Maruti Suzuki ने 2025 में रचा नया इतिहास, बनाईं 22.55 लाख कारें

नई दिल्ली: Maruti Suzuki India Limited की गाड़ियों के प्रॉडक्शन का सफर बीते पांच वर्षों में भारत की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की बढ़ती ताकत की तस्वीर से रूबरू कराता है। 2021 में 16.29 लाख यूनिट्स से शुरू होकर कंपनी ने हर साल लगातार अपनी क्षमता को विस्तार दिया। 2025 में 22.55 लाख से अधिक वाहनों के रिकॉर्ड उत्पादन तक पहुंचकर एक नया रेकॉर्ड बनाया। यह स्थिर मांग, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क और ग्राहकों के भरोसे का प्रमाण है, जिसने Maruti Suzuki को देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी के रूप में और मजबूत किया है।

2021 से 2025 तक हर साल कंपनी का प्रॉडक्शन ग्राफ नई ऊंचाइयों पर पहुंचता गया। 2021 में Maruti Suzuki का कुल उत्पादन 16.29 लाख यूनिट्स रहा। 2022 में यह आंकड़ा बढ़कर 19.16 लाख यूनिट्स पर पहुंच गया। 2023 में कंपनी ने 19.34 लाख यूनिट्स का उत्पादन किया । 2024 में यह आंकड़ा 20.63 लाख यूनिट्स तक पहुंच गया। 2025 में Maruti Suzuki ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए करीब 22.55 लाख यूनिट्स का रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया। सिर्फ पांच साल में कंपनी ने अपने सालाना उत्पादन में 6 लाख से ज्यादा गाड़ियों का इजाफा किया।

Maruti Suzuki ने लगातार दूसरे साल 20 लाख यूनिट्स से ज्यादा उत्पादन किया है। यह उपलब्धि किसी एक साल की तेजी नहीं, बल्कि मजबूत प्लानिंग, स्थिर मांग और मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम का नतीजा है। इस रिकॉर्ड उत्पादन में Fronx, Baleno, Swift, Dzire और Ertiga जैसे पॉपुलर मॉडलों की बड़ी भूमिका रही। इन कारों की घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी लगातार मांग बनी रही।

गुरुग्राम, मानेसर और खरखौदा (हरियाणा) के प्लांट्स के साथ अब गुजरात प्लांट के शामिल होने से कंपनी की उत्पादन क्षमता को और मजबूती मिली है। इन अत्याधुनिक संयंत्रों में फिलहाल 17 मॉडल्स और 650 से ज्यादा वेरिएंट्स का निर्माण किया जा रहा है। Maruti Suzuki आने वाले वर्षों में अपनी सालाना उत्पादन क्षमता को 40 लाख यूनिट्स तक ले जाने की तैयारी कर रही है।