2025 में फ्यूल की जंग में फिसला पेट्रोल, CNG की रफ्तार ने बदला खेल

नई दिल्ली: इंडिया के ऑटो मार्केट में 2025 एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। सालों से भारतीय सड़कों पर राज करने वाली पेट्रोल कारों की बादशाहत पहली बार हिली। अब लोग कार ही नहीं खरीद रहे हैं, हिसाब लगाकर फैसला कर रहे हैं। बढ़ती ईंधन कीमतें, रनिंग कॉस्ट का दबाव और माइलेज की हकीकत ने ग्राहकों को पेट्रोल से आगे सोचने पर मजबूर कर दिया है। पेट्रोल कारें पीछे हटीं, वहीं CNG सस्ती दौड़ का भरोसा बनी, इलेक्ट्रिक ने भविष्य की झलक दिखाई, डीज़ल ने SUV के दम पर खुद को जिंदा रखा और हाइब्रिड ने बैलेंस का रास्ता चुना।

2025 में देश में कुल पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री करीब 45.8 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जो पिछले साल से लगभग 6 फीसदी ज्यादा है। इसी ग्रोथ के बीच पेट्रोल कारों की हिस्सेदारी 59.4% से फिसलकर 53.3% पर आ गई। साल भर में करीब 1.3 लाख कम पेट्रोल कारें बिकीं।

अब कार दिल से नहीं, दिमाग और जेब से खरीदी जा रही है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और E20 के साथ माइलेज की जमीनी सच्चाई ने आम खरीदार को हर किलोमीटर का हिसाब लगाने पर मजबूर कर दिया। पहले जहां पेट्रोल “सेफ चॉइस” माना जाता था, वहीं अब वही सवालों के घेरे में आ गया है। इसी खाली जगह में CNG ने एंट्री नहीं ली, बल्कि पूरी बाज़ी पलट दी। कम रनिंग कॉस्ट, स्थिर ईंधन कीमतें और फैक्ट्री-फिटेड टेक्नोलॉजी ने इसे झिझक से निकालकर भरोसे की ड्राइवर सीट पर बैठा दिया। Maruti Suzuki और Tata की CNG कारों ने शहरों में यह साबित कर दिया कि अब CNG सिर्फ सस्ता विकल्प नहीं, बल्कि समझदार और भविष्य की सोच वाला फैसला है। जिन डीज़ल कारों को खत्म माना जा रहा था, उन्होंने भी चुपचाप वापसी की। SUV सेगमेंट ने डीज़ल को जिंदा रखा और इसकी हिस्सेदारी बढ़कर 18.3% हो गई।

इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी करीब दोगुनी होकर 4.6% पहुंच गई। बेहतर रेंज और नए मॉडल्स ने EV को भरोसेमंद बनाया। Toyota Innova Hycross और Maruti Grand Vitara जैसे मॉडल्स के दम पर हाइब्रिड की हिस्सेदारी 2.6% तक पहुंची। 2025 वह साल बन गया जब इंडियन कार खरीदारों को समझ में आ गया कि पेट्रोल ही आखिरी विकल्प नहीं है। इस साल कम खर्च, बेहतर माइलेज और भविष्य की सोच ने कार बाजार की दिशा ही बदल दी।

दिल्ली में पेट्रोल और CNG वाहन हो सकते हैं महंगे, सरकार बढ़ा सकती है ग्रीन सेस

नई दिल्ली: दिल्ली में आने वाले समय में पेट्रोल और CNG वाहन महंगे हो सकते हैं। दिल्ली सरकार चाहती है कि लोग पेट्रोल और CNG वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदें, ताकि शहर की आबो-हवा साफ-सुथरी हो। इसलिए सरकार अब सोच रही है कि जो ग्रीन सेस पहले सिर्फ डीज़ल कारों पर लगता था, उसे अब सभी पेट्रोल और CNG वाहनों पर भी लगाया जाए।

ड्राफ्ट इलेक्ट्रिक वाहन नीति के अनुसार नए पेट्रोल और CNG वाहन खरीदने पर 1–2 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स (लेवी) लग सकता है। पहले से टैक्स वाली डीज़ल कारों पर यह 2 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है। अगर यह लागू हुआ तो पारंपरिक वाहनों की ऑन-रोड कीमतें बढ़ जाएंगी, जिससे EV और ICE वाहनों के बीच की कीमत का अंतर कम होगा। यह नीति मार्च 2026 तक कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू हो। दिल्ली में ग्रीन सेस पहली बार अपनी EV पॉलिसी 2020 के तहत शुरू किया था, जो अगस्त 2023 में खत्म हो गया था, लेकिन इसे अब मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

दिल्ली में फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का हिस्सा लगभग 12–14% है। इस साल अब तक दिल्ली में कुल 8 लाख वाहन पंजीकृत हुए हैं, जिनमें से 1.11 लाख इलेक्ट्रिक वाहन हैं। सरकार चाहती है कि यह हिस्सा और बढ़े। इसके लिए सरकार नई EV खरीदने वालों को इंसेंटिव देगी, ताकि उन्हें EV लेना फायदेमंद लगे। पारंपरिक पेट्रोल, डीज़ल और CNG वाहनों पर अतिरिक्त लागत या टैक्स लगाकर लोग EV की तरफ आकर्षित हों। ड्राफ्ट नीति के अनुसार EV लोन पर ब्याज दर कम हो सकती है ताकि कर्ज सस्ता हो। पुराने वाहनों को स्क्रैप करके बदलने पर इंसेंटिव मिल सकता है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बैटरी स्वैपिंग के लिए वित्तीय मदद मिल सकती है। 10 साल से पुराने वाहनों पर अलग से टैक्स लगाया जा सकता है।

सरकार का अनुमान है कि पुराने वाहनों पर नया सेस लगने से सालाना करीब ₹300 करोड़ की कमाई हो सकती है। इंडस्ट्री विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ मामूली सेस बढ़ाने से EV अपनाने पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि EV की उच्च शुरुआती कीमतें अब भी सबसे बड़ी बाधा हैं। सरकार ने EV अपनाने को बढ़ावा देने की दिशा में योजना बनाई है, लेकिन असली बदलाव के लिए सिर्फ सेस बढ़ाना काफी नहीं है।

kia Carens CNG इंडिया में लॉन्च, 11.77 लाख से शुरू

नई दिल्ली: Kia India ने अपने लोकप्रिय फैमिली MPV Carens का नया CNG वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 11.77 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है। यह मॉडल Carens के Premium (O) पेट्रोल वेरिएंट पर आधारित है, जिसकी कीमत 10.99 लाख रुपये है। CNG ऑप्शन इसके मुकाबले लगभग ₹77,900 ज़्यादा महंगा है।

Kia Carens CNG को कंपनी डीलर-लेवल फिटमेंट के रूप में पेश कर रही है। यह फैक्ट्री इंस्टॉल्ड नहीं बल्कि अधिकृत Kia डीलरशिप पर फिट किया जाएगा। इसमें Lovato की गवर्नमेंट-अप्रूव्ड CNG किट लगी है, जो तीन साल या 1 लाख किलोमीटर की थर्ड-पार्टी वारंटी के साथ आती है।

Carens CNG में वही 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा जो 113 bhp की पावर और 144 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स दिया गया है। Kia ने इसे सिर्फ 7-सीटर लेआउट में पेश किया है, जिससे यह बड़ी फैमिली के लिए एक किफायती और प्रैक्टिकल ऑप्शन बनता है। कार में 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम लगा है। गाड़ी के बीच में टचस्क्रीन डिस्प्ले लगा है, जिससे आप म्यूज़िक, कॉल, नेविगेशन और अन्य फंक्शन आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं।

आप अपने iPhone या Android फ़ोन को गाड़ी के सिस्टम से जोड़ सकते हैं, ताकि कॉल, म्यूज़िक, मैप्स और ऐप्स सीधे स्क्रीन पर इस्तेमाल कर सकें। गाड़ी पीछे करते समय स्क्रीन पर पीछे का दृश्य दिखाता है, जिससे पार्किंग आसान और सुरक्षित होती है। 12.5-इंच LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर वह डिजिटल डिस्प्ले है, जो स्पीड, फ्यूल, गियर और अन्य जानकारी आधुनिक डिजिटल फॉर्मेट में दिखाता है। सीटों पर आंशिक रूप से लेदर का उपयोग किया गया है, जिससे इंटीरियर प्रीमियम दिखता है। छह एयरबैग यात्रियों की सुरक्षा के लिए है।

TPMS टायर का हवा प्रेशर मॉनिटर करता है ताकि ड्राइविंग सुरक्षित रहे। गाड़ी में पाँच USB Type-C पोर्ट्स दिए गए हैं ताकि सभी यात्री अपने मोबाइल या डिवाइस चार्ज कर सकें। कार में 15 इंच के मज़बूत स्टील व्हील्स हैं, जिन पर स्टाइलिश कवर लगे हैं — दिखने में अच्छे और मेंटेनेंस में आसान। Kia का कहना है कि Carens CNG वर्ज़न उनके ग्राहकों को कम रनिंग कॉस्ट, हाई माइलेज और बड़े स्पेस का बेहतरीन कॉम्बिनेशन देगा।

Mahindra Bolero MaXX 1.9 CNG लॉन्च – अब हर सफर में कमाई का दम!

नई दिल्ली : Mahindra ने भारत में अपनी नई CNG पिकअप Bolero MaXX Pik-Up HD 1.9 CNG को लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹11.19 लाख रखी गई है। इस पिकअप को खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो लंबी दूरी तक भारी सामान ढोते हैं और कम खर्च में ज़्यादा कमाई करना चाहते हैं। रोज़मर्रा की डिलीवरी हो या दूर-दराज़ में माल पहुंचाना हो। Mahindra Bolero MaXX HD 1.9 CNG हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। इस पिक अप में 2.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड CNG इंजन है, जो 61kW की पावर और 220Nm का टॉर्क देता है। भारी माल हो या चढ़ाई, Bolero MaXX HD 1.9 CNG हर हालत में बिना रुके चलती है।

Mahindra Bolero MaXX HD 1.9 CNG की सबसे बड़ी ताकत 180 लीटर की CNG टैंक कैपेसिटी, जो एक बार फुल कराने पर करीब 400 किलोमीटर तक की रेंज देती है। 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और पावर स्टियरिंग से भारी लोड में भी गाड़ी चलाना आसान हो जाता है। Mahindra की ये पहली CNG पिकअप है जिसमें iMAXX टेलीमैटिक्स सिस्टम दिया गया है। इसकी मदद से गाड़ी कहां है, कैसे चल रही है और कितना खर्च कर रही है – सब कुछ आपकी निगरानी में रहता है। फ्लीट मैनेजमेंट अब सिर्फ आसान नहीं, बल्कि तेज़, सटीक और पूरी तरह स्मार्ट हो गया है।

Mahindra ने Bolero MaXX Pik-Up HD 1.9 CNG में ड्राइवर की सहूलियत और आराम को भी बराबर अहमियत दी है। गाड़ी में ऐसा केबिन तैयार किया गया है जो हर मौसम और हर सफर को आरामदायक बना देगा। ड्राइवर अपनी सीट को अपने हिसाब से एडजस्ट कर सकता है। ड्राइवर के साथ दो और लोग आसानी से बैठ सकते हैं।

Mahindra Bolero MaXX Pik-Up HD 1.9 CNG के 3050 mm लंबे कार्गो बेड में बड़ा माल भी आसानी से लोड होता है। 16-इंच के मजबूत टायर और डुअल लीफ स्प्रिंग सस्पेंशन हर तरह की सड़क, पर शानदार कंट्रोल देते हैं। यह सिर्फ एक पिकअप नहीं, बल्कि एक ऐसा बिज़नेस पार्टनर है जो आपके काम को तेज़ और भरोसेमंद बनाता है।

Citroen C3 अब CNG में

चेन्नई : फ्रांस की मशहूर कार निर्माता कंपनी Citroën ने अपने माइक्रो एसयूवी सिट्रोन C3 में अब CNG का विकल्प भी जोड़ दिया है जिससे अब Citroen C3 को पेट्रोल के साथ-साथ CNG से भी चलाया जा सकेगा।


यह CNG किट सिर्फ कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर से ही लगायी जायेगी जिससे गुणवत्ता और सुरक्षा की पूरी गारंटी मिलेगी। C3 में लगाई गई फैक्ट्री-टेस्टेड CNG किट पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों के साथ 28.1 km/kg तक की माइलेज देती है। इसका फ्यूल मैनेजमेंट सिस्टम आरामदायक ड्राइविंग और इंजन की बेहतर दक्षता सुनिश्चित करता है।

कंपनी का कहना है कि सबसे अच्छी बात ये है कि CNG सिस्टम से बूट स्पेस या स्पेयर व्हील की जगह पर कोई असर नहीं पड़ता। CNG नोजल को पेट्रोल फिलर पोर्ट के साथ ही जोड़ा गया है, जिससे रिफ्यूलिंग करना बेहद आसान हो जाता है। वाहन पर 3 साल/1 लाख किमी तक की वारंटी और CNG कंपोनेंट्स पर अतिरिक्त कवरेज मिलती है।


यह सुविधा केवल Citroën C3 के 1.2 NA वेरिएंट्स के लिए उपलब्ध है। किट केवल अधिकृत डीलरशिप पर 93,000 रुपये की अतिरिक्त कीमत में लगाई जाएगी, जिसमें सभी सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की जाएगी।