नई दिल्ली: इटली की मशहूर प्रीमियम बाइक कंपनी Ducati ने इंडिया में नई सुपरबाइक Panigale V4 R को लॉन्च किया है। यह कंपनी की अब तक की सबसे ताकतवर, सबसे तेज़ और पूरी तरह रेस ट्रैक को ध्यान में रखकर बनाई गई बाइक है। यह बाइक हाई-स्पीड रेसिंग, ट्रैक पर परफॉर्मेंस और प्रोफेशनल लेवल राइडिंग के लिए तैयार की गई है।
इस सुपरबाइक को World Superbike Championship जैसी इंटरनेशनल रेस में दौड़ने के लिए तैयार किया जाता है। अब इसे कानूनी तौर पर सड़क पर चलाने लायक बना दिया गया है। इसमें इस्तेमाल की गई तकनीकें MotoGP और WorldSBK की रेस बाइकों से सीधे ली गई हैं। भारत में Ducati Panigale V4 R की एक्स-शोरूम कीमत 84.99 लाख रुपये रखी गई है। यह सुपरबाइक सिर्फ Ducati Red कलर में उपलब्ध है। इसे देशभर के Ducati डीलरशिप्स से बुक किया जा सकता है। भारत में 2025 मॉडल की पहली और इकलौती Panigale V4 R की डिलीवरी 1 जनवरी 2026 को Ducati Chennai ने की।
इस सुपरबाइक में लगा 998 cc का Desmosedici Stradale R इंजन असल में रेसिंग के लिए बनाया गया इंजन है। यह इंजन जब पूरी ताकत से चलता है तो 15,500 rpm (यानी बहुत तेज़ घूमने पर) 218 हॉर्सपावर पैदा करता है। जितना तेज़ इंजन घूमता है, उतनी ही ज्यादा पावर देता है । यह इंजन 16,500 rpm तक घूम सकता है, जो आम बाइक्स से कहीं ज्यादा है। अगर इसमें रेसिंग एग्जॉस्ट लगाया जाए तो पावर बढ़कर 235 हॉर्सपावर तक पहुंच जाती है। जब इसमें Ducati Corse Performance Oil का इस्तेमाल किया जाता है, तो इंजन और ज्यादा ताकतवर हो जाता है और पावर 239 हॉर्सपावर तक चली जाती है। Panigale V4 R 330 km/h से भी ज्यादा की रफ्तार पकड़ सकती है।
Panigale V4 R में दिया गया Ducati Racing Gearbox (DRG) बिल्कुल रेसिंग स्टाइल का है। इसमें न्यूट्रल गियर को पहले गियर के नीचे रखा गया है। तेज़ रफ्तार पर हार्ड ब्रेकिंग करते समय गलती से न्यूट्रल लगने का खतरा खत्म हो जाता है। Panigale V4 R सिर्फ एक सुपरबाइक नहीं, बल्कि MotoGP टेक्नोलॉजी से लैस एक चलता-फिरता रेसिंग हथियार है—जो भारत में परफॉर्मेंस बाइकिंग की परिभाषा बदलने आया है।
