फरवरी 2026 में आटो सेक्टर में MAHINDRA की दहाड़ : 97177 गाड़ियां और 60018 SUV बिकीं

नई दिल्ली: फरवरी 2026 में ऑटो बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। Mahindra & Mahindra Ltd. ने सिर्फ एक महीने में 97,177 वाहनों की कुल बिक्री दर्ज कर 18% की दमदार सालाना बढ़त हासिल की है। SUV सेगमेंट में कंपनी ने 60,018 यूनिट की बिक्री के साथ 19% की तेज छलांग लगाई। घरेलू बाजार से लेकर निर्यात तक, हर मोर्चे पर Mahindra ने मजबूती दिखाई है। अगर निर्यात जोड़ दें तो कुल SUV बिक्री 60,685 यूनिट तक पहुंच गई। कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा के अनुसार, SUV पोर्टफोलियो में मजबूत ग्राहक मांग के चलते यह ग्रोथ संभव हुई है।

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी Mahindra & Mahindra Ltd. ने मजबूती का परिचय दिया है। फरवरी 2026 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 24,585 कमर्शियल वाहन बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 10% अधिक हैं। माल ढुलाई और छोटे कारोबार से जुड़े वाहन बाजार में मांग स्थिर ही नहीं, बल्कि बढ़ती हुई नजर आ रही है। 2 टन से कम हल्के कमर्शियल वाहनों में 4% की हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसकी भरपाई 2 टन से 3.5 टन वाले सेगमेंट ने कर दी। इस श्रेणी में 12% की मजबूत बढ़त देखने को मिली। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला प्रदर्शन 3-व्हीलर सेगमेंट में रहा। इलेक्ट्रिक मॉडल सहित इस श्रेणी में 44% की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई। छोटे व्यवसाय, ई-कॉमर्स डिलीवरी और शहरी परिवहन में तेज विस्तार हो रहा है, और लोग किफायती व इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

2026 में अब तक कंपनी की रफ्तार और भी प्रभावशाली नजर आती है। घरेलू बाजार में अब तक 6,00,004 यूटिलिटी व्हीकल की बिक्री हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि से 19% ज्यादा है। फरवरी में 3,384 वाहनों का निर्यात हुआ, जो 11% की वृद्धि दर्शाता है। अप्रैल से फरवरी तक कुल 37,022 वाहनों का निर्यात किया गया, जो पिछले साल के मुकाबले 21% ज्यादा है। घरेलू मांग की मजबूती और विदेशी बाजारों में बढ़ती स्वीकार्यता के दम पर Mahindra & Mahindra Ltd. 2026 में लगातार मजबूत रफ्तार बनाए हुए है।