वर्ल्ड कप जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम की हर शेरनी को मिलेगा Tata Sierra SUV का तोहफा

मुंबई: इंडियन महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत का जश्न अब और यादगार हो गया है। Tata Motors ने हाल ही में क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली इंडियन महिला क्रिकेट टीम को यादगार तरीके से सम्मानित करने की घोषणा की है। Tata Motors विश्व कर जीतने वाली टीम की हर खिलाड़ी को अपनी आने वाली ब्रैंड न्यू एसयूवी Tata Sierra गिफ्ट करेगी।

कहते हैं कि हौसलों की उड़ान को कोई नहीं रोक सकता। और कुछ ऐसी ही उड़ान इन दिनों भारतीय महिला क्रिकेट टीम भर रही है और वर्ल्ड कप जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि महिलाएं चाह लें तो कुछ भी कर सकती हैं। यह सम्मान सिर्फ एक गाड़ी नहीं, बल्कि “Legend Meets Legends” की मिसाल है — जहां देश की बेटियां और भारत की दिग्गज कार, दोनों अपनी पहचान, मजबूती और जुनून से नई प्रेरणा दे रही हैं।

Tata Motors Passenger Vehicles Limited के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन और जीत से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उनका जज़्बा, आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। हमें गर्व है कि हम इन लीजेंड्स को एक और लीजेंड Tata Sierra के साथ सम्मानित कर रहे हैं। यह उनके जुनून और देश को दिलाई गई इस गौरवशाली जीत के लिए हमारी कंपनी का सलाम है।“

Tata Sierra 25 नवंबर 2025 को लॉन्च होगी। आधुनिक डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस और क्लासिक स्टाइल का मेल है। यह एसयूवी टाटा मोटर्स की विरासत को भविष्य की तकनीक से जोड़ती है। इस सम्मान के साथ टाटा मोटर्स ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जीत सिर्फ ट्रॉफी से नहीं, बल्कि सम्मान और प्रेरणा से भी बड़ी होती है।