नई दिल्ली: एडवेंचर बाइक सेगमेंट में बड़ा धमाका होने वाला है। BMW Motorrad ने आधिकारिक तौर पर कन्फर्म कर दिया है कि कंपनी की नई मिड-कैपेसिटी एडवेंचर बाइक BMW F 450 GS 23 अप्रैल 2026 को इंडिया में ग्रैंड एंट्री करेगी। यह लॉन्च BMW के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए कंपनी मिड-साइज़ एडवेंचर टूरिंग सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने जा रही है।
यह बाइक पहली बार ग्लोबली EICMA 2025 में पेश की गई थी और अब इसका प्रोडक्शन वर्जन इंडिया में लॉन्च के लिए तैयार है। यह BMW की सबसे किफायती ट्विन-सिलेंडर GS बाइक होगी, जो ज्यादा लोगों तक ब्रांड को पहुंचाने में मदद करेगी। नई BMW F 450 GS पूरी तरह नए 450cc प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो कंपनी के पुराने 310cc रेंज को धीरे-धीरे रिप्लेस करेगा। इस बाइक का निर्माण भारत में TVS Motor Company के होसुर प्लांट में किया जाएगा, जो BMW और TVS की लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और मजबूत करता है।
इसमें 420cc का पैरेलल-ट्विन इंजन मिलेगा, जो 48bhp की पावर और 43Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आएगा, जो पावर और रोजमर्रा की उपयोगिता के बीच शानदार बैलेंस देगा। बाइक में ट्यूबलर स्टील फ्रेम, फ्रंट में अपसाइड-डाउन फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन मिलेगा। साथ ही 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील सेटअप इसे एक असली एडवेंचर टूरर बनाता है।
ब्रेकिंग के लिए इसमें 310mm फ्रंट और 240mm रियर डिस्क दिए गए हैं, साथ में कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और Rain, Road, Enduro जैसे मल्टीपल राइडिंग मोड्स भी मिलते हैं। फीचर्स के मामले में भी BMW F 450 GS काफी एडवांस है। इसमें 6.5-इंच TFT डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, LED लाइटिंग और Shift Assistant Pro जैसे फीचर्स मिलते हैं। खास तौर पर Easy Ride Clutch टेक्नोलॉजी इसे नए राइडर्स के लिए भी आसान बनाती है, क्योंकि लो स्पीड पर क्लच अपने आप आंशिक रूप से काम करता है।
ग्लोबल मार्केट में यह बाइक Base, Sport, Trophy और Exclusive जैसे वेरिएंट्स में आती है, हालांकि भारत में कौन-कौन से वेरिएंट्स लॉन्च होंगे, यह अभी साफ नहीं है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है, जो इसे BMW की GS सीरीज में एक प्रीमियम लेकिन अपेक्षाकृत किफायती एंट्री पॉइंट बना सकती है।
