50 साल बाद Range Rover का मेकओवर! नया लोगो लॉन्च, डबल ‘R’ में दिखेगा स्टाइल!

नई दिल्ली : अब तक आपने कई बार गाड़ियों का लुक और फीचर्स बदले हुए देखे होंगे लेकिन क्या आपने कभी किसी लग्जरी SUV का लोगो बदलते देखा है? जी हां, Jaguar Land Rover (JLR) ने अपनी पहली ऑल इलेक्ट्रिक Range Rover SUV पेश करने से पहले डबल ‘R’ वाला नया लोगो लॉन्च किया है। Range Rover की इलेक्ट्रिक कार लॉन्च होने से पहले ही उसका ब्रैंड मेकओवर हो चुका है। ये बदलाव पिछले 50 सालों में पहली बार हुआ है।

Range Rover का नया लोगो सिर्फ स्टाइल के लिए है। यह पूरे नाम की जगह नहीं ले रहा है। गाड़ियों से ‘Range Rover’ नाम हट नहीं रहा है। बस कुछ ऐसी जगहों पर, जैसे कार की एक्सेसरीज़, इंटीरियर डिजाइन, छोटे टैग या लेबल – जहां पूरा नाम लिखना ठीक नहीं लगता, वहां कंपनी अब डबल ‘R’ वाला नया लोगो लगाएगी। 1970 में जब पहली बार Range Rover लॉन्च हुई थी, तब से अब तक इसका लोगो एक जैसा था। JLR का नया लोगो एक कॉस्मेटिक अपग्रेड है, जो खास जगहों पर इस्तेमाल होगा लेकिन Range Rover की पहचान और नाम पहले जैसे ही रहेंगे।

अब तक Land Rover JLR का एक मुख्य ब्रैंड था और उसके तहत Range Rover, Defender, Discovery जैसी गाड़ियां आती थीं। लेकिन अब कंपनी की रणनीति बदल गई है। अब Range Rover, Defender, Discovery और Jaguar — सबको अलग-अलग ब्रांड की तरह पेश किया जाएगा। अब Range Rover अपने आप में ब्रैंड है, जिसकी अपनी पहचान, अपनी मार्केटिंग और अलग ब्रांडिंग होगी। JLR Land Rover को एक ‘ट्रस्ट मार्क’ यानी भरोसे की गारंटी के तौर पर इस्तेमाल करेगी, जैसे किसी सामान पर “ISO Certified” लिखा होता है। Range Rover एक फुल ब्रांड के रूप में बेची जाएगी, लेकिन Land Rover का नाम एक भरोसे की मुहर की तरह पीछे रहेगा।

JLR के CEO एड्रियन मर्डेल ने कहा कि भले ही अब हर SUV (जैसे Range Rover, Defender, Discovery) को अलग-अलग ब्रांड के रूप में बेचा जाएगा, लेकिन Land Rover नाम पूरी तरह खत्म नहीं होगा। नया “RR” वाला लोगो पहली बार कंपनी की आने वाली इलेक्ट्रिक Range Rover SUV में दिखेगा।