गुरुग्राम: प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट की दिग्गज कंपनी BMW Motorrad India ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2026 से कंपनी की पूरी मोटरसाइकिल रेंज की कीमतों में 6 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी। यह फैसला भारत में निर्मित और विदेशों से आयात (सीबीयू) दोनों तरह के मॉडलों पर लागू होगा। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह बराड़ ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे मुख्य रूप से आर्थिक दबावों को जिम्मेदार ठहराया है। नई कीमतें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी, ऐसे में इच्छुक ग्राहक इससे पहले बुकिंग कर मौजूदा दामों का फायदा उठा सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि विदेशी मुद्रा का दबाव है। डॉलर और यूरो के मुकाबले भारतीय रुपये में लगातार गिरावट से आयात लागत बढ़ गई है। कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। इसके अलावा परिवहन और लॉजिस्टिक्स की लागत में इजाफा हो गया है। कंपनी के अनुसार, कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता और डीलर नेटवर्क के मुनाफे को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम अनिवार्य है।
BMW Motorrad India के पोर्टफोलियो में भारत में असेंबल की जाने वाली बाइक्स के साथ-साथ प्रीमियम आयातित मॉडल भी शामिल हैं। ‘मेड इन इंडिया’ रेंज में BMW G 310 RR और इलेक्ट्रिक BMW CE 02 जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं, जिन्होंने एंट्री-लेवल प्रीमियम सेगमेंट में ब्रांड की पकड़ मजबूत की है। वहीं, प्रीमियम सेगमेंट में कंपनी कई CBU (कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट) मोटरसाइकिलें भी बेचती है, जिनमें BMW F 900 GS, F 900 GSA, R 1300 GS, R 1300 GSA, M 1000 RR, M 1000 R, S 1000 RR, S 1000 R, R 18 Transcontinental, R 12, R 12 nineT, R 1250 RT, K 1600 B, K 1600 GTL, K 1600 GA, C 400 GT और CE 04 शामिल हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों के लिए BMW India Financial Services के जरिए आकर्षक फाइनेंस विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
