नई दिल्ली: दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी में ग्लोबल लीडर Valeo के साथ हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियों ने मिलकर Advanced Rider Assistance Systems (ARAS) विकसित करने का समझौता किया है।
Hero MotoCorp और Valeo की यह साझेदारी आपकी बाइक या स्कूटर को एक डिजिटल सहायक (को-पायलट) देगी।अब आप अकेले सड़क पर नहीं होंगे, बल्कि आपके वाहन के अंदर एक स्मार्ट सिस्टम हमेशा चौकस रहेगा। जैसे ही सड़क पर कोई अचानक खतरा या रुकावट आएगी, यह आपको तुरंत सिग्नल, अलर्ट या चेतावनी देगा।
अगर कोई वाहन बहुत पास आ रहा है या सामने टक्कर का खतरा है, तो ARAS तुरंत चेतावनी देगा। लेन बदलते समय, ब्लाइंड स्पॉट या पीछे से आने वाले वाहन का पता चल जाएगा। पैदल चलने वाले, सड़क पर खड़े वाहन या ट्रैफिक साइन तक को यह सिस्टम रियल-टाइम में पहचान सकेगा। यह तकनीक आपके लिए एक डिजिटल साथी की तरह काम करेगी, जो हर समय आपकी सुरक्षा का ध्यान रखेगा और आपको सड़क पर सुरक्षित रखने में मदद करेगी।
इस साझेदारी का मकसद राइडर्स की सुरक्षा बढ़ाना है। ARAS सिस्टम में लगे सेंसर, राडार और स्मार्ट कैमरा टेक्नोलॉजी के जरिए बाइक और स्कूटर में एक डिजिटल को-पायलट तैयार होगा। राइडिंग के समय ARAS आपकी सुरक्षा का ध्यान रखेगा, टक्कर और हादसों से बचाएगा, और राइडिंग अनुभव को पूरी तरह स्मार्ट और भरोसेमंद बनाएगा।
सोचिए आप शाम के ट्रैफिक में बाइक चला रहे हैं। चारों तरफ गाड़ियां, पैदल लोग, सिग्नल, और रोशनी कम है। ऐसे में बाइक में उच्च रिज़ॉल्यूशन कैमरा हर जगह नजर रखता है। पैदल चलने वाले, सड़क पर खड़े वाहन, लेन डिटेक्शन, ट्रैफिक साइन—सबको पहचानता है। रोशनी कम होने पर भी स्मार्ट इमेज प्रोसेसिंग से सड़क और रुकावटें साफ दिखाई देती हैं। रात या धुंध में भी आपकी सुरक्षा बनी रहती है।
इस टेक्नोलॉजी की झलक CES 2026, लास वेगास में दिखाई गई, जहां लोग सीधे अनुभव कर पाए कि कैसे ARAS डिजिटल को-पायलट की तरह बाइक को हर खतरे से बचाता है। Hero और Valeo की यह जोड़ी दोपहिया सुरक्षा और स्मार्ट टेक्नोलॉजी के नए युग का बड़ा धमाका साबित हो रही है।
