ई-बाइक्स अब होंगी सस्ती : EV मोटर में क्रांति, Iron Nitride मैग्नेट से बदलेगा गेम

नई दिल्ली: आज तक जब भी इलेक्ट्रिक बाइक या स्कूटर की बात होती थी, तो लोग बस यही पूछते थे—एक बार चार्ज करने पर कितनी दूर चलेगी और स्पीड कितनी है। लेकिन अब मामला आगे बढ़ चुका है। अब सवाल यह है कि तकनीक कितनी मजबूत, टिकाऊ और भरोसेमंद साबित होगी। इसी सोच के साथ भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी Matter ने एक बड़ा फैसला लिया है। Matter ने अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनी Niron Magnetics के साथ हाथ मिलाया है। इसका मकसद ऐसी इलेक्ट्रिक मोटर बनाना जिसमें रेयर-अर्थ मिनरल्स का इस्तेमाल न हो।

आज ज्यादातर इलेक्ट्रिक गाड़ियों और बाइक्स की मोटर में खास किस्म की धातुएं लगती हैं, जिन्हें रेयर-अर्थ कहा जाता है। ये धातुएं बहुत महंगी होती हैं। इनके खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। और इनकी सप्लाई कुछ ही देशों पर निर्भर रहती है। Matter और Niron की साझेदारी से अब EV मोटर बनाने के लिए ऐसे विकल्प पर काम किया जा रहा है, जो पर्यावरण के लिए बेहतर हो, कम लागत वाला हो और सप्लाई चेन के झंझट से बचाए।

अब Matter अपनी आने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों में Niron की नई Iron Nitride मैग्नेट टेक्नोलॉजी को टेस्ट करेगी। Iron Nitride मैग्नेट रेयर-अर्थ मिनरल्स नहीं लगते। कोई क्रिटिकल या दुर्लभ धातु इस्तेमाल नहीं होती। फिर भी मोटर की ताकत और स्पीड पर असर नहीं पड़ता। Iron Nitride टेक्नोलॉजी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को सस्ती, मजबूत और पर्यावरण के लिए बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

CES 2026 दुनिया का सबसे बड़ा टेक शो है। वहां Matter और Niron ने अपनी इस साझेदारी का पहला काम करता हुआ मॉडल (प्रोटोटाइप) दिखाया। यह सिर्फ एक आइडिया नहीं था, बल्कि ऐसी मोटर और सिस्टम पेश किया गया जो असल में चल सकता है। इस प्रोटोटाइप में Matter का लिक्विड-कूल्ड पावरट्रेन शामिल था, जिससे मोटर ज्यादा गरम नहीं होती। इसके साथ बेहतर कंट्रोल और परफॉर्मेंस के लिए Matter का खुद का गियरबॉक्स, शानदार ड्राइव के लिए एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और Niron की नई Iron Nitride मैग्नेट टेक्नोलॉजी भी इसमें शामिल थी।

अगर यह टेक्नोलॉजी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने लगी तो इलेक्ट्रिक बाइक्स बनाने की लागत कम हो सकती है। रेयर-अर्थ मिनरल्स पर निर्भरता घटेगी। Matter–Niron की यह जोड़ी इलेक्ट्रिक बाइक इंडस्ट्री का पूरा खेल बदलने की ताकत रखती है।