नई दिल्ली: सरकार के GST की दरों में कटौती करने के बाद देश की ऑटोमोबाइल कंपनियां इसका सीधा फायदा ग्राहकों को देने की कवायद में जुट गई हैं। इस कड़ी में Renault India ने फेस्टिव सीज़न में ग्राहकों की खुशियां डबल कर उन्हें शानदार और जबर्दस्त तोहफा दे दिया है। सरकार की नई GST 2.0 व्यवस्था का फायदा कंपनी ने सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का फैसला किया है।
Renault की कारें अब पहले से काफी सस्ती हो गई हैं। सबसे छोटी कार KWID अब ₹4.29 लाख से शुरू होगी। फैमिली-फ्रेंडली Triber और स्टाइलिश SUV Kiger की शुरुआती कीमत 5.76 लाख रुपये तय की गई है। नई कीमतें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी, जो नवरात्रि का पहला दिन है। लेकिन अच्छी बात यह है कि ग्राहक अभी से ही नई कीमत पर बुकिंग कर सकते हैं। फेस्टिव सीज़न में Renault की कारों की डिमांड काफी बढ़ेगी। इस समय लोग नई गाड़ियां खरीदना शुभ मानते हैं और कंपनी ने कीमतें घटाकर उन्हें और आकर्षक बना दिया है।
Renault India के MD वेंकट्रम ममिल्लापल्ले ने साफ कहा कि कंपनी ने GST 2.0 से मिलने वाला पूरा फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुँचाया है। यानी Renault ने अपने मुनाफे से कटौती नहीं की, बल्कि सरकार की नई टैक्स व्यवस्था से जो राहत मिली, उसे बिना कोई रोक-टोक ग्राहक तक पहुँचा दिया। अब Renault की गाड़ियां किफायती हो गई हैं। ये बदलाव ग्राहकों की जेब पर सीधा असर डालेगा।
Renault की सबसे सस्ती और एंट्री-लेवल कार KWID अब 40,000 रुपये से 55,000 रुपये तक सस्ती हो गई है। Triber (फैमिली-फ्रेंडली 7-सीटर) की कीमत में ₹53,000 से ₹80,000 तक की कटौती हुई है। मिडिल-क्लास फैमिली के लिए यह MPV खरीदना पहले से और आसान हो चुका है। Kiger (स्टाइलिश SUV और सबसे पॉपुलर मॉडल) में सबसे ज्यादा 96,000 रुपये तक की सीधी राहत मिलेगी। ग्राहक लगभग 1 लाख रुपये की बचत कर सकते हैं। नवरात्र और दीवाली जैसे त्योहारी मौसम में जब लोग नई कारें खरीदने की सोचते हैं, तब कीमतों की कटौती डिमांड को और बढ़ाएगी।
