नई दिल्ली: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल पुरस्कारों में गिने जाने वाले World Car Awards 2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं। आयोजकों ने इस साल के अवॉर्ड्स के लिए छह अलग-अलग कैटेगरी में टॉप तीन फाइनलिस्ट कारों की घोषणा कर दी है।
इन विजेताओं का ऐलान 1 अप्रैल 2026 को अमेरिका में होने वाले New York International Auto Show के उद्घाटन समारोह के दौरान किया जाएगा। इस बार दुनिया के 33 देशों के 98 ऑटोमोबाइल पत्रकारों की जूरी ने वोटिंग के जरिए इन कारों का चयन किया है। सबसे चर्चित कैटेगरी World Car of the Year में तीन मजबूत दावेदार सामने आए हैं— BMW iX3, Hyundai Palisade और Nissan Leaf। ये तीनों कारें अपने डिजाइन, तकनीक और परफॉर्मेंस के कारण चर्चा में रही हैं।
इलेक्ट्रिक वाहनों की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए World Electric Vehicle कैटेगरी भी बेहद अहम मानी जा रही है। इसमें BMW iX3, MercedesBenz CLA और Nissan Leaf को फाइनलिस्ट बनाया गया है। लग्जरी कार सेगमेंट में भी जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। World Luxury Car कैटेगरी में Cadillac Vistiq, Lucid Gravity और Volvo ES90 टॉप तीन में शामिल हैं। World Performance Car कैटेगरी में BMW M2 CS, Chevrolet Corvette ERay और Hyundai Ioniq 6 N को चुना गया है।
छोटे शहरों और शहरी जरूरतों के लिए बनी कारों की World Urban Car कैटेगरी में Baojun Yep Plus / Chevrolet Spark EUV, Firefly और Hyundai Venue को जगह मिली है। World Car Design of the Year के लिए Kia PV5, Mazda 6e / Mazda EZ6 और Volvo ES90 को फाइनलिस्ट घोषित किया गया है।
ऑटो उद्योग में इन अवॉर्ड्स को बेहद प्रतिष्ठित माना जाता है क्योंकि यह नई तकनीक, बेहतर डिजाइन और पर्यावरण के अनुकूल मोबिलिटी को बढ़ावा देते हैं। यही कारण है कि दुनिया की बड़ी कार कंपनियां इन पुरस्कारों को जीतने के लिए लगातार नई-नई तकनीक और इनोवेशन पर काम करती हैं। अब सभी की नजरें 1 अप्रैल पर टिकी हैं, जब न्यूयॉर्क में इस साल की विजेता कारों से पर्दा उठेगा।
