SUV सेगमेंट की स्टार Hyundai Venue की कारें और महंगी, 20000 तक बढ़े दाम

नई दिल्ली: Hyundai Venue की लॉन्चिंग के सिर्फ चार महीने बाद ही बढ़ोतरी कर दी गई है। मार्च 2026 में कंपनी ने चुनिंदा 8 वेरिएंट्स के दाम 5,000 से 20,000 रुपये तक बढ़ाए हैं, हालांकि इसकी शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये और टॉप मॉडल की कीमत 15.51 लाख ही बनी हुई है।

Hyundai की पॉपुलर SUV Hyundai Venue ने नवंबर 2025 में लॉन्च होते ही जबरदस्त सफलता हासिल की थी। 1 लाख से ज्यादा बुकिंग का आंकड़ा पार कर लिया था। अब कंपनी ने इसके कुछ वेरिएंट्स महंगे कर दिए हैं। यह बढ़ोतरी पेट्रोल, टर्बो पेट्रोल और डीजल—तीनों इंजन ऑप्शन के चुनिंदा मॉडल्स पर लागू हुई है। 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन वाले वेरिएंट्स में सिर्फ HX5 महंगा हुआ है। इस पर 20,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत 9.55 लाख रुपये हो गई है, जबकि बाकी पेट्रोल वेरिएंट्स की कीमत पहले जैसी ही है। यह इंजन 83 PS पावर और 114.7 Nm टॉर्क देता है और 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है।

1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन वाले कुछ DCT वेरिएंट्स—HX5, HX6 और HX8—की कीमतों में 5,000 से 9,000 रुपये तक इजाफा किया गया है। अब इनकी कीमत 10.90 लाख से 12.99 लाख रुपये तक पहुंच गई है। टर्बो पेट्रोल और N Line वेरिएंट्स के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह इंजन 120 PS पावर और 172 Nm टॉर्क देता है। 1.5-लीटर इंजन वाले HX2, HX5 और HX7 मॉडल ₹8,000 तक महंगे हुए हैं। अब HX2 डीजल ₹9.87 लाख और HX5 डीजल ₹10.87 लाख से शुरू होता है। इस इंजन से 116 PS पावर और 250 Nm टॉर्क मिलता है।

इंडियन मार्केट में Hyundai Venue का दबदबा लगातार बना हुआ है। सबकॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में इसकी करीब 10% हिस्सेदारी है और यह कंपनी की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी हुई है। फरवरी 2026 में अकेले Venue ने कंपनी की कुल बिक्री में 20% से ज्यादा योगदान दिया। कीमत बढ़ने के बावजूद Venue की डिमांड मजबूत बनी हुई है। कंपनी ने सिर्फ मिड वेरिएंट्स को महंगा किया है, जिससे बेस और टॉप मॉडल ग्राहकों के लिए पहले जैसे ही आकर्षक बने रहें।