Mahindra BE 6 EV आग मामला : बैटरी और मोटर सुरक्षित, पंक्चर टायर बना हादसे का सबब

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हापुड जिले में बीच सड़क Mahindra की इलेक्ट्रिक कार Mahindra BE 6 धू-धू कर जल उठी, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Mahindra & Mahindra ने इस मामले में जारी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि कार की बैटरी इस आग का कारण नहीं है। कार का पिछला टायर पंक्चर था। इसके बावजूद कार को करीब 60 km/h की रफ्तार से लगभग 10 मिनट तक चलाया गया। बिना हवा वाले टायर पर गाड़ी चलाने से टायर और सड़क के बीच बहुत ज्यादा घर्षण हुआ। इस रगड़ से टायर बहुत ज्यादा गर्म हो गया और उसी गर्मी से आग लग गई।कंपनी ने जांच में बताया कि कार की हाई-वोल्टेज बैटरी पूरी तरह सुरक्षित थी। इलेक्ट्रिक मोटर को भी कोई नुकसान नहीं हुआ।

पुलिस ने बताया कि घटना हापुड के कुराना टोल प्लाजा पर बीते रविवार यूपी 13 यू 7555 नंबर की यह इलेक्ट्रिक एसयूवी बुलंदशहर से हापुड़ की ओर जा रही थी। कार के मालिक अमन खरबंदा वाहन चला रहे थे। कुराना टोल प्लाजा के पास कार से अचानक धुआं निकलने लगा। कार से धुंआ निकलते देख चालक ने कार को सड़क के किनारे रोककर किसी तरह बाहर निकल कर जान बचाई।

Mahindra ने यह निष्कर्ष साइट पर जांच, कार के ऑनबोर्ड सेंसर डेटा और सॉफ्टवेयर डायग्नोस्टिक्स के आधार पर निकाला है। Mahindra ने यह भी बताया कि घटना के दौरान गाड़ी के सेफ्टी सिस्टम ने काम किया। कार ने टायर का तापमान ज्यादा होने की चेतावनी दी और खुद-ब-खुद सुरक्षा सिस्टम एक्टिव हो गए। इसके बाद गाड़ी की स्पीड लिमिट कर दी गई और अंत में सिस्टम बंद करके कार को पूरी तरह रोक दिया गया।

इस दौरान कार के Electronic Stability Program (ESP) और Traction Control System (TCS) भी सही तरीके से काम कर रहे थे और व्हील स्पिन को कंट्रोल कर रहे थे। कार की हाई-वोल्टेज बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर पूरी तरह सुरक्षित और सही हालत में पाए गए। Mahindra ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल विडियो के विश्लेषण से भी इन निष्कर्षों की पुष्टि हुई है। यह मामला वाहन रखरखाव और टायर की नियमित जांच की अहमियत को भी दर्शाता है।