नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कार प्रेमियों और सुपरहीरो फैंस के लिए भारत की ऑटो कंपनी Mahindra ने अपनी खास लिमिटेड एडिशन इलेक्ट्रिक SUV Mahindra BE 6 Batman Edition को फिर बाजार में लाने का फैसला किया है। इसकी कीमत 28.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कंपनी 10 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे से इसकी बुकिंग शुरू करेगी। यह बुकिंग सिर्फ एक दिन के लिए खुली रहेगी। SUV की डिलीवरी 10 अप्रैल 2026 से शुरू होने की योजना है।
दरअसल, जब Mahindra BE 6 Batman Edition पहली बार लॉन्च हुई थी, तब इसकी 999 यूनिट्स सिर्फ 135 सेकंड में ही पूरी तरह बिक गई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कंपनी से इसे दोबारा लॉन्च करने की मांग की गई। इसी जबरदस्त डिमांड को देखते हुए Mahindra ने इसे फिर से सीमित समय के लिए वापस लाने का फैसला किया है। कंपनी ने बताया है कि 6 मार्च 2026 से उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर “Add Your Preference” नाम से एक विंडो खुल गई है, जहां ग्राहक अपनी रुचि दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 10 मार्च को असली बुकिंग शुरू होगी। जो लोग पहले से इस मॉडल के मालिक हैं और नए ग्राहकों को रेफर करेंगे, उन्हें डिलिवरी में प्राथमिकता दी जाएगी।
यह खास एडिशन इलेक्ट्रिक SUV हॉलीवुड की मशहूर फिल्म सीरीज The Dark Knight Trilogy से प्रेरित है, जिसे मशहूर निर्देशक Christopher Nolan ने बनाया था। इसी वजह से कार के डिजाइन में बैटमैन थीम से जुड़े कई खास एलिमेंट्स दिए गए हैं। कार के एक्सटीरियर में सैटिन ब्लैक पेंट फिनिश, फ्रंट डोर पर Batman डेकल्स, 20-इंच अलॉय व्हील्स, Alchemy Gold कलर के सस्पेंशन और ब्रेक कैलिपर्स, और ‘BE 6 × The Dark Knight’ लिमिटेड एडिशन बैजिंग दी गई है। कार के कई हिस्सों जैसे हब कैप, क्वार्टर पैनल, रियर बंपर और ग्लास पर Bat लोगो भी लगाया गया है।
इंटीरियर में भी बैटमैन थीम को खास तरीके से दिखाया गया है। इसमें डैशबोर्ड पर गोल्ड Batman Edition प्लैक, चारकोल लेदर डैशबोर्ड, गोल्ड एक्सेंट स्टिचिंग के साथ सीट्स, Bat लोगो वाली सीटें, और गोल्ड एक्सेंट स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। इसके अलावा इंफोटेनमेंट स्क्रीन पर Batman-थीम वेलकम एनिमेशन और खास Batman इंस्पायर्ड एक्सटीरियर साउंड भी मिलता है। Mahindra BE 6 Batman Edition सुपरहीरो थीम से प्रेरित एक कलेक्टर कार है।
