नई दिल्ली: NISSAN MOTOR INDIA ने फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए साल-दर-साल 23% की बढ़त दर्ज की है। कंपनी ने इस महीने कुल 10,565 गाड़ियों की बिक्री (घरेलू + निर्यात) की, जो पिछले साल की तुलना में मजबूत उछाल दर्शाती है। इनमें 2,230 यूनिट्स घरेलू बाजार में बेची गईं, जबकि 8,335 यूनिट्स का निर्यात किया गया। फरवरी में कंपनी की घरेलू थोक बिक्री 2,230 यूनिट रही, जबकि निर्यात 8,335 यूनिट रहा, जो जापानी कार निर्माता के लिए एक प्रमुख विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।
फरवरी में नई Nissan GRAVITE लॉन्च की गई। बाजार से जबरदस्त रिस्पॉन्स और तेज बुकिंग के बाद इसकी डिलीवरी 1 मार्च 2026 से पूरे देश में शुरू हो गई है। कंपनी का मानना है कि GRAVITE उसके भारत में अगले ग्रोथ फेज की मजबूत नींव बनेगी। यह मॉडल खास तौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
NISSAN के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स का कहना है कि फरवरी 2026 कंपनी के लिए सिर्फ एक अच्छा महीना नहीं, बल्कि आगे की रणनीति तय करने वाला अहम पड़ाव साबित हुआ है। निर्यात में आई मजबूती और घरेलू बाजार में बनी स्थिर मांग ने यह साबित कर दिया है कि Nissan सही दिशा में आगे बढ़ रही है। नई GRAVITE को ग्राहकों, डीलरों और बिजनेस पार्टनर्स से जो जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, उसने कंपनी का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है। मार्च से शुरू हुई डिलीवरी के बाद आने वाले महीनों में इसकी असली रफ्तार बिक्री के आंकड़ों में साफ दिखाई देगी।
आज Nissan Motor India 65 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने वाहन निर्यात कर रही है, जो इंडिया को कंपनी के लिए एक बड़े एक्सपोर्ट हब के रूप में स्थापित करता है। 2025 तक कंपनी 12 लाख (1.2 मिलियन) गाड़ियों के कुल निर्यात का आंकड़ा पार कर चुकी है। फरवरी 2026 के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि Nissan भारत में नई रफ्तार पकड़ चुकी है। GRAVITE की डिलीवरी शुरू होने के साथ कंपनी अब मजबूत प्रोडक्ट लाइनअप, बढ़ते निर्यात और विस्तारित नेटवर्क के दम पर अगले चरण की ग्रोथ के लिए तैयार है।
