Suzuki Motorcycle India : दिसंबर 2025 में टूटे रेकॉर्ड 1,22,366 यूनिट्स बिकीं, 26% की बढ़ोतरी

गुरुग्राम: Suzuki Motorcycle India Pvt. Ltd. (SMIPL) ने दिसंबर 2025 में कुल 1,22,366 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल दिसंबर में बिकने वाली 96,804 यूनिट्स की तुलना में 26% अधिक है। इस मजबूत प्रदर्शन ने साल के अंत में कंपनी की बढ़ती गति को और मजबूत किया और दिखा दिया कि ग्राहकों का भरोसा Suzuki पर पहले जैसा ही कायम है। घरेलू बाजार में SMIPL ने 97,823 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल की 78,834 यूनिट्स से 24% अधिक हैं। एक्सपोर्ट में भी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया और 24,543 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल की 17,970 यूनिट्स की तुलना में 37% की बढ़त दर्शाता है।

SMIPL के Vice President – Sales & Marketing दीपक मुतरेजा ने कहा कि दिसंबर का यह शानदार प्रदर्शन ग्राहकों के भरोसे का परिणाम है। Suzuki ब्रैंड का “By Your Side” हर कदम पर ग्राहकों के साथ रहने का वादा कंपनी की रणनीति और प्रतिबद्धता का आधार बना रहेगा।

स्पेयर पार्ट्स की बिक्री में भी SMIPL ने सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया। दिसंबर 2025 में स्पेयर पार्ट्स से कंपनी ने 961 मिलियन रुपये का राजस्व हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में 16% अधिक है। ग्राहकों से जुड़ने और ऑन-ग्राउंड अनुभव को बढ़ाने के लिए SMIPL ने कई पहल कीं। Suzuki Access Mileage Contest का आयोजन कृष्णानगर (पश्चिम बंगाल) और पलवल (हरियाणा) में किया गया, जिसमें 70 Suzuki Access स्कूटर मालिकों और संभावित खरीदारों ने हिस्सा लिया और शहर की सड़कों पर स्कूटर की क्षमता का अनुभव किया।

इसके अलावा, GIXXER Pit Stop प्रोग्राम को कोच्चि, चेन्नई और बेंगलुरु में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 GIXXER राइडर्स और बाइक प्रेमियों ने टेस्ट राइड्स, DIY मेंटेनेंस सेशन और एक्सक्लूसिव अपग्रेड/एक्सचेंज का आनंद लिया। कंपनी ने कहा कि 2026 में यह अनुभव आधारित कार्यक्रम और बढ़ाए जाएंगे ताकि राइडर्स को और बेहतर अनुभव दिया जा सके।

Suzuki Motorcycle India Pvt. Ltd. (SMIPL) Suzuki Motor Corporation, Japan की एक सहायक कंपनी है, जो भारत में फरवरी 2006 से है। कंपनी का प्लांट खेरकी दौला, गुरुग्राम, हरियाणा में है। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 13 लाख यूनिट्स है। SMIPL 125cc स्कूटर, प्रीमियम मोटरसाइकिल (150cc+) और Big-Bikes बनाती है।

Force Motors की 2025 में रफ्तार बरकरार, दिसंबर में घरेलू बिक्री में 49% उछाल, 2952 यूनिट्स बिकीं

नई दिल्ली: Force Motors लिमिटेड की 2025 में पूरे साल दमदार रफ्तार बरकरार रही। दिसंबर 2025 में घरेलू बाजार में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बिक्री में जबरदस्त बढ़त दर्ज की है। कंपनी की घरेलू थोक बिक्री दिसंबर 2025 में 49 प्रतिशत बढ़कर 2,952 यूनिट्स पर पहुंच गई, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा 1,985 यूनिट्स था। इस मजबूत प्रदर्शन के साथ कंपनी ने 2025 कैलेंडर वर्ष का समापन स्थिर गति और सकारात्मक रुझान के साथ किया है। कंपनी ने न सिर्फ साल के आखिरी महीने में दमदार बढ़त दर्ज की, बल्कि पूरी तीसरी तिमाही और वित्त वर्ष के अब तक के आंकड़ों में भी मजबूत और स्थिर ग्रोथ दिखाई है।

कंपनी के मुताबिक, दिसंबर में आई यह तेजी कमर्शियल व्हीकल और मोबिलिटी सेगमेंट में मजबूत मांग के चलते संभव हुई है। Force Motors का प्रदर्शन सिर्फ दिसंबर तक सीमित नहीं रहा। तीसरी तिमाही (Q3) के दौरान कंपनी की घरेलू थोक बिक्री में 47 प्रतिशत की सालाना बढ़त दर्ज की गई। इस अवधि में बिक्री 5,723 यूनिट्स से बढ़कर 8,427 यूनिट्स तक पहुंच गई।

अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच कंपनी की घरेलू बिक्री 24,920 यूनिट्स रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 25 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। Force Motors ने बताया कि कंपनी की मौजूदगी वैन, एंबुलेंस, स्कूल ट्रांसपोर्ट और स्टाफ मोबिलिटी जैसे सेगमेंट में है। शहरी और अर्ध-शहरी दोनों बाजारों में कंपनी के वाहन लगातार मांग में बने हुए हैं।

Force Motors लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रसन फिरोदिया ने कहा कि दिसंबर में कंपनी के लिए टूर और ट्रैवल सेगमेंट में साफ तौर पर रिकवरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। छुट्टियों के बावजूद स्कूल मोबिलिटी सेगमेंट में मांग स्थिर बनी रही। अर्बन रेंज को शहरी और उभरते बाजारों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जबकि ट्रैवलर रेंज ने अपने सेगमेंट में अग्रणी स्थिति बनाए रखी है। कंपनी ने कहा कि मौजूदा मांग के रुझान कंपनी को 2026 में प्रवेश का मजबूत आधार प्रदान करते हैं। Force Motors ने दिसंबर 2025 और पूरे साल में जिस तरह की निरंतर और संतुलित वृद्धि दर्ज की है, वह कमर्शियल और मोबिलिटी सेगमेंट में कंपनी की मजबूत पकड़ को दर्शाती है।

Mahindra का ट्रैक्टर धमाका: दिसंबर 2025 में 30,210 यूनिट्स की बिक्री, 37% की बंपर ग्रोथ

नई दिल्ली: Mahindra ग्रुप की प्रमुख इकाई Mahindra & Mahindra Ltd. के Farm Equipment Business (FEB) ने दिसंबर 2025 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ट्रैक्टर बिक्री में नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने इस महीने घरेलू बाजार में 30,210 ट्रैक्टर बेचे, जो दिसंबर 2024 के 22,019 यूनिट के मुकाबले 37% की मजबूत सालाना वृद्धि को दर्शाता है।

अगर कुल बिक्री की बात करें, जिसमें घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात भी शामिल है, तो दिसंबर 2025 में Mahindra की कुल ट्रैक्टर बिक्री 31,859 यूनिट रही। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 22,943 यूनिट था। कुल मिलाकर ट्रैक्टर बिक्री में 39% की शानदार बढ़त दर्ज की गई है। दिसंबर 2025 में कंपनी ने 1,649 ट्रैक्टर एक्सपोर्ट किए, जो पिछले साल की तुलना में 78% की तेज़ ग्रोथ को दिखाता है।

Mahindra & Mahindra Ltd. में Farm Equipment Business के प्रेसिडेंट विजय नकरा ने कहा कि दिसंबर 2025 में घरेलू बाजार में 30,210 ट्रैक्टरों की बिक्री 37% की बढ़ोतरी के साथ एक बड़ी उपलब्धि है। खरीफ फसल की अच्छी पैदावार के बाद बाजार में कैश फ्लो बेहतर हुआ है, जिससे किसानों की खरीद क्षमता बढ़ी है। अनुकूल मौसम और जलाशयों में पर्याप्त पानी होने के कारण रबी की बुआई का रकबा बढ़ा है, जिससे आने वाले महीनों में भी ट्रैक्टरों की मांग बनी रहने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि एक्सपोर्ट मार्केट में 1,649 ट्रैक्टरों की बिक्री के साथ 78% की ग्रोथ दर्ज की गई है।

पूरे वित्त वर्ष में Mahindra ने घरेलू बाजार में 3,91,890 ट्रैक्टर बेचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,24,327 यूनिट था। घरेलू बिक्री में 21% की बढ़त दर्ज हुई है। निर्यात बाजार में YTD आधार पर 14,702 ट्रैक्टर बेचे गए, जो पिछले साल के 12,296 यूनिट के मुकाबले 20% ज्यादा है। कुल मिलाकर अप्रैल से दिसंबर 2025 तक महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री 4,06,592 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 21% की वृद्धि को दर्शाती है। करीब 1945 में स्थापित महिंद्रा ग्रुप आज 100 से ज्यादा देशों में अपनी मौजूदगी के साथ दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनी है।

दिसंबर 2025 में महिंद्रा की बंपर बिक्री, SUV रेंज बनी जीत का मंत्र, रिकॉर्ड सेल्स दर्ज

नई दिल्ली: इंडिया की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों में से एक Mahindra & Mahindra Ltd. ने दिसंबर 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए। कंपनी ने इस महीने कुल 86,090 वाहनों की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल की तुलना में 25% की जबरदस्त बढ़ोतरी को दर्शाता है। इस आंकड़े में घरेलू बिक्री के साथ-साथ एक्सपोर्ट भी शामिल हैं। दिसंबर 2025 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 50,946 SUVs की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 23% की ग्रोथ है। यही नहीं, कैलेंडर ईयर 2025 महिंद्रा के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि इस दौरान कंपनी ने SUV और LCV (<3.5 टन) सेगमेंट में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की।

दिसंबर 2025 में घरेलू बाजार में 24,786 कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 34% ज्यादा है। LCV 2 टन से 3.5 टन कैटेगरी में 37% की तेज़ ग्रोथ दर्ज की गई। इस मौके पर Mahindra & Mahindra के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा, “2025 में हमने SUV और LCV (<3.5T) सेगमेंट में अब तक की सबसे ऊंची बिक्री दर्ज की है। दिसंबर में SUV की बिक्री 50,946 यूनिट रही, जो 23% की ग्रोथ है, जबकि LCV (<3.5T) की बिक्री 24,786 यूनिट रही, जिसमें 34% की बढ़ोतरी हुई। कुल मिलाकर 86,090 वाहनों की बिक्री के साथ हमने 25% की सालाना ग्रोथ हासिल की है।”

दिसंबर 2025 में Mahindra ने 50,946 पैसेंजर व्हीकल्स (सभी SUVs) बेचीं। वहीं, पूरे वित्त वर्ष (YTD) में यह आंकड़ा बढ़कर 4,76,476 यूनिट तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 18% ज्यादा है। दिसंबर 2025 में 7,538 थ्री-व्हीलर्स की बिक्री हुई, जिसमें 31% की ग्रोथ दर्ज की गई। वहीं, सालभर में थ्री-व्हीलर की कुल बिक्री 82,446 यूनिट रही, जो 28% की बढ़ोतरी है। इस अवधि में Mahindra ने कुल 2,820 वाहन विदेशों में निर्यात किए। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच महिंद्रा ने कुल 30,061 वाहनों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 24,048 यूनिट्स का निर्यात किया गया था। सालाना आधार पर एक्सपोर्ट में 25% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।