नई दिल्ली: त्योहारों से पहले Maruti Suzuki ने ग्राहकों और डीलर्स के लिए धमाका कर दिया है। Maruti ने सिर्फ कारों पर ही नहीं बल्कि पार्ट्स पर भी GST का पूरा फायदा ग्राहकों को देने का मन बनाया है। जिससे कारों के दाम घटेंगे, खरीदारों को EMI देनी पड़ेगी और जेब में ज्यादा पैसा बचेगा। जीएसटी कटौती के बाद Alto से लेकर XL6 और Invicto तक, हर मॉडल किफायती हुआ है।
Maruti Suzuki ने अपने कारों की कीमत में तकरीबन 1.29 लाख रुपये तक की बंपर कटौती कर दी है, जिससे कंपनी की सबसे सस्ती कार की शुरुआती कीमत महज 3.50 लाख रुपये हो गई है। अब ऑल्टो के10 कंपनी की सबसे सस्ती कार नहीं रह गई है। अब इससे भी कम दाम में Maruti S-Presso मिल रही है। Maruti Suzuki ने छोटी-बड़ी अपनी सभी गाड़ियों की नई कीमतों का ऐलान किया है। S-Presso की एक्स-शोरूम कीमत में 1,29,600 रुपये तक की कमी आई है। इस मॉडल की शुरुआती कीमत अब 3,49,900 रुपये हो गई है।
Maruti Suzuki ने कहा है कि सिर्फ कारों पर ही नहीं, बल्कि स्पेयर पार्ट्स पर भी GST का पूरा फायदा ग्राहकों और डीलर्स को देगी। इससे दाम कम रहेंगे और डीलर नेटवर्क भी मजबूत रहेगा। GST कटौती के साथ-साथ RBI का रेपो रेट कट, इनकम टैक्स रिबेट जैसी नीतियां भी जुड़ गई हैं। इससे EMI कम होगी, लोगों की जेब में ज्यादा पैसा बचेगा और कार खरीदना आसान होगा। Maruti का अनुमान है कि ग्राहकों को कुल 8.5% नेट फायदा मिलेगा। ये दाम अभी साल के अंत तक के लिए हैं, उसके बाद रिव्यू होगा। लेकिन Maruti को भरोसा है कि अगले वित्त वर्ष में ऑटो इंडस्ट्री 6–7% की ग्रोथ करेगी।
Maruti का कहना है कि हैचबैक ही पहला कदम हैं, जहां से लोग दो-पहिया से चार-पहिया की ओर बढ़ते हैं। अभी भारत में 266 मिलियन टू-व्हीलर हैं और सिर्फ 48 मिलियन फोर-व्हीलर। इसलिए Alto, WagonR जैसी एंट्री-लेवल कारों से Maruti ज्यादा परिवारों को कार ओनरशिप में लाना चाहती है। Alto की अब तक 4.6 मिलियन यूनिट्स बिक चुकी हैं और WagonR पिछले 4 साल से लगातार टॉप-सेलिंग मॉडल है। अब GST कटौती के सहारे Maruti यही सफलता SUVs और प्रीमियम कारों तक भी दोहराना चाहती है।
