BMW का मास्टरस्ट्रोक: नए सेफ्टी फीचर्स संग 5 Series LWB अब और भी लग्जरी

नई दिल्ली: BMW India ने इंडिया में अपनी प्रीमियम लग्ज़री सेडान BMW 5 Series Long Wheelbase (LWB) को नए सेफ्टी फीचर्स के साथ अपडेट कर दिया है। कंपनी ने इन बड़े अपडेट्स के बावजूद इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। BMW 5 Series LWB अब भी एकमात्र 530Li M Sport वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसकी कीमत ₹73.35 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

इस लेटेस्ट अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण है Driving Assistant Plus पैकेज, जो अब BMW 5 Series LWB का हिस्सा बन गया है। इस एडवांस सेफ्टी सिस्टम के जरिए कार में कई एक्टिव सेफ्टी और ड्राइवर असिस्ट फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें एक्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन-कीप असिस्ट, फ्रंट और रियर कोलिज़न वार्निंग, क्रॉस-ट्रैफिक वार्निंग और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं। ये सभी टेक्नोलॉजी मिलकर न सिर्फ ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित बनाती हैं, बल्कि लंबी दूरी की यात्राओं को भी कहीं ज्यादा आरामदायक और तनावमुक्त करती हैं।

BMW ने 5 Series LWB के अंदर बैठने का अनुभव पहले से ज्यादा लग्ज़री और प्रीमियम बना दिया है। अब कार में जो पैनोरमिक ग्लास रूफ मिलता है, वह सिर्फ धूप और आसमान दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें लाइटिंग भी दी गई है। इस रूफ के चारों तरफ एम्बिएंट लाइट्स लगी हैं, जिनका रंग बदला जा सकता है। रात के समय जब कार चलती है, तो ये लाइट्स केबिन को एक सॉफ्ट, स्टाइलिश और हाई-एंड माहौल देती हैं। अब नाइट ड्राइव के दौरान कार के अंदर ऐसा फील होगा जैसे आप किसी प्रीमियम लग्ज़री लाउंज में बैठे हों—जो ड्राइव को ज्यादा आरामदायक, खूबसूरत और खास बना देता है।

BMW ने नई सुविधाएं जोड़ने के बाद भी कार की लाइन-अप को सिंपल रखा है। इंडिया में BMW 5 Series LWB सिर्फ एक ही वेरिएंट – 530Li M Sport में मिलती रहेगी। ग्राहक को अलग-अलग वेरिएंट चुनने या एक्स्ट्रा पैकेज जोड़ने की ज़रूरत नहीं है। जो भी 5 Series LWB खरीदेगा, उसे सीधे टॉप-मॉडल मिलेगा, जिसमें सभी प्रीमियम फीचर्स, सभी नए सेफ्टी फीचर्स और M Sport का स्पोर्टी लुक पहले से ही शामिल हैं। इन नए फीचर्स के लिए BMW ने कीमत नहीं बढ़ाई, यानी ग्राहकों को ज्यादा फीचर्स वही कीमत पर मिल रहे हैं।

इंडियन मार्केट में BMW 5 Series LWB का मुकाबला सीधे तौर पर Mercedes-Benz E-Class और Audi A6 जैसी लग्ज़री सेडान्स से है। नए सेफ्टी अपडेट और पहले से दमदार लग्ज़री अपील के साथ BMW 5 Series LWB अब इस सेगमेंट में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आती है।

BMW 5 Series LWB का नया अवतार इंडिया में लॉन्च : शाही माहौल में सफर बनेगा सुहाना

नई दिल्ली: BMW ने इंडियन मार्केट में अपनी प्रीमियम लग्जरी सेडान 5 Series LWB (Long Wheelbase) का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है। कार में फीचर्स को अपग्रेड किया गया है, लेकिन कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। BMW 5 Series LWB की एक्स-शोरूम कीमत अब भी ₹73.35 लाख रखी गई है। Sky Lounge रूफ से सफर और शाही बन जाता है। यह एक खास तरह का पैनोरमिक ग्लास रूफ है, जो सिर्फ खुली छत ही नहीं देता, बल्कि केबिन के अंदर लक्ज़री लाइटिंग एक्सपीरियंस भी बनाता है।

सेफ्टी और ड्राइविंग असिस्टेंस के लिहाज से अब कार में Driving Assistant Plus फीचर जोड़ा गया है, जिसमें लेन चेंज अलर्ट, फ्रंट और रियर कोलिजन वार्निंग और क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट शामिल हैं। इसके साथ Active Cruise Control with Stop & Go फंक्शन भी मिलता है, जिससे आगे चल रही गाड़ी से सुरक्षित दूरी बनाए रखती है। जरूरत पड़ने पर यह सिस्टम रुकी हुई गाड़ियों को पहचानकर कार को अपने आप रोक भी सकता है। इन सभी फीचर्स को स्टीयरिंग पर लगे बटनों से आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।

कार में 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम और रियर-व्हील ड्राइव के साथ आता है। यह इंजन 258 PS की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है और इसे Steptronic ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम अतिरिक्त 8.5 kW (11 hp) की पावर और 25 Nm टॉर्क सपोर्ट करता है। यह सेडान 0–100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 6.5 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा है।

अपडेटेड BMW 5 Series LWB में अब प्रीमियम ड्यूल-टोन अपहोल्स्ट्री दी गई है। सीटें हाई-क्वालिटी वेगन मटीरियल से तैयार की गई हैं। डैशबोर्ड पर वुडन फिनिश, एंबियंट लाइटिंग और BMW का सिग्नेचर Interaction Bar दिया गया है। फीचर्स में 4-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, लंबा व्हीलबेस होने के कारण ज्यादा रियर लेगरूम, BMW Live Cockpit Plus के साथ ड्यूल-स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Digital Key Plus, Connected Drive, फ्रंट और रियर यात्रियों के लिए वायरलेस चार्जिंग, 18-स्पीकर 655-वॉट Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम, और लंबी यात्राओं के लिए फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स दी गई हैं।