1 अप्रैल से महंगी होंगी Audi की कारें, पूरे मॉडल रेंज पर 2% बढ़ोतरी

नई दिल्ली: लग्ज़री कार बनाने वाली जर्मन कंपनी Audi की इंडियन यूनिट Audi India ने अपनी सभी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि बढ़ती इनपुट लागत और विदेशी मुद्रा दरों में उतार-चढ़ाव के कारण 1 अप्रैल 2026 से इंडिया में बिकने वाली उसकी पूरी मॉडल रेंज की कीमतों में करीब 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी। नई कीमतें लागू होने के बाद सभी कारों की एक्स-शोरूम कीमतों पर इसका असर दिखाई देगा।

Audi India के ब्रैंड डायरेक्टर बलवीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि हाल में कच्चे माल और अन्य इनपुट लागत बढ़ने के साथ ही मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव हुआ है। इसी वजह से कंपनी को कीमतों में अधिकतम 2 प्रतिशत तक संशोधन करना पड़ रहा है। कंपनी कोशिश कर रही है कि इस बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर कम से कम पड़े। यह बढ़ोतरी कंपनी की भारत में बिकने वाली पूरी लाइन-अप पर लागू होगी। इसमें Audi A4, Audi A5, Audi A6, Audi Q3, Audi Q3 Sportback, Audi Q5, Audi Q7, Audi Q8 और Audi RS Q8 Performance जैसे मॉडल शामिल हैं।

साल 2026 में कंपनी की यह पहली कीमत बढ़ोतरी है। ऑटो सेक्टर में लागत बढ़ने के कारण कई कंपनियां इस तरह के फैसले ले रही हैं। इससे पहले BMW और Mercedes-Benz भी जनवरी 2026 में अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर चुकी हैं।
इसी बीच कंपनी इंडिया में अपनी नई परफॉर्मेंस SUV Audi SQ8 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो 17 मार्च को भारतीय बाजार में पेश की जाएगी। यह मॉडल Audi Q8 और टॉप-एंड Audi RS Q8 के बीच की जगह को भरेगा। कंपनी ने इसकी बुकिंग पहले ही 5 लाख रुपये के टोकन अमाउंट के साथ शुरू कर दी है।

नई Audi SQ8 में V8 इंजन दिया गया है, जो 507 हॉर्सपावर और 770 न्यूटन मीटर टॉर्क पैदा करता है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। यह इंजन स्टैंडर्ड Audi Q8 के मुकाबले 167 हॉर्सपावर और 270 न्यूटन मीटर ज्यादा ताकत देता है।

31 मार्च तक ई-स्कूटर खरीदो, 20 हजार तक बचाओ : Ather Energy का बिग ऑफर

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी Ather Energy ने अपने स्कूटरों पर बड़ा ऑफर शुरू किया है। कंपनी की तरफ से ग्राहकों को 31 मार्च 2026 तक अधिकतम 20,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है। यह ऑफर कंपनी के लोकप्रिय मॉडलों Ather Rizta और Ather 450S समेत 450 सीरीज पर लागू है और देशभर के Ather Experience Centres पर उपलब्ध है।
कंपनी के मुताबिक यह लिमिटेड पीरियड ऑफर इसलिए लाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीद सकें। सरकार की PM EDrive Subsidy के तहत मिलने वाली करीब 5,000 रुपये की सब्सिडी 31 मार्च 2026 के बाद खत्म होने वाली है, इसलिए कंपनी इस समय अतिरिक्त फायदे दे रही है।

ऑफर के तहत ग्राहकों को कुल 20,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है। इसमें 10,000 रुपये का क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट, 6,500 रुपये का कैश डिस्काउंट और करीब 3,500 रुपये की एक्सटेंडेड कंपोनेंट वॉरंटी शामिल है। यह सभी लाभ उन ग्राहकों को मिलेंगे जो मार्च के अंत तक स्कूटर खरीदते हैं। इन छूटों के बाद Ather Rizta का S वेरिएंट लगभग 1,04,758 रुपये (एक्स-शोरूम मुंबई) में मिल रहा है, जबकि Ather 450S की कीमत करीब 1,13,100 रुपये (एक्स-शोरूम मुंबई) रह जाती है। इससे इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए यह समय अच्छा मौका माना जा रहा है।

कंपनी के मौजूदा पोर्टफोलियो में दो तरह के ग्राहकों को ध्यान में रखकर स्कूटर बनाए गए हैं। Ather 450 Series को परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड स्कूटर माना जाता है, जिसमें तेज एक्सेलरेशन, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और स्पोर्टी राइडिंग अनुभव मिलता है। वहीं Ather Rizta को फैमिली स्कूटर के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें आराम, ज्यादा स्पेस और रोजमर्रा के इस्तेमाल की सुविधा पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। आजकल खासकर बड़े शहरों में युवा और टेक-सेवी ग्राहक तेजी से इलेक्ट्रिक स्कूटर की तरफ जा रहे हैं। Ather Energy अपने स्कूटरों में कनेक्टेड फीचर्स, स्मार्टफोन इंटीग्रेशन और Ather Grid फास्ट-चार्जिंग नेटवर्क जैसी सुविधाएं देकर इन्हें आधुनिक शहरी लाइफस्टाइल के लिए उपयुक्त बताती है।

मार्च में Tata Motors की कार खरीदो, 75 हजार रुपये तक की बंपर छूट पाओ

नई दिल्ली: मार्च 2026 में Tata Motors अपनी पेट्रोल-डीजल (ICE) कारों पर ग्राहकों को बड़ा फायदा दे रही है। कंपनी ने Tiago, Tigor, Altroz, Punch, Nexon, Curvv, Harrier और Safari जैसे मॉडलों पर करीब 75 हजार रुपये तक के डिस्काउंट की पेशकश की है। ये ऑफर 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक मान्य हैं और इनमें कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज ऑफर, लॉयल्टी और कॉरपोरेट बेनिफिट शामिल हैं। Tiago और Tigor जैसी छोटी कारों पर कंपनी 35 हजार रुपये तक का फायदा दे रही है, लेकिन यह फायदा 2024 और 2025 के बने मॉडलों पर मिल रहा है।

अगर आप 2026 में बना नया मॉडल खरीदते हैं तो उस पर करीब 20 हजार रुपये तक की छूट मिल रही है। इस फायदे में कैश डिस्काउंट, पुरानी कार एक्सचेंज करने का बोनस और स्क्रैपेज बोनस शामिल है, लेकिन लॉयल्टी बोनस नहीं है। Altroz के 2026 मॉडल पर करीब 30 हजार रुपये तक का फायदा मिल रहा है। लेकिन 2024 और 2025 के पुराने स्टॉक पर यह छूट बढ़कर 85 हजार रुपये तक हो सकती है, जो इस समय कंपनी की पेट्रोल-डीजल कारों में सबसे ज्यादा डिस्काउंट है। Punch पेट्रोल कार पर ग्राहकों को करीब 40 हजार रुपये तक का कुल फायदा मिल सकता है।

Nexon SUV के 2024 और 2025 मॉडल पर 50 हजार रुपये तक की छूट मिल रही है। 2026 मॉडल पर यह छूट करीब 25 हजार रुपये तक है। नई कूपे-स्टाइल SUV Curvv के 2024, 2025 और 2026 सभी मॉडल पर करीब 40 हजार रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। जितना पुराना स्टॉक (2024-25 मॉडल) होगा, उस पर ज्यादा छूट मिल रही है, जबकि नए 2026 मॉडल पर छूट थोड़ी कम है। Harrier और Safari कंपनी की बड़ी और महंगी SUVs हैं। इन पर इस समय सबसे ज्यादा छूट मिल रही है।

अगर आप 2024 या 2025 में बने मॉडल खरीदते हैं तो करीब 75 हजार रुपये तक का फायदा मिल सकता है। 2026 के नए मॉडल (MY26) पर भी करीब 65 हजार रुपये तक की छूट मिल रही है। अगर ग्राहक किसी कंपनी या संस्थान से जुड़े कॉरपोरेट कर्मचारी हैं, तो उन्हें 3,000 से 8,000 रुपये तक का कॉरपोरेट डिस्काउंट मिल सकता है। अगर ग्राहक SBI YONO ऐप के जरिए खरीदारी करते हैं, तो Altroz, Harrier और Safari जैसे कुछ मॉडलों पर 3,000 से 5,000 रुपये तक का अतिरिक्त फायदा भी मिल सकता है।

Skoda की SUV और सेडान सस्ती, मार्च में पांच लाख तक की बंपर छूट

नई दिल्ली: Skoda Auto India ने अपने कई लोकप्रिय मॉडलों पर भारी छूट का ऐलान किया है। कंपनी मार्च के महीने में 5 लाख रुपये तक के डिस्काउंट दे रही है। यह ऑफर कंपनी की SUV और सेडान रेंज पर लागू है, जिसमें Skoda Kushaq, Skoda Slavia, Skoda Kylaq और Skoda Kodiaq शामिल हैं। यह फायदे कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट ऑफर और लॉयल्टी बोनस के रूप में दिए जा रहे हैं। पुराने मॉडल ईयर के स्टॉक पर सबसे ज्यादा छूट मिल रही है, क्योंकि डीलर नए वित्तीय वर्ष से पहले पुराना स्टॉक खत्म करना चाहते हैं।

Skoda Kushaq कंपनी की इंडिया में सबसे लोकप्रिय SUV में से एक है। मार्च 2026 में इसके मौजूदा मॉडल पर करीब 1.40 लाख रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। पुराने स्टॉक पर करीब 3 लाख रुपये तक की छूट मिल सकती है। यह ऑफर Monte Carlo, Prestige, Sportline और Signature जैसे वेरिएंट पर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

कंपनी की प्रीमियम सेडान Skoda Slavia भी इस डिस्काउंट कैंपेन का हिस्सा है। इसके नए 2026 मॉडल पर करीब 60 हजार से 65 हजार रुपये तक का फायदा मिल रहा है। पुराने मॉडल ईयर के स्टॉक पर यह छूट करीब 3 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। Skoda की नई सब-4 मीटर SUV Skoda Kylaq पर भी कंपनी ने प्रमोशनल ऑफर शुरू कर दिया है। इसके Signature और Signature+ वेरिएंट पर करीब 75 हजार रुपये तक की बचत की जा सकती है। हालांकि एंट्री लेवल Classic वेरिएंट इस ऑफर में शामिल नहीं है। इस SUV में 1.0-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है।

सबसे बड़ी छूट कंपनी की प्रीमियम तीन-पंक्ति SUV Skoda Kodiaq पर मिल रही है। इसके Sportline वेरिएंट पर पूरे 5 लाख रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। वहीं L&K Selection वेरिएंट पर करीब 2.5 लाख रुपये और Lounge वेरिएंट पर लगभग 1.5 लाख रुपये की छूट मिल रही है। इस SUV में 2.0-लीटर TSI पेट्रोल इंजन, 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। अगर आप Skoda की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो मार्च का महीना आपके लिए बड़ा मौका साबित हो सकता है, क्योंकि इतनी बड़ी छूट आमतौर पर सीमित समय के लिए ही मिलती है।

फरवरी धमाकाः Skoda की कारों पर 5 लाख तक की बंपर छूट

नई दिल्ली: Skoda Auto India अपनी लोकप्रिय कारों पर फरवरी 2026 में जबरदस्त छूट दे रही है। कंपनी की SUV और सेडान रेंज Skoda Kushaq, Skoda Slavia, Skoda Kylaq और फ्लैगशिप SUV Skoda Kodiaq पर कुल मिलाकर 5 लाख रुपये तक का फायदा मिल सकता है। ऑफर में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, लॉयल्टी और कॉरपोरेट बेनिफिट शामिल हैं।

Kushaq के MY26 मॉडल पर करीब 1.20 लाख रुपये तक का कुल फायदा मिल रहा है। MY25 स्टॉक पर ज्यादा छूट दी जा रही है—मैनुअल वेरिएंट पर 2 लाख रुपये तक और ऑटोमैटिक वर्जन पर 1.80 लाख रुपये तक की बचत संभव है। पुराने स्टॉक पर कंपनी ज्यादा आकर्षक ऑफर दे रही है।

Slavia सेडान पर भी मॉडल ईयर के हिसाब से ऑफर बदले हुए हैं। MY25 वेरिएंट पर 1.5 लाख रुपये तक कैश डिस्काउंट, 75 हजार रुपये तक डीलर सपोर्ट, 50 हजार रुपये लॉयल्टी या कॉरपोरेट बेनिफिट और 25 हजार रुपये एक्सचेंज बोनस मिल सकता है। MY26 मॉडल पर कैश डिस्काउंट थोड़ा कम है, लेकिन लॉयल्टी और एक्सचेंज ऑफर जारी हैं। Slavia में 1.0 TSI और 1.5 TSI टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्प मिलते हैं, जिनमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन उपलब्ध हैं।

कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में आने वाली Kylaq पर MY25 स्टॉक के लिए 30,000 से 50,000 रुपये तक कैश सपोर्ट दिया जा रहा है। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये का लॉयल्टी और एक्सचेंज बोनस भी मिल सकता है। MY26 मॉडल पर कैश सपोर्ट कम है, लेकिन अन्य फायदे बरकरार हैं।

प्रीमियम सेगमेंट में Kodiaq पर सबसे बड़ा फायदा मिल रहा है। MY25 स्टॉक पर 3.5 लाख रुपये तक डीलर सपोर्ट, 1 लाख रुपये लॉयल्टी या कॉरपोरेट बेनिफिट और 50 हजार रुपये एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है। यानी कुल लाभ 5 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। Kodiaq में 2.0 लीटर TSI पेट्रोल इंजन, DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है। कुल मिलाकर Skoda Auto India फरवरी में ग्राहकों को लुभाने के लिए मजबूत डिस्काउंट पैकेज लेकर आई है, खासकर MY25 स्टॉक पर ज्यादा बचत का मौका है।

फरवरी में Hyundai कार खरीदने का गोल्डन मौका: 75 हजार रुपये तक बंपर डिस्काउंट

नई दिल्ली: नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए फरवरी सुनहरा मौका बनकर आया है। सेल्स को रफ्तार देने और स्टॉक क्लियर करने के लिए Hyundai Motor India ने अपनी चुनिंदा कारों पर 75,000 रुपये तक की छूट की घोषणा की है। ये ऑफर 28 फरवरी 2026 तक या स्टॉक खत्म होने तक मान्य रहेंगे। कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और अन्य फायदे मिलाकर ग्राहकों को बड़ी राहत मिल सकती है। कई शहरों में आसान फाइनेंस और एक्सटेंडेड सर्विस पैकेज भी ग्राहकों को उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे कुल खर्च पर और बचत हो सकती है।

मिड-साइज सेडान Hyundai Verna पर इस महीने 73,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। Verna का फेसलिफ्ट वर्जन जल्द लॉन्च होने वाला है। उसकी टेस्टिंग की तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में जो ग्राहक मौजूदा मॉडल खरीदना चाहते हैं, उनके लिए यह डिस्काउंट सुनहरा मौका साबित हो सकता है। प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में Hyundai i20 पर 48,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। हाल ही में i20 को अपडेट किया गया है और अब इसमें सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जा रहे हैं। इसकी शुरुआती कीमत भी पहले से ज्यादा किफायती की गई है। बाजार में इसका मुकाबला Tata Altroz, Maruti Suzuki Baleno और Toyota Glanza से है।

एंट्री-लेवल माइक्रो SUV Hyundai Exter पर 33,000 रुपये तक का लाभ मिल रहा है। वहीं बजट हैचबैक सेगमेंट की लोकप्रिय कार Hyundai Grand i10 Nios पर 48,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है, जिससे यह पहली कार खरीदने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बन जाती है।

कंपनी के मुताबिक, कुछ मॉडलों पर GST रिडक्शन समेत कुल लाभ 75,000 रुपये तक हो सकता है। हालांकि यह फायदा मॉडल, वेरिएंट और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। फरवरी में Hyundai की कार खरीदने पर जेब को अच्छी राहत मिल सकती है। अगर आप पहले से प्लान बना रहे थे, तो यह महीना डील फाइनल करने के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

Kawasaki का जनवरी में धमाका ऑफर, Ninja बाइक्स पर 2.50 लाख तक की छूट

नई दिल्ली: स्पोर्ट्स बाइक के शौकीनों के लिए Kawasaki India ने साल की शुरुआत में ही बड़ा धमाका कर दिया है। कंपनी ने अपनी पॉपुलर Ninja और Versys सीरीज़ की चुनिंदा बाइक्स पर ₹2.50 लाख तक की भारी छूट का ऐलान किया है। यह ऑफर 31 जनवरी 2026 तक मान्य है। कुछ मॉडलों पर कीमत में कटौती के साथ-साथ फ्री एक्सेसरीज़ भी दी जा रही हैं। यह उन लोगों के लिए सुनहरा मौका है जो लंबे समय से Kawasaki बाइक खरीदने का सपना देख रहे थे।

Kawasaki की सुपरबाइक Ninja ZX-10R पर पूरे ₹2.50 लाख की छूट दी जा रही है, जिसके बाद इसकी एक्स-शोरूम कीमत घटकर ₹18.29 लाख रह गई है। रेसिंग और परफॉर्मेंस पसंद करने वालों के लिए यह डील किसी तोहफे से कम नहीं है। Ninja 1000SX बाइक की कीमत में ₹1.43 लाख की कटौती की गई है और अब यह ₹12.99 लाख में उपलब्ध है।

वहीं, Ninja ZX-6R को सीधे कैश डिस्काउंट नहीं मिला, लेकिन इसके साथ ₹83,000 कीमत का प्रीमियम Ohlins Steering Damper बिल्कुल फ्री दिया जा रहा है, जो इसकी वैल्यू को काफी बढ़ा देता है। एडवेंचर टूरिंग पसंद करने वालों के लिए MY25 Versys 1000 पर ₹1 लाख की छूट मिल रही है, जिससे इसकी कीमत घटकर ₹12.89 लाख हो गई है। वहीं, Versys-X 300 के साथ ₹46,000 तक की फ्री एक्सेसरीज़ दी जा रही हैं। Kawasaki ने मिड और एंट्री-लेवल बाइक्स को भी नहीं छोड़ा है।

Ninja 650 अब ₹27,000 सस्ती होकर ₹7.64 लाख में मिल रही है। Ninja 500 पर ₹17,000 की छूट, नई कीमत ₹5.49 लाख है। सबसे किफायती Ninja 300 पर ₹28,000 की कटौती, जिसके बाद यह ₹2.89 लाख में मिल रही है। ये सभी ऑफर्स सीमित समय के लिए हैं और स्टॉक पर निर्भर करेंगे। अगर आप स्पोर्ट्स या टूरिंग बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो जनवरी 2026 का यह मौका हाथ से जाने देना समझदारी नहीं होगी। खरीदने से पहले अपने नजदीकी Kawasaki डीलरशिप से उपलब्धता ज़रूर चेक कर लें।

फरवरी 2026 में Tata EV पर डिस्काउंट की बरसात, 3.8 लाख रुपये तक की बंपर छूट

नई दिल्ली: Tata Motors ने अपनी इलेक्ट्रिक कार रेंज पर फरवरी में जबरदस्त डिस्काउंट की घोषणा की है। कंपनी की नई इकाई Tata Passenger Electric Mobility Ltd (TPEML) के तहत Tata की लगभग सभी EVs पर छूट मिल रही है, जिसमें Tiago EV, Punch EV, Nexon EV, Harrier EV और Curvv EV शामिल हैं। इन छूटों का फायदा ₹30,000 से लेकर ₹3.8 लाख तक मिल सकता है, जो मॉडल और मैन्युफैक्चरिंग ईयर पर निर्भर करता है।

Tata Curvv EV पर सबसे ज्यादा डिस्कांउट मिल रहा है। फरवरी 2026 में Curvv EV पर 3.8 लाख रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है। Creative 45 वेरिएंट को MY24 और MY25 मॉडल्स पर 3.3 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जबकि बाकी वेरिएंट्स पर MY24 और MY25 में पूरे 3.8 लाख रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। MY26 Curvv EV पर भी 3.3 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है।

Tata की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार Tiago EV भी अच्छे डिस्काउंट के साथ उपलब्ध है। MY24 और MY25 मॉडल्स पर 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जबकि MY26 मॉडल पर 60,000 रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर लागू है, जिससे शहर में चलाने के लिए Tiago EV और भी किफायती बन गई है।

MY24 और MY25 Punch EV पर 1.6 लाख रुपये तक, जबकि MY26 मॉडल पर 90,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। Punch EV का फेसलिफ्ट 20 फरवरी 2026 को लॉन्च होने वाला है, ऐसे में मौजूदा मॉडल पर भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है।
Nexon EV पर भी आकर्षक ऑफर मौजूद हैं। MY24 और MY25 Nexon EV पर 1.2 लाख रुपये तक, जबकि नए MY26 मॉडल पर सिर्फ 30,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर समान रूप से लागू है।

वहीं, Tata की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV Harrier EV पर भी ₹1.5 लाख तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। Harrier EV ही एकमात्र MY26 मॉडल है, जिस पर लॉयल्टी बोनस भी मिल रहा है। यह छूट सभी वेरिएंट्स पर समान है।

Bajaj Pulsar का सिल्वर जुबली ऑफर, बाइक के 11 मॉडल्स पर 7,000 रुपये तक की बचत

नई दिल्ली: इंडिया की सड़कें 25 सालों से Pulsar की दहाड़ सुन रही हैं, और अब यह आइकॉनिक ब्रांड अपनी सालगिरह को खास बनाने के लिए लिमिटेड-टाइम ऑफर के साथ सामने आया है। Bajaj Auto ने 2 जनवरी 2026 से Pulsar के 11 चुनिंदा मॉडल्स पर ऑफर की घोषणा की है, जिसमें ग्राहकों को 7,000 रुपये तक की बचत, प्रोसेसिंग फीस की छूट और पांच मुफ्त सर्विस जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। ऑफर मॉडल और क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग है। इसे Bajaj Auto के अधिकृत डीलरशिप पर तुरंत लागू किया गया है।

Pulsar मोटरसाइकिल का सफर 25 साल पहले शुरू हुआ था, और तब से यह “परफॉर्मेंस बाइक” का प्रतीक बन गई है। DTS-i तकनीक को Bajaj ने पहली बार Pulsar में लगाया, जिससे इंजन की ताकत और माइलेज दोनों बेहतर हुए। Pulsar ने भारतीय मार्केट में ऐसा मॉडल पेश किया जो स्टाइलिश, तेज और स्पोर्टी था, जिससे युवा राइडर्स को पसंद आया। ब्रैंड ने “Definitely Daring” टैगलाइन से युवाओं के बीच जोश, साहस और अलग अंदाज का संदेश दिया। Pulsar ने भारत में स्पोर्ट्स बाइक का नया ट्रेंड शुरू किया और बाइकिंग की सोच को बदल दिया। 2001 से Bajaj Auto की बाइक लाइनअप का हिस्सा होने के बावजूद, Pulsar आज भी शक्ति, स्टाइल और परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है।

आज Pulsar की रेंज में 11 मॉडल्स उपलब्ध हैं, जिनकी इंजन क्षमता 125cc से लेकर 400cc तक है। शुरुआती मॉडल Pulsar 125 है, इसके बाद N150, Pulsar 150 और N160 हैं। मिड-रेंज में NS160 और NS200 के साथ RS200 भी शामिल है। 250cc सेगमेंट में N250 और F250 हैं, जबकि Pulsar NS400Z अब तक का सबसे पावरफुल मॉडल बनकर उभरा है।
इस ऑफर के साथ Bajaj ने यह साबित कर दिया है कि Pulsar सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि भारतीय सड़क और युवा राइडर्स की पहचान है। चाहे आप नए राइडर हों या पुराने फैन, अब पावर, स्टाइल और सेविंग्स तीनों का आनंद एक साथ लेने का मौका है।

जनवरी से Ather Energy के E-स्कूटर के दाम 3,000 रुपये बढ़ेंगे, अभी खरीदने पर 20,000 रुपये तक की छूट

नई दिल्ली: इंडिया की प्रमुख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ather Energy ने अपने स्कूटरों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है। यह बदलाव 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। अलग-अलग मॉडल्स में कीमतों में ₹3,000 तक की बढ़ोतरी होगी। कंपनी ने 1 जनवरी, 2026 से कीमतों में 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

राहत की बात ये है कि अभी कुछ दिन हैं आपके पास है, जिससे आप कंपनी के शानदार ऑफर का फायदा उठा सकते हैं। फिलहाल आपके पास 20,000 रुपये बचाने का मौका है। कंपनी ने कहा कि वह इस समय अपने ‘इलेक्ट्रिक दिसंबर’ कार्यक्रम के तहत चुनिंदा शहरों में 20,000 रुपये तक के लाभ दे रही है। अगर आप नए साल में स्‍कूटर लेने का मन बना रहे हैं तो आप बुकिंग अभी ही करवा सकते हैं, बाकी डिलीवरी जनवरी में भी करवा सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक स्‍कूटर के दाम ग्लोबल लेवल पर कच्चे माल, विदेशी मुद्रा और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण बढ़ाए जा रहे हैं।

Ather के मौजूदा पोर्टफोलियो में 450 सीरीज के परफॉर्मेंस स्कूटर और परिवार के लिए डिज़ाइन किया गया Rizta शामिल हैं। 450 सीरीज में मल्टी-मोड ट्रैक्शन कंट्रोल, MagicTwist जैसे एडवांस फीचर्स के साथ Google Maps, WhatsApp Dashboard, कॉल और म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर भी हैं। Rizta ने हाल ही में 2 लाख की बिक्री का मील का पत्थर पार किया है। इसमें 56 लीटर स्टोरेज, व्यापक सीट, फ्लोरबोर्ड स्पेस और परिवार के लिए उपयुक्त सुरक्षा फीचर्स जैसे SkidControl, Fall Safe, ESS, और चोरी/टोइंग अलर्ट दिए गए हैं।

इस साल Ather ने Rizta Z के लिए टचस्क्रीन फंक्शनलिटी जैसी बड़ी अपग्रेड की घोषणा भी की है। इसके अलावा, Ather स्कूटर अब देशभर के Experience Centres के साथ-साथ Amazon और Flipkart पर ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं। यदि आप Ather स्कूटर खरीदने का सोच रहे हैं, तो इस महीने खरीदारी करना सबसे फायदेमंद है, क्योंकि जनवरी से कीमतें बढ़ जाएंगी, और Electric December ऑफर के तहत कई एक्स्ट्रा लाभ भी मिल रहे हैं।