10.99 लाख में Maruti e-VITARA लॉन्च, 3.99 रुपये में चलेगी 1 किमी

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक एसयूवी e VITARA लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये रखी गई है, लेकिन यह कीमत एक खास Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल के तहत है। लोगों को बैटरी के लिए अलग से पैसा देना होगा। ग्राहक गाड़ी की कीमत अलग देंगे और बैटरी इस्तेमाल के लिए प्रति किलोमीटर 3.99 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। कंपनी का कहना है कि इससे इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदना आम लोगों के लिए आसान हो जाएगा।

इस नए मॉडल में ग्राहक कार खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत नहीं चुकाएगा। इसकी जगह गाड़ी की बेस कीमत (₹10.99 लाख) और बैटरी यूज फेयर ₹3.99 प्रति किलोमीटर देना होगा। आप जितना चलाएंगे, उतना भुगतान करेंगे। कंपनी का कहना है कि यह तरीका इलेक्ट्रिक गाड़ियों को ज्यादा किफायती और सुलभ बनाने के लिए अपनाया गया है। यह मॉडल खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो पहली बार इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदना चाहते हैं।

कंपनी ने बैटरी रेंटल स्कीम (BaaS) के साथ एंट्री वैरिएंट की कीमत ₹10.99 लाख (एक्स-शोरूम) बताई थी। अब डीलर सूत्रों के अनुसार, बिना BaaS (फुल प्राइस) के साथ ई-विटारा (e Vitara) की कीमत ₹15.99 लाख से ₹20.01 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच रहेगी। इस मॉडल को दिसंबर 2025 में पहली बार पेश किया गया था। बुकिंग जनवरी 2026 से शुरू होने की उम्मीद थी।
मारुति ई-विटारा (e VITARA) तीन वैरिएंट डेल्टा (Delta), जेटा (Zeta), अल्फा (Alpha) में आएगी। इसमें 49 kWh (Delta वैरिएंट) और 61 kWh (Zeta और Alpha वैरिएंट) बैटरी विकल्प मिलेगा। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर अधिकतम 543 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है।

कंपनी ने 1,100 शहरों में 2,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स लगाए हैं। 13 प्रमुख चार्जिंग ऑपरेटरों के साथ साझेदारी की है। लॉन्च के दिन ही 2,000 चार्जर एक्टिव करने की योजना बनाई गई है। लक्ष्य है कि 2030 तक करीब 1 लाख चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं। e VITARA का अगस्त 2025 में उत्पादन शुरू होने के बाद कंपनी साल के अंत तक करीब 13,000 यूनिट्स 28 देशों में निर्यात कर चुकी है। यह मॉडल सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन (Suzuki Motor Corporation) और टोयोटा (Toyota) के ग्लोबल सहयोग के तहत विकसित किया गया है। कंपनी सब्सक्रिप्शन प्लान, अश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम अलग-अलग ओनरशिप मॉडल भी ऑफर कर रही है।

इंडिया की पहली ग्लोबल EV Maruti Suzuki e-Vitara को 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग

नई दिल्ली: Maruti Suzuki India Limited की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक SUV e-VITARA ​​की बिक्री 2026 से शुरू होगी, लेकिन लॉन्च से पहले ही इस कार ने भारत NCAP से 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल कर ली है। इस इलेक्ट्रिक SUV को एडल्ट और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन—दोनों कैटिगरी में Bharat NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। यह उपलब्धि इसे भारत की पहली ऐसी इलेक्ट्रिक SUV बनाती है जिसे 5-स्टार Bharat NCAP रेटिंग मिली हो और जिसमें सभी वेरिएंट में 7 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हों।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari ने Maruti Suzuki को Bharat NCAP सर्टिफिकेट प्रदान किया। ‘मेड-इन-इंडिया, मेड-फॉर-द-वर्ल्ड’ e VITARA, Suzuki के बिल्कुल नए HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर बनी है। e-VITARA की बैटरियां दुनिया भर के ‘सैंड-टू-स्नो’ जैसे बेहद कठिन मौसम में टेस्ट की गई हैं। यह 60°C से लेकर –30°C तक के तापमान में भरोसेमंद परफॉर्मेंस देने के लिए डिजाइन की गई हैं।

e-VITARA खुद खतरे को पहचान कर हादसों को रोकने की कोशिश करती है। Level-2 ADAS टेक्नोलॉजी से कार सामने चल रही गाड़ी से टक्कर के खतरे को पहले ही भांप लेती है। जरूरत पड़ने पर अपने आप ब्रेक लगा देती है। अगर ड्राइवर लेन से बाहर जाने लगे तो सिस्टम कार को सही दिशा में बनाए रखने में मदद करता है। क्रूज़ कंट्रोल ट्रैफिक में खुद स्पीड घटा-बढ़ा सकता है। मोड़ पर गाड़ी की रफ्तार कम कर देता है और अचानक सामने कुछ आ जाए तो पहले चेतावनी देता है। रात में चलाते समय हेडलाइट पीछे से आती गाड़ियों को पहचानकर अलर्ट करती है। दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को बचाने के लिए इसमें 7 एयरबैग दिए गए हैं, जिनमें ड्राइवर का नी-एयरबैग भी शामिल है।

टक्कर होने पर Triggers के साथ मल्टी-कोलिजन ब्रेकिंग दूसरी टक्कर से बचाने में मदद करती है। चारों पहियों में डिस्क ब्रेक लगे हैं, जिससे ब्रेकिंग ज्यादा मजबूत होती है। सुरक्षा और सहूलियत के लिए 360-डिग्री कैमरा, आगे-पीछे पार्किंग सेंसर, बच्चों की सीट सुरक्षित लगाने के लिए ISOFIX सिस्टम, टायर का दबाव बताने वाला सेंसर और सभी यात्रियों के लिए सीट-बेल्ट प्रोटेक्शन दिया गया है। Maruti Suzuki के लिए Bharat NCAP की यह उपलब्धि Maruti Suzuki के लिए लगातार चौथी 5-स्टार रेटिंग है। इससे पहले All-New Dzire, Victoris और Invicto को भी 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है।

Maruti की पहली मेड इन इंडिया Electric SUV e-Vitara की लॉन्चिंग 2 दिसंबर को

नई दिल्ली: Maruti Suzuki ने आखिरकार अपने इलेक्ट्रिक सफर की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Maruti Suzuki e-Vitara को 2 दिसंबर 2025 को भारत में लॉन्च होगी। यह वही SUV है जिसे पहली बार दुनिया के सामने पिछले साल पेश किया गया था। भारत में इसे Bharat Mobility Expo 2025 में दिखाया गया था। e-Vitara का प्रोडक्शन पूरी तरह भारत में हो रहा है। मारुति की गुजरात फैक्ट्री में यह इलेक्ट्रिक SUV अगस्त से ही तैयार की जा रही है।

e-Vitara का लुक सीधे तौर पर मारुति के फ्यूचरिस्टिक EVX कॉन्सेप्ट से लिया गया है। इसका डिजाइन आधुनिक और दमदार है। इसके फ्रंट में शार्प हेडलैंप्स और Y-शेप DRLs मिलते हैं, जबकि बॉडी के चारों ओर दी गई क्लैडिंग इसे एक स्पोर्टी लुक देती है। पीछे की तरफ कनेक्टेड टेललाइट्स दी गई हैं जो इसे और भी प्रीमियम बनाती हैं। e-Vitara का लुक पारंपरिक मारुति डिज़ाइन से कहीं ज्यादा बोल्ड और इंटरनेशनल फील देता है।

e-Vitara का केबिन पूरी तरह नया और टेक्नोलॉजी से भरपूर है। इसमें दो बड़े डिस्प्ले दिए गए हैं — एक 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दूसरा 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन, जो एक ही पैनल में जुड़े हैं। सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड, रोटरी गियर सिलेक्टर और एंबिएंट लाइटिंग के साथ इसका इंटीरियर बेहद प्रीमियम लगता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें मिलते हैं ADAS, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस चार्जिंग, इन्फिनिटी साउंड सिस्टम, और कीलेस एंट्री जैसी हाई-टेक सुविधाएं।

e-Vitara इंडिया में दो बैटरी ऑप्शन के साथ आने की उम्मीद है — 49 kWh और 61 kWh। छोटी बैटरी वर्ज़न में 142 bhp की ताकत होगी जबकि बड़ी बैटरी वर्ज़न 172 bhp तक की पावर दे सकता है। इसका टॉर्क 192.5 Nm तक रहेगा और रेंज की बात करें तो WLTP टेस्ट के मुताबिक यह SUV एक बार चार्ज करने पर करीब 428 किलोमीटर तक चल सकती है। कुल मिलाकर, e-Vitara सिर्फ एक नई कार नहीं बल्कि Maruti Suzuki की इलेक्ट्रिक क्रांति की शुरुआत है। कंपनी अब पारंपरिक पेट्रोल-डीज़ल से आगे बढ़कर एक नए युग में कदम रख रही है — जहां भारतीय सड़कों पर दौड़ती हर e-Vitara यह साबित करेगी कि “इलेक्ट्रिक का भविष्य अब भारतीय है!”

EV में Maruti का मास्टर स्ट्रोक, 03 सितंबर को E-Vitara की होगी ग्रैंड एंट्री

नई दिल्ली: इंडियन इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी पहली ईवी लाने की तैयारी कर रही देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India Limited (MSIL) 03 सितंबर 2025 को E-Vitara लॉन्च कर सकती है। MSIL ने नई SUV से पूरी इलेक्ट्रिक क्रांति की शुरुआत की है। इसमें स्टाइल, परफॉर्मेंस और प्रैक्टिकैलिटी, तीनों का संगम मिलेगा। e-Vitara के पहले वेरिएंट में 49 kWh बैटरी दी गई है। 142 bhp की पावर, 193 Nm के टॉर्क और 344 km की रेंज के साथ e-Vitara का 49 kWh वर्जन ऑफिस जाने, बच्चों को स्कूल छोड़ने, शाम को जिम या मार्केट तक निकलने के लिए एकदम परफेक्ट है।

MSIL की पहली इलेक्ट्रिक SUV e-Vitara के 61 kWh बैटरी वर्जन में 171 bhp और 426 km की लंबी रेंज मिलती है। अगर थोड़ा और थ्रिल चाहिए तो 181 bhp की पावर, 307 Nm का टॉर्क और 395 km की रेंज के साथ AWD वर्जन लीजिए। इसमें पावर के साथ कंट्रोल एडवेंचर का फुल मजा मिलता है। e-Vitara का डिजाइन पहली नज़र में दिल जीत लेता है और केबिन में बैठते ही सुकून का अहसास होता है। हेडलाइट्स में स्टाइलिश LED प्रोजेक्टर,
और Y-शेप में DRLs मिलती है। एसयूवी के पीछे तीन टुकड़ों में LED टेललाइट्स लगी है। इसके बीच में ग्लॉसी ब्लैक स्ट्रिप और स्पोर्टी बंपर है।

केबिन का डोर खोलते ही सबसे पहले 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले आंखों में चमक लाता है। 10.1 इंच के बड़े टचस्क्रीन से म्यूजिक, मैप, फोन सब कुछ बिना वायर के काम करता है। एसयूवी के आगे ऑटो-डिमिंग रियर व्यू मिरर है। अगर पीछे से कोई हाई बीम मार रहा हो, तो वो रोशनी अब आपकी आंखों को परेशान नहीं करेगी। मोबाइल बार-बार चार्जिंग केबल में लगाने का झंझट भी खत्म। वायरलेस चार्जिंग पैड पर बस फोन रखिए। यह खुद ही चार्ज होना शुरू हो जाएगा। ड्राइवर सीट को 10 तरीके से एडजस्ट कर सकते हैं। e-Vitara सिर्फ एक इलेक्ट्रिक SUV नहीं, ये मारुति का वो मास्टरस्ट्रोक है जो EV मार्केट को नए सांचे में ढालेगा।
3 सितंबर को मारुति नया इतिहास लिखने के लिए तैयार है।