नई दिल्ली: देश के दोपहिया बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी Honda Motorcycle and Scooter India ने एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। Honda Motorcycle and Scooter India ने बुधवार को कोलकाता में ऐलान किया कि कंपनी ने पूर्वी इंडिया में अब तक 1 करोड़ दोपहिया वाहन बेच दिए हैं।
कंपनी की बाइक और स्कूटर इस पूरे इलाके में बहुत ज्यादा बिक रही है और लोग उन पर भरोसा कर रहे हैं। यह सफलता सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों में भी Honda की गाड़ियां खूब पसंद की जा रही हैं। रोजमर्रा के काम—जैसे ऑफिस जाना, बाजार जाना या गांव-शहर के बीच आना-जाना—इन सबके लिए लोग ज्यादा से ज्यादा दोपहिया वाहन खरीद रहे हैं, जिससे कंपनी की बिक्री बढ़ी है।
कोलकाता, पटना, रांची, भुवनेश्वर और गुवाहाटी जैसे शहरों में ज्यादा मांग रही, जहां नए ग्राहक तेजी से गाड़ियां खरीद रहे हैं। कंपनी के कुछ मॉडल्स जैसे Honda Activa, Honda Dio स्कूटर, Honda SP125 व Honda Shine 125 बाइक की काफी डिमांड रही। Honda का बड़ा नेटवर्क (1200+ शोरूम और सर्विस सेंटर) भी एक बड़ा कारण है, जिससे लोगों को सर्विस आसानी से मिलती है और वे कंपनी पर भरोसा करते हैं।
कंपनी के अधिकारी Mutsuo Usui का कहना है कि यह 1 करोड़ की बिक्री दिखाती है कि Honda की गाड़ियां लोगों की रोज की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं। Honda की गाड़ियां भरोसेमंद, आसानी से उपलब्ध और रोजमर्रा के काम के लिए सही होने की वजह से पूर्वी भारत में इतनी ज्यादा बिक रही हैं।
Honda की गाड़ियां टिकाऊ होती हैं, जल्दी खराब नहीं होतीं और अगर बाद में बेचनी पड़े तो अच्छी कीमत मिलती है। इसी वजह से नए ग्राहक भी Honda को चुनते हैं और जो पहले से इस्तेमाल कर रहे हैं, वे भी दोबारा इसी ब्रैंड पर भरोसा करते हैं। अब कंपनी सिर्फ पेट्रोल गाड़ियों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि भविष्य को देखते हुए इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) में भी उतर चुकी है। Honda Activa e और Honda QC1 जैसे मॉडल्स के जरिए Honda यह दिखा रही है कि वह आने वाले समय की जरूरतों के लिए भी तैयार है।
