2027 में Made-in-India Honda 0 Alpha का होगा महाधमाका, एक चार्ज में चलेगी 500+ किमी

नई दिल्ली: इंडिया में इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में बड़ा धमाका होने जा रहा है। Honda Cars India ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि उसकी नई इलेक्ट्रिक SUV Honda 0 Alpha साल 2027 में इंडिया में लॉन्च होगी। यह कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक कार होगी जो सीधे भारत में बनाई जाएगी। Honda 0 Alpha एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV है, जिसे भारत में ही बनाया जाएगा।

इसकी अनुमानित कीमत 17-22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसमें 65kWh से 75kWh तक के बैटरी पैक मिल सकते हैं, जो एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से अधिक की रेंज दे सकते हैं। यह कार मात्र 15 मिनट में 15% से 80% तक चार्ज होने की क्षमता भी रख सकती है। यह 0 सीरीज की पहली कार होगी, जो हुंडई क्रेटा ईवी (Hyundai Creta EV) और मारुति सुजुकी ई-विटारा (Maruti Suzuki eVitara) को टक्कर देगी।

Honda ने अपने ऑफिशियल X पोस्ट के जरिए बताया कि “इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के नए दौर की शुरुआत” होने वाली है। हालांकि लॉन्चिंग की सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है, लेकिन 2027 का टाइमलाइन कन्फर्म हो चुका है। यह SUV Honda की ग्लोबल 0 Series का हिस्सा है, जिसे पिछले साल जापान मोबिलिटी शो में पेश किया गया था। 0 Alpha को भारत में ही बनाया जाएगा, जिससे इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी रहने की उम्मीद है। कंपनी ने इसके अलावा बड़ी 0 SUV और 0 Saloon भी दिखाई थी, लेकिन 0 SUV भारत में CBU (पूरी तरह से आयात) के जरिए आएगी, जबकि 0 Saloon फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीमित रहेगी।

Honda 0 Alpha का लुक काफी मॉडर्न और फ्यूचरिस्टिक होगा। सामने की तरफ कनेक्टेड LED DRL स्ट्रिप मिलेगी, जो हेडलाइट का भी काम करेगी। ग्रिल पूरी तरह से क्लोज्ड और ब्लैक होगी, जिसमें नया इल्यूमिनेटेड Honda लोगो दिया जाएगा। नीचे की तरफ शार्प बंपर, सिल्वर एलिमेंट्स और बड़ा एयर डैम इसे स्पोर्टी लुक देंगे। साइड प्रोफाइल में 18-19 इंच के एयरो अलॉय व्हील्स, ग्लॉस ब्लैक क्लैडिंग और फ्लश डोर हैंडल मिलेंगे। पीछे का डिजाइन सबसे अलग है, जहां U-शेप LED टेललाइट और डबल-बबल डिफ्यूजर इसे यूनिक पहचान देंगे। इसमें 65 kWh और 75 kWh के दो बैटरी विकल्प मिलेंगे। सिंगल मोटर और फ्रंट-व्हील-ड्राइव सेटअप दिया जा सकता है।