महंगे टैक्स पर ब्रेक : Bajaj लाएगा सस्ती Pulsar और Dominar 350cc पावर बाइक्स

नई दिल्ली: बाइक मार्केट में GST के बदलाव का असर अब साफ दिखने लगा है। पिछले साल 350cc से कम इंजन वाली बाइक्स पर GST 28% से घटाकर 18% कर दिया गया था, जिसके बाद इस सेगमेंट में बिक्री तेजी से बढ़ी है। वहीं 350cc से ऊपर की बाइक्स पर टैक्स बढ़कर 40% हो गया है। इसी वजह से अब Bajaj Auto अपनी पॉपुलर बाइक्स Pulsar और Dominar के 350cc वर्जन लाने की तैयारी कर रहा है।

अभी 350cc से ऊपर की बाइक्स पर भारी GST लगता है। 400cc कैटेगरी की बाइक्स पर करीब 40% टैक्स लगता है, जिससे Pulsar और Dominar जैसी पावरफुल बाइक्स महंगी हो जाती हैं। कंपनी Pulsar और Dominar के ऐसे नए मॉडल लाने की तैयारी में है, जिनकी कीमत मौजूदा 400cc बाइक्स से कम होगी। कम इंजन क्षमता होने पर टैक्स कम लगेगा और बाइक की एक्स-शोरूम कीमत नीचे आएगी।

Bajaj Dominar 400 और Pulsar NS400Z दोनों में एक ही तरह का 373.3cc का बड़ा इंजन मिलता है। यह इंजन सिंगल-सिलेंडर और लिक्विड-कूल्ड है, यानी ज्यादा पावर देने के साथ इंजन ज्यादा गरम भी नहीं होता। Dominar 400 की ताकत करीब 40 PS पावर और 35 Nm टॉर्क है। Pulsar NS400Z थोड़ी ज्यादा पावरफुल है, इसमें 43 PS पावर मिलती है। 350cc से ऊपर की बाइक्स पर सरकार 40% तक टैक्स ले रही है। इसी भारी टैक्स की वजह से इन बाइक्स की कीमत बढ़ जाती है।

Pulsar NS400Z की शुरुआती कीमत करीब 1.94 लाख रुपये है। वहीं, Dominar 400 की कीमत करीब 2.40 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। इंजन और ताकत तो जबरदस्त है, लेकिन ज्यादा टैक्स की वजह से ये बाइक्स महंगी पड़ रही हैं। इसी वजह से Bajaj अब 350cc से कम इंजन वाली नई बाइक्स लाने की सोच रहा है। इससे टैक्स कम लगेगा, बाइक की कीमत घटेगी।

Bajaj अपने पार्टनर्स KTM और Triumph के साथ भी 350cc बाइक्स पर काम कर रहा है। कंपनी 390cc KTM और 400cc Triumph बाइक्स के 350cc वर्जन लाने की संभावना तलाश रही है। हालांकि Bajaj ने अभी किसी पक्की लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में 350cc Pulsar, Dominar, KTM और Triumph बाइक्स बाजार में दस्तक दे सकती हैं।

2025 में TVS, Hero और Bajaj के ई-स्कूटरों का जलवा, बिक्री 11% बढ़ी

नई दिल्ली: इंडिया में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों (e-2W) का बाजार 2025 में एक नए दौर में दाखिल होता दिखा। जहां एक तरफ प्रतिस्पर्धा और तेज़ हुई, वहीं दूसरी तरफ पुराने और भरोसेमंद वाहन निर्माता कंपनियों ने जोरदार वापसी करते हुए बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

FADA (फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन) के आंकड़ों के मुताबिक 2025 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 11.36% बढ़कर 12.8 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जो 2024 में 11.49 लाख यूनिट थी। 2025 में TVS, Hero और Bajaj के इलेक्ट्रिक स्कूटर ने सबसे ज्यादा दमखम दिखाया। पूरे देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की कुल बिक्री 11% बढ़ गई। बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की हिस्सेदारी भी बढ़कर 6.3% हो गई।

अब लोग इलेक्ट्रिक स्कूटर को सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि पेट्रोल के बढ़ते दामों और कम रनिंग कॉस्ट की वजह से एक समझदारी भरा विकल्प मानने लगे हैं। इसी का असर है कि दोपहिया सेगमेंट में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी भी बढ़कर 6.3% हो गई है, जो पिछले साल 6.1% थी।

इस रेस में TVS Motor Company सबसे आगे रही। कंपनी ने 2025 में 2.98 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जो साल-दर-साल आधार पर 35% से ज्यादा की बढ़त है। इसका सबसे बड़ा कारण बना TVS iQube, जो आज देश के सबसे ज्यादा बिकने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटरों में से एक है। नए खरीदारों को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया गया TVS Orbiter भी मददगार साबित हुआ।

दूसरे नंबर पर Bajaj Auto रही, जिसने 2.69 लाख यूनिट की बिक्री के साथ 39% से ज्यादा ग्रोथ दर्ज की। इसका पूरा श्रेय Bajaj Chetak को जाता है, जिसने शहरी और सेमी-अर्बन इलाकों में जबरदस्त पकड़ बनाई। तीसरे नंबर पर Ather Energy रही, जिसकी बिक्री 58.9% बढ़कर 2 लाख यूनिट के करीब पहुंच गई। Hero MotoCorp ने सबसे तेज़ छलांग लगाई। कंपनी की इलेक्ट्रिक बिक्री 149% उछलकर 1.09 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जिसका बड़ा कारण Vida VX2 और बैटरी-एज़-ए-सर्विस मॉडल रहा, जिससे ग्राहकों की शुरुआती लागत कम हुई।

कभी बाजार की नंबर-1 कंपनी रही Ola Electric के लिए 2025 मुश्किल भरा रहा। इसकी बिक्री 51% गिरकर 1.99 लाख यूनिट रह गई। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बाजार में विकल्पों की भरमार ने Ola को पीछे धकेल दिया, हालांकि S1 सीरीज़ की मांग बनी रही। 2025 में इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार अब स्टार्टअप्स से निकलकर स्थापित कंपनियों के दौर में प्रवेश कर चुका है।