Hyundai Venue की बुकिंग 1 लाख के पार, 13.69 लाख रुपये में नया HX8 Diesel AT वेरिएंट लॉन्च

नई दिल्ली: Hyundai Motor India Limited की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Hyundai Venue ने इंडिया में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कंपनी के मुताबिक नई Hyundai Venue की बुकिंग 1 लाख के पार पहुंच गई है। इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए कंपनी ने इसका नया HX8 Diesel Automatic (AT) वेरिएंट भी लॉन्च कर दिया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹13,69,900 रखी गई है।

Hyundai Venue की कीमत फिलहाल करीब ₹8 लाख से ₹15.69 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है। अब तक Venue के डीजल वेरिएंट HX2, HX5, HX7 और HX10 ट्रिम में मिलते थे, लेकिन अब नया HX8 Diesel AT वेरिएंट जोड़कर कंपनी ने लाइनअप को और मजबूत कर दिया है। यह वेरिएंट खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है जो डीजल की बेहतर माइलेज और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की सुविधा दोनों चाहते हैं। नई Hyundai Venue HX8 Diesel AT में कंपनी का U2 1.5-लीटर CRDi डीजल इंजन दिया गया है, जो 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है। यह इंजन मजबूत टॉर्क और स्मूद परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है, जिससे यह कार शहर की ड्राइविंग और हाइवे दोनों के लिए उपयुक्त मानी जाती है।

इस वेरिएंट में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसमें फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, Venue ब्रांडिंग के साथ ड्यूल-टोन लेदरेट अपहोल्स्ट्री, और 4-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा इसमें Hyundai Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट, और डैशबोर्ड तथा सेंटर कंसोल पर एम्बिएंट लाइटिंग भी दी गई है। सुरक्षा और ड्राइविंग के लिहाज से भी इस वेरिएंट में कई फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक के साथ ऑटो होल्ड, रियर डिस्क ब्रेक, ड्राइव मोड्स – Eco, Normal और Sport, ट्रैक्शन कंट्रोल मोड्स – Sand, Mud और Snow, और पैडल शिफ्टर्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

Hyundai Motor India Limited ने Venue की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए नया HX8 Diesel Automatic वेरिएंट पेश किया है, जिससे कंपनी को उम्मीद है कि कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में Hyundai Venue की पकड़ और मजबूत होगी।