Mahindra का ई-ऑटो UDO लॉन्च : एयरोप्लेन जैसा डिजाइन, सिंगल चार्ज में 265 किमी की उड़ान

नई दिल्ली: Mahindra Last Mile Mobility Limited ने Mahindra UDO नाम से नया इलेक्ट्रिक ऑटो ₹3,58,999 (शुरुआती एक्स-शोरूम) में लॉन्च किया है, जो एक बार चार्ज में 200 किमी तक चलने का दावा करता है।

हैदराबाद में Mahindra Last Mile Mobility Limited ने अपने नए इलेक्ट्रिक तीनपहिया वाहन Mahindra UDO से पर्दा उठाया है। सीमित समय के लिए इसकी शुरुआती कीमत ₹3,58,999 (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि नियमित कीमत ₹3,84,299 है। कंपनी का दावा है कि यह ई-ऑटो एक बार फुल चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक वास्तविक ड्राइविंग रेंज देता है, जबकि ARAI प्रमाणित रेंज 265 किमी है।

Mahindra UDO को हवाई जहाज से प्रेरित डिजाइन दिया गया है, जिसे कंपनी “ऑटोप्लेन” कह रही है। ‘UDO’ का मतलब होता है ‘उड़ो’, और डिजाइन में यही सोच झलकती है। इसमें सेगमेंट में पहली बार फुल मोनोकोक बॉडी दी गई है। बड़े हेडलैंप, स्टाइलिश मिरर और चौड़ा विंडशील्ड इसे मॉडर्न और अलग लुक देते हैं।

ड्राइवर के लिए ‘पायलट सीट’ दी गई है, जो आम ऑटो सीट से करीब 20% ज्यादा मोटी बताई गई है, ताकि लंबी ड्यूटी में थकान कम हो। यात्रियों के लिए ज्यादा लेगरूम, बेहतर हेडरूम और चौड़ी सीटें दी गई हैं, जिससे सफर पहले से ज्यादा आरामदायक हो सके। इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन और ड्यूल फोर्क फ्रंट सस्पेंशन खराब सड़कों पर भी झटके कम करने में मदद करते हैं।

इसमें 11.7 kWh की IP67 रेटेड लिथियम-आयन बैटरी और 10 kW पीक पावर वाला PMS मोटर दिया गया है, जो 52 Nm टॉर्क पैदा करता है। इसमें Range, Ride और Race तीन ड्राइव मोड मिलते हैं। Race मोड में इसकी टॉप स्पीड 55 किमी प्रति घंटा है। ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए रिवर्स थ्रॉटल, क्रीप मोड, हिल होल्ड असिस्ट और रीजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे फीचर दिए गए हैं।

कंपनी 6 साल या 1.5 लाख किमी की वारंटी दे रही है, साथ ही 1 लाख किमी तक फ्री सर्विस और UDAY NXT स्कीम के तहत ₹20 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस भी मिलेगा। यह ई-ऑटो Zaheerabad में Mahindra के प्लांट में तैयार किया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि यह शहरों में छोटी दूरी की सवारी (जैसे स्टेशन से घर, बाजार से कॉलोनी तक) के सफर को पहले से बेहतर बना देगा। यह ऑटो सिर्फ नया मॉडल नहीं है। कंपनी का दावा है कि इससे रोज़मर्रा की छोटी दूरी की यात्रा का तरीका बदल सकता है।