इंडिया में स्कूटरों और बाइक्स की रिकॉर्ड बिक्री, 2025 में 2.02 करोड़ रजिस्ट्रेशन

नई दिल्ली: इंडिया के दोपहिया वाहन बाजार ने 2025 में नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस साल देश में 2 करोड़ से ज्यादा (करीब 2.02 करोड़) दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो पिछले साल के 1.892 करोड़ यूनिट्स के मुकाबले लगभग 7 फीसदी की सालाना बढ़त को दिखाता है। यह आंकड़ा भारतीय ऑटो सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सरकारी वाहन (Vahan) पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से नवंबर 2025 के बीच 1.897 करोड़ दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि इसी अवधि में फैक्ट्रियों से डीलरों को भेजी गई गाड़ियों (डिस्पैच) की संख्या 1.808 करोड़ यूनिट्स रही। 30 दिसंबर तक कुल रजिस्ट्रेशन 2.02 करोड़ पहुंच चुके थे। 2025 की दूसरी छमाही में लागू GST 2.0 स्ट्रक्चर ने दोपहिया वाहनों की मांग को जबरदस्त बढ़ावा दिया।

350cc तक की मोटरसाइकिल और स्कूटर पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया। इससे कीमतें कम हुईं और ग्राहकों की खरीदारी में तेजी आई। अच्छा मॉनसून, मजबूत ग्रामीण मांग और त्योहारी सीजन ने भी बाजार को सहारा दिया। फेस्टिव सीजन के दौरान दोपहिया बिक्री ने ऑल-टाइम हाई स्तर को छू लिया। 2025 में दोपहिया सेगमेंट की ग्रोथ में स्कूटरों की भूमिका सबसे अहम रही। TVS Motor और Suzuki ने स्कूटर-फोकस्ड पोर्टफोलियो के दम पर डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की। इन दोनों कंपनियों के साथ Royal Enfield ऐसी चुनिंदा OEMs रहीं, जिन्होंने जनवरी से नवंबर के बीच ग्रोथ दिखाई।

बाजार में Hero MotoCorp और Honda के बीच का अंतर भी 2025 में बढ़ गया।
जनवरी से नवंबर के बीच यह गैप बढ़कर 8.51 लाख यूनिट्स हो गया, जो 2024 में 6.89 लाख यूनिट्स था। Hero MotoCorp ने 125cc से ऊपर की बाइक्स और स्कूटर सेगमेंट पर ज्यादा फोकस किया। कुल मिलाकर, 2025 भारतीय दोपहिया उद्योग के लिए ऐतिहासिक साल साबित हुआ। टैक्स में राहत, मजबूत ग्रामीण मांग, बेहतर मानसून और स्कूटर सेगमेंट की तेज रफ्तार ने बाजार को 2 करोड़ यूनिट्स के पार पहुंचा दिया। आने वाले सालों में भी दोपहिया बाजार के मजबूत बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

फेस्टिव सीजन का तोहफा : कंपनियों ने खुद झेली GST बढ़ोतरी, प्रीमियम बाइक्स नहीं हुई महंगी

नई दिल्ली: त्योहारों के मौसम में प्रीमियम बाइक्स की निर्माता कंपनियों ने खरीदारों को तोहफा दिया है। Hero MotoCorp और Bajaj Auto ने GST बढ़ोतरी का बोझ खुद उठाने का फैसला किया है। इससे प्रीमियम बाइक्स की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सरकार ने 22 सितंबर से 350cc से ऊपर की मोटरसाइकिल पर GST 31% से बढ़ाकर 40% कर दिया, जबकि 350cc से कम की बाइक्स पर GST घटाकर 28% से 18% कर दिया गया। इस बदलाव का असर दोनों सेगमेंट की बिक्री पर अलग-अलग दिख रहा है।

350-500cc की श्रेणी में Husqvarna, Harley-Davidson X440, KTM और Royal Enfield Guerilla जैसी बाइक्स की बिक्री इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में 6% घटकर 51,412 यूनिट रही। विशेषज्ञों का मानना है कि GST बढ़ोतरी और त्योहारों की खरीदारी का समय दो कारण रहे। Hero ने Harley-Davidson X440 को पुराने GST रेट पर बेचते रखा, वहीं Bajaj ने अपनी Triumph और KTM रेंज की कीमतें स्थिर रखीं।

Bajaj Auto का कहना है, “हमने अतिरिक्त टैक्स का बोझ खुद उठाया है, ताकि खरीदार 390 Duke, 390 Adventure और RC 390 जैसी बाइक बिना किसी अतिरिक्त लागत के त्योहारों में खरीद सकें।” मिड-साइज़ बाइक में लीडर Royal Enfield ही अकेला ब्रांड है जिसने 350cc से ऊपर की बाइक्स की कीमतें बढ़ाईं। Ducati ने भी ₹1.36-₹2 लाख तक अपनी बाइक्स महंगी की हैं।

160 Duke, 200 Duke और 250 Duke जैसी 350cc से कम की बाइक्स सस्ती हुई हैं। डीलरों को उम्मीद है कि अक्टूबर में त्योहारों के सीजन में प्रोत्साहन योजनाएं और स्कीम्स बड़ी-बाइक की धीमी मांग को संतुलित करेंगी।

इंडिया में EV की हवा तेज : जून में 1 लाख से ज्यादा ई-स्कूटर्स और बाइक्स बिकीं

नई दिल्ली : इलेक्ट्रिक गाड़ियों की रफ्तार अब सिर्फ चार्जर तक सीमित नहीं, बल्कि सीधा मार्केट की नसों में दौड़ रही है। जून 2025 में चाहे Two-wheeler हों, Three-wheeler हों या फिर कमर्शियल गाड़ियां, हर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स ने अपनी मौजूदगी का डंका बजा दिया है। जून 2025 में एक लाख से ज्यादा ई-स्कूटर और बाइक की बिक्री हुई।

बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइक्स का जलवा कायम है। TVS ने जून में 25,300 इलेक्ट्रिक Two-wheeler बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 80% ज्यादा हैं। Bajaj ने तो पिछले साल के मुकाबले 150% से ज्यादा ग्रोथ दर्ज की और 23,032 गाड़ियां बेच दीं। Ola की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, लेकिन Ather और Hero MotoCorp ने जबरदस्त छलांग लगाई। Ather ने 133% की ग्रोथ के साथ जून में 14,526 यूनिट्स बेचे, वहीं Hero ने 148% से ज्यादा की बढ़त पकड़ी।

Mahindra का नाम Three-wheeler की बिक्री में पहले नंबर पर आता है। Mahindra ने 7,300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक Three-wheeler की बिक्री की। Bajaj ने भी 6,478 यूनिट्स बेचकर अपनी मौजूदगी और मजबूत की। TVS ने सिर्फ 20 यूनिट से उछलकर इस जून में 1,655 Three-wheeler बेच दिए। पूरे सेगमेंट में 60,000 से ज्यादा थ्री व्हीलर्स की बिक्री हुई।

कमर्शियल व्हीकल्स में Tata Motors ने एक बार फिर सबसे ज्यादा 309 यूनिट्स की बिक्री के साथ टॉप पोजिशन बनाई। Mahindra Last Mile Mobility ने भी 170 यूनिट्स की बिक्री कर ली। Pinnacle Mobility ने मई में जहां सिर्फ 33 गाडियां बेची थी। जून में कंपनी ने 114 गाड़ियां बेच डालीं । VE Commercial, Olectra, JBM जैसे नामों ने भी जून में शानदार ग्रोथ दर्ज की। कुल मिलाकर कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 1,000 यूनिट्स के पार पहुंच गई।

जून 2025 में टू-व्हीलर EV का हिस्सा बढ़कर 7.3% हो गया, जबकि 3W में 60.2% और कमर्शियल सेगमेंट में 1.56% हिस्सेदारी दर्ज की गई। ईवी भारत की सड़कों पर एक तेज़ी से बढ़ता ट्रेंड है। अब बैटरी से चलने वाली गाड़ियों में सिर्फ चार्ज नहीं, लोगों का भरोसा भी कूट-कूट कर भरा है।