कारण टॉर्क में हल्की कमी जरूर आई है, लेकिन परफॉर्मेंस को संतुलित रखा गया है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट व स्लिपर क्लच दिया गया है, जिससे गियर शिफ्टिंग आसान होती है और तेज डाउनशिफ्ट के दौरान बेहतर कंट्रोल मिलता है।

Kawasaki ने Vulcan S के हार्डवेयर में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। बाइक अब भी हाई-टेंसाइल स्टील से बने पेरिमीटर फ्रेम पर आधारित है, जिसे डिजाइन का हिस्सा बनाते हुए खुला रखा गया है। इसका स्लिम चेसिस और कॉम्पैक्ट इंजन लेआउट बाइक के मिड-सेक्शन को पतला बनाता है, जिससे कम स्पीड पर कंट्रोल और पैरों का जमीन तक पहुंचना आसान हो जाता है।

Vulcan S का सबसे बड़ा यूएसपी अब भी Kawasaki का ERGO-FIT सिस्टम है। यह सिस्टम अलग-अलग कद और शरीर बनावट वाले राइडर्स के लिए सीट, फुटपेग और हैंडलबार को एडजस्ट करने की सुविधा देता है। Reduced Reach, Mid Reach और Extended Reach कॉन्फिगरेशन के जरिए कुल 18 अलग-अलग पोजीशन बनाई जा सकती हैं।

नई Renault Duster की पहली झलक, 26 जनवरी 2026 को होगी धमाकेदार वापसी

नई दिल्ली: Renault India ने SUV Duster की भारत में वापसी को आधिकारिक तौर पर कन्फर्म कर दिया है। 26 जनवरी 2026 को नई जनरेशन Renault Duster का डेब्यू होने जा रहा है। लॉन्च से पहले कंपनी ने पहली बार इसका टीज़र जारी किया है। Renault Duster को पहली बार इंडिया में 2012 में लॉन्च किया गया था। उस समय इस SUV ने भारतीय बाजार में कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट की नींव रखी थी। यही सेगमेंट आगे चलकर देश के सबसे तेजी से बढ़ने वाले सेगमेंट्स में शामिल हुआ और आज भारत के कुल पैसेंजर व्हीकल मार्केट का लगभग एक-चौथाई हिस्सा बन चुका है।

टीज़र इमेज में नई Duster के LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) का खास सिग्नेचर दिखाई देता है। SUV में फुल-विड्थ कनेक्टेड टेललैंप्स की पुष्टि भी हो गई है। यह फीचर इंटरनेशनल Dacia और Renault Duster मॉडल्स में नहीं मिलता, जिससे साफ संकेत मिलता है कि भारतीय बाजार के लिए खास डिजाइन अपडेट्स किए गए हैं। डिजाइन के मामले में इस SUV को बिल्कुल नया मॉडल कहा जा सकता है।

नई Duster को Bigster कॉन्सेप्ट से प्रेरणा मिली है। फ्रंट में इसे स्लीक LED हेडलैंप्स के साथ Y-शेप्ड LED DRLs मिलते हैं। दोनों ओर बड़े एयर इंटेक्स दिए गए हैं, जिनके नीचे फॉग लैंप्स मौजूद हैं। नई Duster का डैशबोर्ड डिजाइन पूरी तरह रीडिज़ाइन किया गया है। SUV में 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस फोन चार्जिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, Arkamys 3D साउंड सिस्टम (6 स्पीकर्स) और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।

ग्लोबल मार्केट में नई Renault Duster तीन पावरट्रेन विकल्पों के साथ आती है। इनमें 1.2-लीटर 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल माइल्ड-हाइब्रिड, 1.0-लीटर 3-सिलेंडर टर्बो बाय-फ्यूल इंजन, और 1.6-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन शामिल हैं, जिसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 1.2 kWh की बैटरी दी गई है। 2026 Duster में 4×4 Terrain Control सिस्टम भी मिलेगा, जिसमें Auto, Snow, Mud/Sand, Off-road और Eco जैसे पांच ड्राइविंग मोड्स होंगे। नई Renault Duster भारतीय SUV बाजार में एक बार फिर अपनी पुरानी धाक जमाने आ रही है।

कम खर्च, ज्यादा कमाई : Hyundai का टैक्सी मार्केट में मास्टरस्ट्रोक , Prime HB और Prime SD लॉन्च

नई दिल्ली: देश की जानी-मानी ऑटो कंपनी Hyundai Motor India Limited (HMIL) ने इंडिया में कमर्शियल मोबिलिटी सेगमेंट में जोरदार कदम रखते हुए अपनी नई Prime Taxi Range लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस रेंज के तहत दो नए टैक्सी मॉडल पेश किए हैं, Prime HB (हैचबैक) और Prime SD (सेडान)। यह दोनों ही मॉडल खास तौर पर टैक्सी और फ्लीट ऑपरेटर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, जहां भरोसेमंद परफॉर्मेंस, कम खर्च और बेहतर कमाई सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है।

Hyundai Prime HB को Hyundai Grand i10 NIOS पर बेस्ड है। Prime SD को Hyundai Aura के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। दोनों मॉडल्स में कंपनी का भरोसेमंद 1.2 लीटर Kappa 4-सिलिंडर इंजन दिया गया है, जो Petrol + CNG के विकल्प के साथ आता है। इसका सीधा फायदा टैक्सी चालकों और फ्लीट मालिकों को कम रनिंग कॉस्ट, ज्यादा माइलेज और हर किलोमीटर पर बेहतर कमाई के रूप में मिलता है।

Prime HB की शुरुआती कीमत ₹5,99,900 रखी गई है, जबकि Prime SD की शुरुआती कीमत ₹6,89,900 है। इतनी प्रतिस्पर्धी कीमतों के साथ ये मॉडल्स देशभर के टैक्सी और फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए बेहद आकर्षक विकल्प बन जाते हैं। ग्राहक सिर्फ ₹5,000 की बुकिंग राशि देकर किसी भी Hyundai शोरूम से Prime Taxi Range बुक कर सकते हैं।

Hyundai ने Prime Taxi Range के साथ विस्तारित वारंटी विकल्प भी पेश किए हैं, जो चौथे और पांचवें साल या 1,80,000 किलोमीटर तक कवर प्रदान करते हैं। इससे ज्यादा चलने वाली टैक्सियों की मेंटेनेंस लागत काफी हद तक कम हो जाएगी। कंपनी 72 महीने तक की लचीली फाइनेंस स्कीम भी दे रही है, जिससे पहली बार टैक्सी खरीदने वाले ड्राइवर्स और बड़े फ्लीट ऑपरेटर्स — दोनों के लिए गाड़ी खरीदना आसान हो जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका में बिकने वाली 50% कारों का सॉलिड इंडिया कनेक्शन

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के ऑटोमोबाइल बाज़ार में इंडिया की मौजूदगी अब सिर्फ महसूस नहीं की जा रही, बल्कि आंकड़ों में साफ दिखाई देने लगी है। मार्केट इंटेलिजेंस फर्म Lightstone की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में दक्षिण अफ्रीका में बिकने वाली करीब आधी कारों का सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध इंडिया से रहा। इनमें इंडियन कंपनियों जैसे Mahindra और Tata Motors के वाहन तो शामिल हैं ही, साथ ही वे गाड़ियां और उनके पुर्ज़े भी शामिल हैं, जिन्हें ग्लोबल कंपनियां इंडिया से मंगाकर बेच रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक Mahindra & Mahindra ने खासतौर पर दक्षिण अफ्रीका के पिकअप सेगमेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। Mahindra & Mahindra की यह सफलता दिखाती है कि भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनियां अब सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही हैं। दक्षिण अफ्रीका जैसे प्रतिस्पर्धी बाजार में Mahindra की बढ़ती पकड़ भारत की ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, भरोसेमंद इंजीनियरिंग और किफायती वाहनों की ताकत का बड़ा संकेत मानी जा रही है।

पीटीआई की रिपोर्ट यह बताती है कि दक्षिण अफ्रीका में बिकने वाली जापानी ब्रांड की ज्यादातर गाड़ियां असल में इंडिया में बनी होती हैं। 2024 में जापानी कंपनियों के जितने भी लाइट व्हीकल्स बिके, उनमें से 84 प्रतिशत भारत से इंपोर्ट किए गए, जबकि जापान में बनी गाड़ियों की हिस्सेदारी सिर्फ करीब 10 प्रतिशत ही रही। इनमें मारुति सुजुकी के भारतीय कारखानों में बनने वाले वे मॉडल शामिल हैं, जिन्हें Toyota अपने ब्रांड नाम से बेचती है, जैसे Toyota Starlet, Starlet Cross, Vitz और Urban Cruiser। भले ही Haval और Chery जैसे चीनी ब्रांड्स सड़कों पर ज्यादा नजर आने लगे हों, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि उनका असर जितना दिखता है, उतना असल में है नहीं। 2024 में चीनी गाड़ियों की हिस्सेदारी सिर्फ 11 प्रतिशत रही, जबकि भारत से आने वाली गाड़ियों का हिस्सा 36 प्रतिशत तक पहुंच गया।

Lightstone के आंकड़ों के मुताबिक, अगर पिकअप और हल्के कमर्शियल वाहनों को हटा दिया जाए, तो 2025 की पहली छमाही में दक्षिण अफ्रीका के पैसेंजर व्हीकल मार्केट में भारत की हिस्सेदारी लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच गई। साल के पहले पांच महीनों में बिकने वाली कुल पैसेंजर कारों में से 49 प्रतिशत भारत से इंपोर्ट की गई थीं।

POCO M8 5G की इंडिया में एंट्री 8 जनवरी को, बदलेगा स्मार्टफोन का अंदाज़

नई दिल्ली: स्मार्टफोन ब्रैंड POCO के नए और दमदार स्मार्टफोन POCO M8 5G को 8 जनवरी 2026 को भारत में लॉन्च किया जाएगा। मिड-रेंज सेगमेंट में यह स्मार्टफोन खास तौर पर उन यूज़र्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो बेहतरीन परफॉर्मेंस के साथ अलग और प्रीमियम डिजाइन चाहते हैं।

POCO M8 5G को इस बार कंपनी ने नए और खास डिजाइन के साथ बनाया है। यह अपने सेगमेंट का सबसे पतला फोन बताया जा रहा है। जब आप इसे हाथ में पकड़ेंगे तो यह हल्का, स्लिम और प्रीमियम महसूस होगा। फोन के पीछे डुअल-टोन फिनिश, दो अलग-अलग रंगों या शेड्स का कॉम्बिनेशन दिया गया है। इससे फोन का लुक और ज्यादा स्टाइलिश और महंगा लगता है। POCO अब सिर्फ तेज़ परफॉर्मेंस पर ही ध्यान नहीं दे रहा, बल्कि यह भी देख रहा है कि फोन दिखने में अच्छा हो, मजबूत हो और जल्दी खराब न हो और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में आरामदायक हो।

लॉन्च से पहले POCO ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर POCO M8 5G की पहली झलक यानी First Look शेयर की। इस KV ड्रॉप के ज़रिए कंपनी ने फोन की डिजाइन लैंग्वेज की झलक दिखाई, जिससे यह साफ हो गया है कि M8 सीरीज़ में इस बार लुक्स को खास अहमियत दी गई है।हालांकि फिलहाल फोन के स्पेसिफिकेशन और फीचर्स से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कंपनी ने संकेत दिए हैं कि लॉन्च के करीब आते-आते POCO M8 5G से जुड़ी और भी डिटेल्स शेयर की जाएंगी। माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन अपने सेगमेंट में डिजाइन और ड्यूरेबिलिटी के नए मानक सेट कर सकता है।

POCO एक बार फिर यह दिखाने की तैयारी में है कि वह सिर्फ दमदार परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि आकर्षक डिजाइन और मजबूत बिल्ड क्वालिटी के साथ भी यूज़र्स को चौंकाने की क्षमता रखता है। अब सभी की नजरें 8 जनवरी 2026 पर टिकी हैं, जब POCO अपने नए स्मार्टफोन के साथ नए साल की शुरुआत करेगा। POCO की पहचान उसकी फिलॉसफी “Made of MAD” (Minds, Attitude और Determination) से है। ब्रांड का मकसद ऐसे हाई-परफॉर्मेंस स्मार्टफोन पेश करना है, जो बेहतरीन कीमत पर शानदार टेक्नोलॉजी और शानदार अनुभव दें।