नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (e2W) सेगमेंट में मार्च 2026 में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। Vahan portal के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने अब तक 1.7 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिक चुके हैं, जो पिछले साल मार्च के मुकाबले करीब 36% ज्यादा हैं।
यह तेजी सिर्फ ऑफर्स या नए मॉडल्स की वजह से नहीं, बल्कि पेट्रोल-डीजल की कमी और बढ़ती कीमतों के डर ने भी लोगों को इलेक्ट्रिक की ओर तेजी से मोड़ा है। यही कारण है कि मार्च में हर 10 में से लगभग 1 टू-व्हीलर इलेक्ट्रिक रहा, जिससे EV की बाजार हिस्सेदारी 6% से बढ़कर 9% से ज्यादा हो गई। हालांकि पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो ग्रोथ थोड़ी संतुलित रही। FY25 में जहां करीब 11.11 लाख यूनिट्स बिकी थीं, वहीं FY26 में अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 13.34 लाख यूनिट्स पहुंचा है, यानी करीब 20% की सालाना बढ़ोतरी।
मार्केट लीडरशिप में भी बड़ा उलटफेर हुआ है। TVS Motor Company ने बाज़ी मारते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है, जबकि Bajaj Auto दूसरे नंबर पर है। कभी नंबर-1 रही Ola Electric अब फिसलकर चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, Ather Energy ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। कंपनी की बिक्री में करीब 81% की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दूसरी तरफ Ola Electric की बिक्री आधे से भी कम रह गई है, जो कंपनी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि फॉसिल फ्यूल की उपलब्धता को लेकर चिंता और इंटरनेशनल हालात, जैसे US-Israel-Iran conflict, भी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट्स ने भी बिक्री को बढ़ावा दिया है। कई कंपनियां वित्त वर्ष के अंत में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बड़े ऑफर्स दे रही हैं।सरकार ने भी इस सेक्टर को राहत देते हुए PM e-DRIVE योजना के तहत ₹5,000 की सब्सिडी को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है, जिससे आने वाले महीनों में भी EV बिक्री को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। मार्च 2026 ने साफ कर दिया है कि भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की डिमांड अब रफ्तार पकड़ चुकी है और आने वाले समय में यह ट्रेंड और भी तेज होने वाला है।
